
- नीरज उत्तराखंडी, बड़कोट
बड़कोट क्षेत्र में एक बार फिर गुलदार की दस्तक से लोगों में भय और दहशत का माहौल बन गया है. अपर यमुना वन प्रभाग अंतर्गत बीते गुरुवार शाम दो अलग-अलग स्थानों पर गुलदार दिखाई देने की घटनाओं ने स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ा दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम कृष्णा गांव के निकट एक गुलदार देखा गया. वहीं दूसरी घटना शाम करीब साढ़े सात बजे बड़कोट नगर के वार्ड सात स्थित रतन पैलेस क्षेत्र में सामने आई, जहां गुलदार आबादी के बीच घूमता नजर आया. दोनों स्थानों पर गुलदार के दिखने से लोगों में दहशत फैल गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही गुलदार दिखाई दिया, आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद वह जंगल की ओर भाग गया. हालांकि, लगातार दो स्थानों पर उसकी मौजूदगी से क्षेत्र में उसकी सक्रियता बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं.
गौरतलब है कि यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी कुछ माह पूर्व बड़कोट की पुरानी तहसील के पास एक गुलदार मेडिकल स्टोर में घुस गया था. उस समय स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दुकान का शटर बंद कर उसे भीतर ही रोक लिया था. बाद में वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षित तरीके से गुलदार को बाहर निकाला था.
लगातार बढ़ती इन घटनाओं के चलते स्थानीय लोगों में भय व्याप्त है. ग्रामीणों और नगरवासियों ने वन विभाग से मांग की है कि गुलदार को आबादी से दूर रखने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके.
इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी शेखर राणा ने बताया कि कृष्णा गांव और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से गुलदार की गतिविधियां देखी जा रही हैं. विभाग की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे विशेषकर शाम के समय अकेले बाहर न निकलें, बच्चों को भी अकेले न भेजें और सतर्कता बरतें. साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को देने की सलाह दी गई है.
वन विभाग द्वारा निगरानी बढ़ाए जाने के बावजूद क्षेत्र में फैले भय को देखते हुए लोग अब ठोस कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं, जिससे वे खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें.
