पृथक रवांई जनपद की मांग को लेकर पुरोला में विशाल प्रदर्शन, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

 

  • नीरज उत्तराखंडी

रवांई क्षेत्र को पृथक जनपद का दर्जा देने की मांग को लेकर संघर्ष समिति ने सोमवार को पुरोला नगर में विशाल रैली निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य बाजार से होते हुए तहसील परिसर पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम तहसीलदार कमल सिंह राठौर के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र पृथक रवांई जनपद के गठन की घोषणा नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

खेल मैदान से शुरू हुई जनआक्रोश रैली

संघर्ष समिति के संयोजक प्रकाश कुमार और अध्यक्ष बलदेव असवाल के नेतृत्व में रैली खेल मैदान से शुरू हुई। रैली कुमोला रोड, मोरी रोड, नगर क्षेत्र और मुख्य बाजार से गुजरते हुए तहसील परिसर पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने “पृथक रवांई जनपद बनाओ” और “रवांई की उपेक्षा बंद करो” जैसे नारों के साथ सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।

भौगोलिक और प्रशासनिक उपेक्षा का मुद्दा उठाया गया

मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में कहा गया कि रवांई क्षेत्र लंबे समय से भौगोलिक, प्रशासनिक और विकासात्मक उपेक्षा का सामना कर रहा है। वर्तमान में प्रशासनिक कार्यों के लिए जिला मुख्यालय उत्तरकाशी तक पहुंचना आम लोगों के लिए कठिन और समयसाध्य है, जिससे जनता को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

मोरी, पुरोला और नौगांव को मिलाकर नया जिला बनाने की मांग

संघर्ष समिति ने ज्ञापन में मोरी, पुरोला और नौगांव विकासखंडों को मिलाकर पृथक रवांई जनपद के गठन की मांग की। समिति का कहना है कि नया जिला बनने से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास पर अधिक प्रभावी निगरानी संभव हो सकेगी।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने उनकी मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। समिति के अनुसार यह मांग क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही आकांक्षाओं से जुड़ी है।

प्रमुख लोग रहे उपस्थित

प्रदर्शन में संघर्ष समिति के संयोजक प्रकाश कुमार, अध्यक्ष बलदेव असवाल, जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह चौहान, पूर्व विधायक मालचंद, नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह, श्वेता राजकुमार, गोपाल चौहान, अंकित पंवार, सुरेंद्र देवजानी और जगमोहन नौडियाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *