
- हिमांतर ब्यूरो, उत्तरकाशी
स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट सेवा, विशिष्ट कार्य एवं सराहनीय योगदान के लिए उत्तरकाशी पुलिस के तीन अधिकारी एवं कर्मियों को “पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क” से सम्मानित किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय को विशिष्ट कार्य के लिए “पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क-गोल्ड” प्रदान किया जाएगा। वहीं मुख्य आरक्षी श्रीमती बीना चौधरी को सेवा के आधार पर तथा आरक्षी श्री लायवर सिंह को विशिष्ट कार्य के लिए “पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क-सिल्वर” से सम्मानित किया जाएगा।

इन सम्मान को उत्तरकाशी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस विभाग के अनुसार यह सम्मान पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के कुशल नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्यशैली तथा सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों की ईमानदारी, दृढ़ निष्ठा और समर्पित सेवा का परिणाम है।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिलने वाला यह सम्मान उत्तरकाशी पुलिस परिवार के लिए गौरव का विषय है। विभाग ने सम्मानित होने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई देते हुए इसे अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी कर्तव्य के प्रति समर्पण और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा बताया।
