पवाणी अग्निकांड : 39 प्रभावित परिवारों के लिए राहत अभियान तेज

Prashant Arya DM Uttarshashi

प्रशासन ने गांव में की सामुदायिक रसोई और अस्थायी आश्रय की व्यवस्था, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मौके पर संभाली राहत अभियान की कमान

  • नीरज उत्तराखंडी | हिमांतर | उत्तरकाशी

मोरी तहसील के ग्राम पवाणी में 24 नवंबर की शाम हुए भीषण अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया है। अग्निकांड में 39 आवासीय भवन क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिससे 39 परिवार प्रभावित हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुरोला के उपजिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को भोजन, सुरक्षित आश्रय और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।

गांव में सामुदायिक रसोई, विद्यालय में अस्थायी आश्रय की तैयारी

प्रशासन ने प्रभावित ग्रामीणों के लिए गांव में सामुदायिक रसोई स्थापित की है, जहां भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। प्राथमिक विद्यालय के स्टोर रूम को अस्थायी आश्रय स्थल के रूप में तैयार किया जा रहा है। वहीं, लोक निर्माण विभाग ने राहत कार्यों को सुगम बनाने के लिए अस्थायी हेलीपैड भी तैयार किया है।

राहत अभियान में पुलिस, राजस्व, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन, पेयजल, विद्युत, पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात की गई हैं।

Pavani Village Fire

कंबल से लेकर राशन तक पहुंचाई गई राहत सामग्री

आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से प्रभावित परिवारों के लिए 123 कंबल, 100 जैकेट, 45 गमबूट, 24 टेंट, चार बड़े रेडक्रॉस टेंट, 12 बर्तन सेट, पतीला, कढ़ाई, स्टील के लोटे और टिफिन के 45 सेट, 45 गैस चूल्हे, 45 बाल्टियां, 45 स्वच्छता किट, 50 गद्दे, बेडशीट, तकिये और कवर के 50 सेट, 15 सोलर स्ट्रीट लाइट, 100 गिलास, 100 थालियां और 50 टॉर्च सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई है।

इसके अतिरिक्त प्रभावित परिवारों के लिए 45 राशन किट भेजी गई हैं। प्रत्येक किट में 20 किलोग्राम चावल के साथ आटा, तेल, नमक, चीनी और चाय सहित आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल है।

मोरी तहसील प्रशासन की ओर से भी चावल, आटा, दाल, तेल, चीनी, चायपत्ती, साबुन, मसाले, नमक, आलू, सोयाबड़ी और 15 तिरपाल सहित अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई है।

हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण

आपदा प्रबंधन मंत्री, राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष तथा आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव ने हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया और राहत कार्यों का जायजा लिया।

जिला प्रशासन के अनुसार, प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित आश्रय, भोजन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। राहत एवं पुनर्वास कार्यों की निरंतर निगरानी की जा रही है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *