
प्रोफेसर हरेन्द्र सिंह असवाल की पुस्तकों का लोकार्पण
- हिमांतर ब्यूरो | नई दिल्ली
लेखक एवं साहित्यकार प्रोफेसर हरेन्द्र सिंह असवाल के उपन्यास ‘उखड़े बिखरे लोग’, यात्रा वृत्तांत ‘हिमगिरि से नीलगिरि तक’ तथा डॉ. मुहम्मद मुत्समिर द्वारा किए गए उपन्यास के उर्दू अनुवाद का लोकार्पण 27 नवंबर, 2026 को ज़ाकिर हुसैन दिल्ली कॉलेज के सभागार में प्रोफेसर अनिल राय द्वारा किया गया। इस अवसर पर अनेक साहित्यकारों, शिक्षाविदों, चिंतकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।
प्रोफेसर राय ने उत्तराखंड आंदोलन की पृष्ठभूमि से जन्मे उपन्यास ‘उखड़े बिखरे लोग’ पर टिप्पणी करते हुए कहा कि लेखक हरेन्द्र सिंह असवाल स्वयं इस आंदोलन से एक लेखक के रूप में उभरकर हमारे सामने आते हैं। इसलिए आंदोलन की आंतरिक पृष्ठभूमि पर आधारित यह उपन्यास सहज ढंग से उन समस्याओं को उजागर करता है, जो बाहर से देखने पर दिखाई नहीं देतीं। यह पाठकों को पहाड़ के दुख-दर्द को भीतर से महसूस करने के लिए विवश करता है। उत्तराखंड राज्य के गठन के बाद क्षेत्रीय राजनीति जिस प्रकार पर्यावरण के दोहन में लगी है, उसके भयावह स्वरूप को भी लेखक ने उपन्यास की भूमिका में गहरे दुख और आक्रोश के साथ व्यक्त किया है।
छियालीस वर्षों की मित्रता और संघर्ष के साक्षी
प्रोफेसर राय ने दिल्ली आने के बाद हरेन्द्र सिंह असवाल से अपनी पहली मुलाकात का स्मरण करते हुए कहा कि दोनों की भेंट दरियागंज में रविवार को लगने वाले पुस्तक बाजार में हुई थी, जहां महंगी किताबें भी पांच-सात रुपये में मिल जाती थीं। दोनों एक ही पाठ्यक्रम में अध्ययनरत थे, लेकिन उनके कॉलेज अलग-अलग थे।
उन्होंने कहा, “सन् 1980 से आज तक हम मित्र हैं और आगे भी रहेंगे। हम दोनों का जीवन, परिस्थितियां और संघर्ष लगभग एक जैसे रहे हैं। मुझे थोड़ा पहले नौकरी मिल गई, लेकिन हरेन्द्र का संघर्ष बहुत लंबा रहा। इसके बावजूद हमने हार नहीं मानी। दिल्ली में जो एक बार आता है, वह वापस नहीं जाता। यह भी हकीकत है कि जो यहां आ गया, उसे कुछ न कुछ मिल ही जाता है।”
यात्रा वृत्तांत ‘हिमगिरि से नीलगिरि तक’ पर चर्चा करते हुए प्रोफेसर राय ने कहा कि हरेन्द्र असवाल निरंतर यात्राएं करते रहते हैं और यह पुस्तक उन्हीं यात्राओं का परिणाम है। वे केवल घूमते नहीं हैं, बल्कि जहां भी जाते हैं, वहां की सांस्कृतिक विरासत, लोकजीवन की दिनचर्या और लोकविश्वासों को भी दर्ज करते हैं। इस दृष्टि से यह पुस्तक एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक दस्तावेज है।

उन्होंने कहा कि असवाल के लेखन की सबसे बड़ी विशेषता उनकी भाषा की सहजता है। यह सहजता बड़ी कठिनाई से प्राप्त होती है, क्योंकि सहज होना अपने आप में एक मुश्किल काम है। हरेन्द्र केवल अपने लेखन में ही नहीं, बल्कि व्यक्तिगत जीवन में भी उतने ही सहज हैं। उनके व्यवहार में किसी प्रकार की बनावट नहीं है।
अपनी मित्रता के संस्मरण साझा करते हुए प्रोफेसर राय ने कहा, “पिछले छियालीस वर्षों से हम दोनों एक-दूसरे के संघर्ष के साक्षी हैं। हरेन्द्र मेरे गांव दो बार गए हैं, लेकिन मुझे अपने गांव नहीं ले गए। जब भी फोन करता हूं, पता चलता है कि वे कहीं बाहर हैं। मैं उनसे कहता हूं कि मुझे भी साथ ले चलो, लेकिन उनका जवाब होता है कि तुम तो व्यस्त रहते हो। यह भी हकीकत है कि विश्वविद्यालय के कार्यों में व्यस्त रहने के कारण मैं निकल नहीं पाता।”
प्रोफेसर राय ने यात्राओं और यात्रा वृत्तांतों को मनुष्य के जीवन तथा उसकी संस्कृति के विकास की यात्रा से जोड़कर देखा। उन्होंने प्रोफेसर असवाल के जीवन एवं लेखन की सफलता की कामना करते हुए पुस्तक के प्रकाशक श्री राम गोपाल शर्मा को भी बधाई दी।
उत्तराखंड के लोकजीवन और पलायन की पीड़ा का दस्तावेज
उर्दू के जाने-माने लेखक एवं अनुवादक डॉ. मुहम्मद मुत्समिर ने कहा कि उपन्यास पढ़ने के बाद उन्हें अनुभव हुआ कि यह एक नई भावभूमि का उपन्यास है, जो हिमालयी क्षेत्र के लोकजीवन की समस्याओं को गहराई और सच्चाई के साथ पाठकों के सामने प्रस्तुत करता है।
उन्होंने कहा कि लेखक ने उत्तराखंड के लोकजीवन की समस्याओं और पलायन की पीड़ा को अत्यंत संवेदनशीलता के साथ अभिव्यक्त किया है। उनके अनुसार, उत्तराखंड राज्य आंदोलन पर यह पहला ऐसा उपन्यास है, जो आंदोलन के कारणों की गहराई से पड़ताल करता है। साथ ही, महिलाओं की भागीदारी से आंदोलन को मिली नई ऊर्जा और उसके व्यापक प्रभाव को भी रेखांकित करता है।
इस अवसर पर लेखक प्रोफेसर हरेन्द्र सिंह असवाल ने संक्षेप में अपनी बात रखते हुए कहा कि लेखक अपने समय का लेखा-जोखा समाज के सामने प्रस्तुत करता है। जब कोई रचना समाज को समर्पित हो जाती है, तब वह समाज की धरोहर बन जाती है और लेखक उससे मुक्त हो जाता है।
उन्होंने कहा, “लेखक की पीड़ा प्रसव वेदना की तरह होती है। प्रसव के बाद जिस प्रकार शिशु अलग हो जाता है, उसी प्रकार रचना भी लेखक से अलग हो जाती है। इसके बाद रचना का अपना स्वतंत्र जीवन होता है।”

भारत की सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय संस्कृति का परिचायक
राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के नाट्य निर्देशक डॉ. सुवर्ण रावत ने यात्रा वृत्तांत ‘हिमगिरि से नीलगिरि तक’ की चर्चा करते हुए राहुल सांकृत्यायन और शेखर पाठक को याद किया तथा इस पुस्तक को उसी साहित्यिक परंपरा की एक कड़ी बताया।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा साहित्य में देश के लगभग सभी क्षेत्रों का वृत्तांत मिलता है, जिससे लेखक के विशाल अनुभव-क्षेत्र का परिचय मिलता है। ये यात्राएं एक ओर देश की बहुलतावादी संस्कृति की प्रतीक हैं, तो दूसरी ओर अंततः एक राष्ट्रीय संस्कृति को हमारे सामने प्रस्तुत करती हैं।
डॉ. रावत ने कहा कि प्रोफेसर असवाल केवल लेखक नहीं हैं, बल्कि अपनी भूमि और समाज से गहराई से जुड़े हुए व्यक्ति हैं। उत्तरकाशी जनपद से संघर्ष करते हुए राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय तक पहुंचने की अपनी यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रोफेसर असवाल की पुस्तकों को पढ़कर लगता है कि वे जितना देश को जानते हैं, उससे कहीं अधिक लोक को जानते हैं। उनके अनुभवों की यह विविधता समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि लोकार्पण समारोह में बड़ी संख्या में उपस्थित लेखकों, चिंतकों, विद्वानों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों से ही प्रोफेसर असवाल की लोकप्रियता का अनुमान लगाया जा सकता है।
अपनी जड़ों और समाज से गहरा जुड़ाव
साहित्यकार श्री सुशील बुडाकोटी ने प्रोफेसर असवाल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर संक्षेप में अपने विचार रखे। साथ ही, उन्होंने ‘हजार ग्राम हजार धाम’ के सहचर जगमोरा जी का भी उल्लेख किया।
इसी क्रम में जगमोहन सिंह रावत ‘जगमोरा’ ने गढ़वाली भाषा में अपनी बात रखते हुए लेखक के साथ बिताए छात्र जीवन के संस्मरण साझा किए। उन्होंने कहा, “मैं भारत सरकार की जीएसटी, एक्साइज और कस्टम सेवा से सेवानिवृत्त होकर लेखक बना, जबकि असवाल जी विश्वविद्यालय की सेवा में रहते हुए लेखक बन गए। इस प्रकार हम दोनों फिर एक जगह आकर मिल गए।”
गढ़वाल हितैषिणी सभा के सचिव डॉ. पवन मैठाणी ने प्रोफेसर असवाल के जीवन, दिल्ली विश्वविद्यालय में उनके लंबे शैक्षिक योगदान और गढ़वाल की विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं से उनके जुड़ाव की चर्चा की।
उन्होंने कहा कि प्रोफेसर असवाल प्रतिवर्ष अपने विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मेधावी छात्र सम्मान प्रदान करने जाते हैं। इससे स्पष्ट होता है कि वे अपनी जड़ों को नहीं भूले हैं। अपनी जड़ों को जानना, उनके दुख-दर्द को पहचानना और उन्हें दूर करने का अथक प्रयास ही उन्हें लेखक बनाता है। उनकी संवेदनशीलता उन्हें निरंतर समाज के दुख-दर्द से जोड़े रखती है।
पर्यावरणीय चिंताओं और लोक संस्कृति का संवेदनशील चित्रण
लेखक एवं कवि श्री रणविजय राव ने प्रोफेसर असवाल के व्यक्तित्व की चर्चा करते हुए उनके बड़े भाई श्री देवेन्द्र सिंह असवाल का उल्लेख किया, जो लोकसभा सचिवालय से अपर सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि देवेन्द्र सिंह असवाल एक कुशल प्रशासक होने के साथ-साथ अच्छे लेखक भी हैं और उनके वरिष्ठ रहे हैं। प्रोफेसर हरेन्द्र सिंह असवाल से उनका प्रारंभिक परिचय इन्हीं संस्मरणों के माध्यम से हुआ।
रणविजय राव ने कहा कि जब प्रोफेसर असवाल के लेख ‘आलोकपर्व’ पत्रिका में प्रकाशित होने लगे, तभी से वे उनके लेखन से प्रभावित रहे हैं। कठिन परिस्थितियों को सहजता से अभिव्यक्त करना उनके लेखन की विशिष्ट पहचान है। उन्होंने कहा कि असवाल जिस गहनता से लोकजीवन के रीति-रिवाजों का विवेचन करते हैं, उससे उनकी लोक संस्कृति के प्रति गहरी समझ का परिचय मिलता है। वे पाठकों को यह समझाने में सफल होते हैं कि हमारी लोक संस्कृति की परंपराएं अपने देश-काल से जुड़ी होने के साथ-साथ प्रकृति और पर्यावरण की भी देन हैं।
पर्यावरण के प्रति प्रोफेसर असवाल की चिंताओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हिमालय और गंगा पर लिखे उनके लेखों एवं कविताओं से उनकी गहन पर्यावरणीय दृष्टि का पता चलता है। महानगरीय जीवन में भी अपनी पहचान और सहजता बनाए रखना कठिन कार्य है। प्रोफेसर असवाल समाज के प्रति समर्पित, सहज भाषा और सहज व्यक्तित्व के धनी लेखक हैं। उन्होंने उनके दीर्घ एवं सफल लेखकीय जीवन की कामना की।
सामाजिक सरोकारों से जुड़ा बहुआयामी व्यक्तित्व
मीना कंडवाल ने कहा कि वे असवाल जी को अपने बचपन से जानती हैं। समारोह में महिला वक्ताओं की कमी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि असवाल जी उनके भाई समान हैं और समाज के प्रत्येक वर्ग तथा क्षेत्र के लोगों के साथ निरंतर संपर्क में रहते हैं। घूमना, लिखना, पढ़ना, लोगों से मिलना और उनके दुख-दर्द में सहभागी होना उनके व्यक्तित्व की प्रमुख विशेषताएं हैं।
प्रोफेसर सूर्य प्रकाश सेमवाल ने अपने वक्तव्य में प्रोफेसर राय की पुस्तक के लोकार्पण का उल्लेख करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर को याद किया। साथ ही, उन्होंने प्रोफेसर राय और प्रोफेसर असवाल की दीर्घकालीन मित्रता तथा उनके सहज एवं सक्रिय जीवन की चर्चा की।
प्रोफेसर सेमवाल ने कहा कि असवाल अपनी व्यवहार-कुशलता और सहजता के लिए जाने जाते हैं। समाज को जब भी उनकी आवश्यकता होती है, वे बिना किसी भेदभाव के उपलब्ध रहते हैं। दिल्ली में पहाड़ से जुड़ी लगभग सभी सांस्कृतिक संस्थाओं के साथ वे सक्रिय रूप से खड़े दिखाई देते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रोफेसर असवाल का अपना जीवन कितना संघर्षपूर्ण रहा है, यह वे स्वयं ही जानते हैं, लेकिन दूसरों के संघर्ष में सहयोग देने के लिए वे सदैव तत्पर रहते हैं। हिमालय, गंगा और पर्यावरण के प्रति उनकी समझ उनके लेखों एवं शोधपत्रों में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। कवि, यात्री और उपन्यासकार के रूप में उनका लेखन बहुआयामी है तथा सामाजिक सरोकारों से गहराई से जुड़ा हुआ है।
प्रोफेसर अंजन कुमार ने कहा कि प्रोफेसर असवाल उनके सहकर्मी होने के साथ-साथ उनके पीएचडी शोध-निर्देशक भी रहे हैं। इसलिए उन्हें असवाल के व्यक्तित्व के विभिन्न पक्षों को जानने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि प्रोफेसर असवाल की सहजता उनके लंबे संघर्ष से उत्पन्न हुई है। उनका खुशमिजाज स्वभाव, सुरुचिपूर्ण वेशभूषा और कक्षाओं में पूरी तैयारी के साथ जाना सभी को नई ऊर्जा प्रदान करता है। वे किसी भी तनावपूर्ण वातावरण को सरस और सहज बना देने की क्षमता रखते हैं तथा कॉलेज के कार्यों के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं।
प्रोफेसर अंजन कुमार ने कहा कि असवाल का लेखन अपने लोगों और प्रकृति के प्रति उनकी चिंताओं को अभिव्यक्त करता है। उनके साहित्य के केंद्र में समाज के हाशिए पर खड़े वे लोग हैं, जिन्हें प्रायः उपेक्षा और घृणा की दृष्टि से देखा जाता है। यही उनके लेखकीय एवं सामाजिक दायित्वबोध का परिचायक है।
गहन अध्ययन और ज्ञान के धनी हैं प्रोफेसर असवाल
कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर नरेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रोफेसर हरेन्द्र सिंह असवाल अपने क्षेत्र के विद्यार्थियों के प्रति सदैव चिंतित रहते हैं। वे पहाड़ की पीड़ा, वहां के लोगों के कष्ट और दुख-दर्द को इस प्रकार अभिव्यक्त करते हैं कि सुनने वाला उनसे प्रभावित हुए बिना नहीं रह सकता।
उन्होंने कहा कि प्रोफेसर असवाल लोगों की सहायता के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। कॉलेज में जब भी किसी कार्यक्रम के लिए वक्ता की आवश्यकता होती है, प्रोफेसर असवाल अपने व्यापक ज्ञान और अनुभव के साथ इस दायित्व का निर्वहन करने में सक्षम होते हैं। उनका गहन अध्ययन, विभिन्न विषयों का ज्ञान, विषय की बारीकियों को समझने की क्षमता और प्रभावशाली अभिव्यक्ति कॉलेज के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।
समारोह के अंत में प्रोफेसर प्रेम कुमार शिशोदिया ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और श्रोताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समारोह में वक्ताओं और श्रोताओं की व्यापक उपस्थिति प्रोफेसर हरेन्द्र सिंह असवाल की सामाजिक प्रतिबद्धता, जागरूकता और साहित्यिक पहचान का प्रमाण है। उन्होंने कॉलेज की ओर से सभी का धन्यवाद करते हुए लेखक की सफलता की कामना की।
बड़ी संख्या में साहित्यकारों, शिक्षाविदों और शोधार्थियों की सहभागिता
लोकार्पण समारोह में साहित्यकार रणविजय राव, प्राचार्य प्रोफेसर नरेन्द्र सिंह, प्रोफेसर प्रेम कुमार शिशोदिया, प्रोफेसर मुकेश जैन, प्रोफेसर अंजन कुमार, मीना कंडवाल, डॉ. पवन मैठाणी, गढ़वाली पज़ल सम्राट जगमोहन सिंह रावत ‘जगमोरा’, वरिष्ठ पत्रकार वेद प्रकाश वेदव्यास, साहित्यकार सुशील बुडाकोटी, उत्तरायणी द्वारका परिवार से जगदीश नेगी, प्रोफेसर अश्वनी पंडित, प्रोफेसर संजय मेहरा, प्रोफेसर दिव्या, प्रोफेसर नवीन जैन, प्रोफेसर अंशु रस्तोगी, प्रोफेसर अनुराग मिश्र, प्रोफेसर रिजवान अहमद, डॉ. मनोरमा, कवि पृथ्वी सिंह केदारखंडी, साहित्यकार दिनेश ध्यानी, डॉ. पन्त, कवि गजपाल सिंह गुसाईं ‘छिपडुदा’, डॉ. आशीष त्रिपाठी, डॉ. वेणु गोपाल, श्री भीम सिंह, डॉ. बैरवा तथा प्रकाशक, साहित्यप्रेमी एवं समाजसेवी श्री राम गोपाल शर्मा सहित अनेक प्रबुद्ध व्यक्तियों ने सहभागिता की।
इसके अतिरिक्त डॉ. मुहम्मद साबिर, डॉ. सज्जन कुमार, डॉ. गौरव वर्मा, डॉ. नीरज शर्मा, कोमल तरियाल तथा अनेक साहित्यप्रेमी एवं विद्वान भी समारोह में उपस्थित रहे। दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों के प्राध्यापकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह में श्रोताओं की इतनी बड़ी संख्या रही कि सभागार में स्थान की कमी के कारण अनेक लोगों को लौटना पड़ा। किसी पुस्तक लोकार्पण समारोह में साहित्यकारों, शिक्षाविदों, वक्ताओं और श्रोताओं की इतनी व्यापक उपस्थिति कम ही देखने को मिलती है। यह उपस्थिति प्रोफेसर हरेन्द्र सिंह असवाल की साहित्यिक प्रतिष्ठा, सामाजिक सक्रियता और जनसरोकारों से उनके गहरे जुड़ाव को रेखांकित करती है।
