
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 61,182 मतदाताओं को नोटिस वितरित,
558 मतदान केंद्रों पर बीएलओ जुटे पुनरीक्षण कार्य में
- हिमांतर ब्यूरो, उत्तरकाशी
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत उत्तरकाशी जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के अंतर्गत मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में अब तक 63,717 नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें से 61,182 नोटिस मतदाताओं को वितरित किए जा चुके हैं। वितरित नोटिसों में से 13,646 मामलों की सुनवाई भी पूरी हो चुकी है।
जिले के कुल 558 मतदान केंद्रों पर बीएलओ और निर्वाचन कार्मिक मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में जुटे हैं। नोटिस प्राप्त मतदाताओं से दावे और आपत्तियां प्राप्त करने के साथ ही निर्धारित प्रक्रिया के तहत मामलों की सुनवाई की जा रही है।

पुरोला में सबसे अधिक मामलों की सुनवाई
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार पुरोला विधानसभा में 22,426 नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें से 20,646 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं और 5,954 मामलों की सुनवाई पूरी हो चुकी है।
यमुनोत्री विधानसभा में 19,641 नोटिस जारी हुए, जिनमें से 19,249 नोटिस वितरित किए गए। यहां अब तक 4,945 मामलों की सुनवाई हो चुकी है।
वहीं गंगोत्री विधानसभा में 21,650 नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें से 21,287 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं और 2,747 मामलों की सुनवाई पूरी हुई है।

तथ्यों के आधार पर होगा प्रत्येक मामले का परीक्षण
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) द्वारा निर्धारित तिथियों पर नोटिसों की सुनवाई की जा रही है। अधिकारियों के स्तर से प्रत्येक प्रकरण का दस्तावेजों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर परीक्षण किया जा रहा है।
प्रशासन का कहना है कि SIR का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, समावेशी और निष्पक्ष बनाना है। प्रक्रिया के तहत पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने तथा अपात्र अथवा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों का नियमानुसार समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

एक नजर में आंकड़े
विधानसभा जारी नोटिस वितरित नोटिस सुनवाई पूरी
पुरोला 22,426 20,646 5,954
यमुनोत्री 19,641 19,249 4,945
गंगोत्री 21,650 21,287 2,747
कुल 63,717 61,182 13,646
निर्वाचन विभाग की इस प्रक्रिया पर अब मतदाताओं की नजर भी बनी हुई है, क्योंकि अंतिम रूप से तैयार होने वाली मतदाता सूची आगामी चुनावों के लिए महत्वपूर्ण आधार होगी।
