किसान ऋण मेले से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती: शारदा राणा

farmers loan fair Naugon uttarkashi

 

नौगांव में आयोजित किसान ऋण मेले में 304 लाभार्थियों को ₹2.74 करोड़ से अधिक के ऋण स्वीकृति चेक वितरित

  • हिमांतर संवाददाता | नौगांव, उत्तरकाशी

उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक लिमिटेड एवं सहकारिता विभाग, उत्तरकाशी के संयुक्त तत्वावधान में बैंक की अध्यक्ष श्रीमती शारदा राणा की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकासखंड परिसर, नौगांव में ‘किसान ऋण मेला-2026’ का आयोजन किया गया। मेले के माध्यम से किसानों, काश्तकारों, ग्रामीण उद्यमियों एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों को बैंकिंग सुविधाओं और विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

कार्यक्रम में बैंक द्वारा संचालित विभिन्न ऋण योजनाओं के अंतर्गत कुल 304 किसानों एवं अन्य लाभार्थियों को ₹274.82 लाख (2 करोड़ 74 लाख 82 हजार रुपये) के ऋण स्वीकृति चेक वितरित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष श्री श्याम डोभाल, भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री मनवीर सिंह चौहान, पूर्व विधायक श्री केदार सिंह रावत, पूर्व विधायक श्री मालचंद, भाजपा उत्तरकाशी के पूर्व जिलाध्यक्ष श्री सत्येन्द्र सिंह राणा, बैंक अध्यक्ष श्रीमती शारदा राणा एवं बैंक उपाध्यक्ष श्री हरिमोहन सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष श्रीमती शारदा राणा ने कहा, “सहकारिता केवल बैंकिंग और ऋण वितरण की व्यवस्था नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने, किसानों की आय बढ़ाने और गांवों में आत्मनिर्भरता का आधार तैयार करने का सशक्त माध्यम है। हमारा संकल्प है कि बैंक की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र किसान, युवा, महिला अथवा ग्रामीण उद्यमी वित्तीय सहायता के अभाव में अपने सपनों को पूरा करने से वंचित न रहे।”

farmers loan fair Naugon uttarkashi 2

उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी जैसे पर्वतीय जनपद में सहकारी बैंक की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। यहां की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन एवं स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों पर निर्भर है। ऐसे में किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराना, युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना बैंक की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

श्रीमती राणा ने कहा कि बैंक द्वारा ऋण वितरण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। बैंक का उद्देश्य है कि उसकी योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएं।

उन्होंने किसानों एवं युवाओं से अपील की कि वे बैंक की विभिन्न ऋण एवं स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करें। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से गांवों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मुख्य अतिथि श्री श्याम डोभाल ने जिला सहकारी बैंक की पहल की सराहना करते हुए कहा कि किसान ऋण मेले जैसे आयोजन आमजन को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इस दिशा में बैंक प्रबंधन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी प्रशंसा की।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री मनवीर सिंह चौहान ने सहकारी बैंक की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक किसानों एवं ग्रामीण लाभार्थियों को इनका लाभ दिलाने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में भाजपा के जिला महामंत्री श्री परशुराम जगूड़ी, श्रीमती अमिता परमार, श्री विशालमणि डिमरी, श्रीमती कल्पना डोभाल, श्री जयेंद्र सिंह राणा, श्रीमती वर्षा राणा, बैंक संचालक श्रीमती रमिता राणा, श्री बलवीर सिंह चौहान, श्री जगमोहन रावत, श्री जगमोहन पंवार, मंडल अध्यक्ष श्री प्रवीण अस्वाल सहित विकासखंड नौगांव की विभिन्न सहकारी समितियों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मेले में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसानों, काश्तकारों, जनप्रतिनिधियों तथा बैंक एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के समापन पर बैंक अध्यक्ष श्रीमती शारदा राणा ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, सहकारी समितियों के पदाधिकारियों एवं उपस्थित किसानों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिला सहकारी बैंक भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं ग्रामीण उद्यमियों के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

“सहकारिता से समृद्धि, किसानों की खुशहाली और आत्मनिर्भर गांव – यही हमारा संकल्प है।” 

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *