उत्तरकाशी अग्निकांड: पवाणी गांव पहुंचे CM धामी, प्रभावित प्रत्येक परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा

CM Pushkar Singh Dhami In Mori

 

प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, सुरक्षित आवास, छह माह के राशन और बच्चों की शिक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

  • हिमांतर | उत्तकाशी

उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद उत्तरकाशी की मोरी तहसील के अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अग्निकांड से हुई क्षति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के बीच बैठकर उनकी पीड़ा सुनी तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को नुकसान का विस्तृत एवं वास्तविक आकलन करने तथा प्रभावित परिवारों को सभी आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

CM Pushkar Singh Dhami In Mori - 2

प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित आवास की व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना और उनका पुनर्वास सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सर्दी और संभावित बर्फबारी को देखते हुए उन्होंने प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित एवं समुचित आवास की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि प्रतिकूल मौसम में उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

छह माह के राशन की होगी व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निकांड में ग्रामीणों के घरों के साथ छह माह के लिए भंडारित राशन भी नष्ट हो गया है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के लिए आगामी छह माह के राशन की व्यवस्था करने के साथ ही उनकी दैनिक आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

बच्चों की शिक्षा नहीं होगी बाधित

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आपदा के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आवश्यकतानुसार विद्यालय की व्यवस्था करने तथा बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निकांड में अपना आशियाना और जीवनभर की जमा पूंजी गंवाने वाले परिवारों की पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। राज्य सरकार का प्रत्येक अधिकारी और पूरा प्रशासनिक तंत्र प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों को फिर से अपने पैरों पर खड़ा करना और उनका भविष्य सुरक्षित बनाना भी है।

जलाशय और हेलीपैड सहित विकास कार्यों पर भी होगा काम

मुख्यमंत्री ने कहा कि पवाणी गांव की दीर्घकालिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जलाशय, हेलीपैड सहित अन्य जरूरी विकास कार्य भी किए जाएंगे। हालांकि, वर्तमान में प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना और उनके जीवन को सामान्य बनाना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह लगातार जिलाधिकारी और क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल के संपर्क में थे। उन्होंने राहत एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को लगातार दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर विधायक दुर्गेश्वर लाल और ग्रामीणों ने घटना का तत्काल संज्ञान लेने, प्रभावित परिवारों तक राहत एवं सहायता पहुंचाने तथा स्वयं गांव पहुंचकर पीड़ितों की समस्याएं सुनने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने पुनः आश्वस्त किया कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, उनकी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति और गांव को फिर से व्यवस्थित करने के लिए निरंतर कार्य करेगी।

इस अवसर पर विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिलाधिकारी, जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *