पुरोला में किसान ऋण मेला: 91 लाभार्थियों को ₹1.14 करोड़ से अधिक के ऋण स्वीकृति चेक वितरित

 

जिला सहकारी बैंक की पहल से किसानों, युवाओं एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों को मिला आर्थिक संबल

  • हिमांतर | उत्तरकाशी

उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक लिमिटेड एवं सहकारिता विभाग, उत्तरकाशी के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को विकासखंड परिसर, पुरोला में किसान ऋण मेला-2026 का आयोजन किया गया। मेले में बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं के अंतर्गत 91 लाभार्थियों को ₹114.18 लाख के ऋण स्वीकृति चेक वितरित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं पुरोला विकासखंड प्रमुख श्रीमती निशिता शाह, नगर पालिका अध्यक्ष पुरोला श्री बिहारी लाल शाह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्री सत्येन्द्र राणा एवं जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष श्रीमती शारदा राणा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

Farmers Loan Fair in Purola 4

इस अवसर पर पुरोला के पूर्व प्रमुख श्री प्यारे लाल हिमानी, खंड विकास अधिकारी श्री सुरेश चौहान, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री बलदेव असवाल, वरिष्ठ नेता श्री बलदेव रावत, रामासिराई की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता देवी, देवडुंगा सहकारी समिति के अध्यक्ष श्री अमीन सिंह नेगी सहित विकासखंड की विभिन्न सहकारी समितियों के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ऋण मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों, व्यापारियों, लघु उद्यमियों एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों को बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ सरल एवं सुलभ बैंकिंग सुविधाओं से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना रहा। इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी भी आमजन को दी गई।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं सहकारी बैंक : शारदा राणा

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष श्रीमती शारदा राणा ने कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि किसानों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना भी है। बैंक ऐसी योजनाओं को प्राथमिकता दे रहा है, जिनसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हों।

उन्होंने कहा कि सहकारी बैंक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और आमजन के आर्थिक सशक्तीकरण में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। ग्राहकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बैंक ऋण वितरण प्रणाली को अधिक सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

बैंक अध्यक्ष ने बताया कि किसान ऋण मेले में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कुल 91 लाभार्थियों को ₹114.18 लाख (एक करोड़ चौदह लाख अठारह हजार रुपये) के ऋण स्वीकृति चेक वितरित किए गए। यह पहल क्षेत्र में कृषि, व्यवसाय एवं स्वरोजगार गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्य अतिथि ने की बैंक की पहल की सराहना

मुख्य अतिथि एवं पुरोला विकासखंड प्रमुख श्रीमती निशिता शाह ने जिला सहकारी बैंक की पहल की सराहना करते हुए कहा कि किसान ऋण मेले जैसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने तथा आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने किसानों एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों से बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बैंक के सचिव/महाप्रबंधक, बैंक एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर बैंक अध्यक्ष श्रीमती शारदा राणा ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, किसानों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आमजन से बैंक की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं ऋण योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने की अपील की।

‘सहकारिता से समृद्धि, आत्मनिर्भर किसान और सशक्त ग्रामीण अर्थव्यवस्था’ के संकल्प के साथ उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक जनसेवा एवं ग्रामीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का निरंतर निर्वहन कर रहा है।

 

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *