
यमकेश्वर (उत्तराखंड)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रैबासी फाउंडेशन ने “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत ग्राम धारकोट में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान गांव के प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा की गईं और उन्हें स्टेशनरी सामग्री व मिठाई वितरित की गई।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ ही राष्ट्रध्वज के सम्मान, देशप्रेम और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। फाउंडेशन के सदस्यों ने बच्चों को “हर घर तिरंगा” अभियान का महत्व बताया और स्वतंत्रता दिवस के संदेश से अवगत कराया। स्टेशनरी और मिठाई मिलने से बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।

रैबासी फाउंडेशन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना तथा शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। फाउंडेशन का मानना है कि समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत नींव बच्चों की शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास से ही रखी जा सकती है।
फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि शिक्षा, बाल कल्याण और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में इस प्रकार के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। विशेष रूप से जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों तक शिक्षा और विकास के अवसर पहुंचाने के लिए संस्था निरंतर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।

ग्राम धारकोट के प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के साथ आयोजित यह स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम उत्साहपूर्ण रहा। बच्चों की मुस्कान और कार्यक्रम में उनकी भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया।
