बर्नीगाड़ को 215 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, महाविद्यालय और मिनी स्टेडियम की घोषणा

CM Dhami and MLA Durgesh lal

 

मुख्यमंत्री धामी ने सेवा सेतु अभियान में किया प्रतिभाग, कहा- योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता

  • नीरज उत्तराखंडी, बर्नीगाड़/उत्तरकाशी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ (कुंवा) में आयोजित सेवा सेतु अभियान के तहत जिलास्तरीय शिविर में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने करीब 215 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का शुभारंभ कर क्षेत्र को उच्च शिक्षा की महत्वपूर्ण सौगात दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना और शासनादेश जारी करना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा सेतु अभियान इसी संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

महाविद्यालय के स्थायी भवन का निर्माण जल्द

मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का उद्घाटन करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूरस्थ स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा। महाविद्यालय के स्थायी भवन और परिसर के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है तथा निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बड़कोट, पुरोला और चिन्यालीसौड़ के उच्चीकरण की भी घोषणा की।

मिनी स्टेडियम और सड़क निर्माण की घोषणा

मुख्यमंत्री ने राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ तक मोटर मार्ग बनाने की भी घोषणा की गई।

उन्होंने डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल एवं सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की बात कही। इन योजनाओं से क्षेत्र में शिक्षा, खेल सुविधाओं और सड़क संपर्क को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

जनता को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सेवा सेतु अभियान के माध्यम से सरकार स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है। इसका उद्देश्य आम नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है।

उन्होंने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा पात्र लाभार्थियों तक उनके लाभ की पहुंच के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और उपकरण भी वितरित किए गए।

महिला सशक्तीकरण और स्वरोजगार पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में गरीबों, किसानों, युवाओं, सैनिकों और मातृशक्ति का सशक्तीकरण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और लखपति दीदी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में 3.10 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं सिलाई-बुनाई, हथकरघा, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं।

मुख्यमंत्री ने महालक्ष्मी योजना, एकल महिला स्वरोजगार योजना और सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी पहलों का भी उल्लेख किया।

 Women Empowerment Uttarakhand

चारधाम यात्रा, कानून व्यवस्था और रोजगार की उपलब्धियां गिनाईं

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। यात्रियों की सुरक्षा और सुगम दर्शन व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है।

राज्य में सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। रोजगार के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को पारदर्शिता और योग्यता के आधार पर सरकारी सेवाओं में अवसर मिले हैं।

विधायक दुर्गेश्वर लाल ने जताया आभार

पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री के बर्नीगाड़ आगमन और विकास योजनाओं की सौगात के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि करीब 215 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास तथा राजकीय महाविद्यालय का शुभारंभ क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगा। विधायक ने कहा कि क्षेत्र की लंबे समय से लंबित आवश्यकताओं को सरकार प्राथमिकता दे रही है। शिक्षा, खेल और सड़क संपर्क से जुड़ी घोषणाएं स्थानीय लोगों, विशेषकर युवाओं के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगी।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री श्याम डोभाल, जगत सिंह चौहान, लक्ष्मण सिंह भंडारी, पूर्व विधायक मालचंद, नारायण सिंह चौहान, नवीन ठाकुर, सत्येंद्र राणा, महावीर नेगी, परशुराम जगूड़ी, किरण रावत, जगमोहन चंद, अनिल चौहान, ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा, ममता पंवार और नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, प्राचार्य पंकज पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

बर्नीगाड़ में मुख्यमंत्री की घोषणाओं का प्रमुख केंद्र उच्च शिक्षा, खेल सुविधाएं और सड़क संपर्क रहा। अब इन योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन क्षेत्रवासियों की सबसे बड़ी अपेक्षा होगी।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *