भीमताल में उप-तहसील सहित कई बड़ी घोषणाएं, CM पुष्कर सिंह धामी ने ‘स्पेक्ट्रम 2026’ का किया शुभारंभ

 

  • हिमांतर ब्यूरो, भीमताल/नैनीताल

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नैनीताल जनपद के भीमताल स्थित बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंसेज में तीन दिवसीय तकनीकी एवं सांस्कृतिक वार्षिकोत्सव स्पेक्ट्रम 2026’ का भव्य शुभारंभ किया. इस अवसर पर उन्होंने कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन भी किया.

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं—

  • भीमताल में उपतहसील बनाए जाने की घोषणा
  • ओखलकाण्डा के भीड़ापानी में आयुर्वेदिक चिकित्सालय की स्थापना
  • विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में एक्सरे एवं अल्ट्रासाउंड मशीनें स्थापित की जाएंगी
  • रामगढ़, धारी और ओखलकाण्डा में किसानों के लिए मंडी निर्माण
  • लेटीबुंगा और सतबुंगा में कोल्ड स्टोरेज बनाए जाएंगे
  • ककोड़ और दाड़िम में मिनी स्टेडियम निर्माण
  • बिड़ला संस्थान में ड्रोन लैब, कंप्यूटर विभाग उन्नयन और ऑडिटोरियम फर्नीचर हेतु 50-50 लाख रुपये की घोषणा

युवाओं को दिए प्रेरणादायक संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन और नए शैक्षणिक ढांचे से विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के बेहतर अवसर मिलेंगे. उन्होंने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि भारत प्रतिभाओं से भरा देश है, आवश्यकता केवल उन्हें सही दिशा देने की है. उन्होंने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को याद करते हुए कहा कि युवाओं की क्षमता को पहचानना और उसे निखारना अत्यंत आवश्यक है.

संस्थान की भूमिका की सराहना

मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्थान की स्थापना के समय नारायण दत्त तिवारी द्वारा रखी गई अपेक्षाओं के अनुरूप यह संस्थान दूरस्थ क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है. उन्होंने छात्रों द्वारा बनाए गए मॉडलों का अवलोकन कर उनकी नवाचार क्षमता की सराहना की और कहा कि यह संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान कर रहा है.

Birla Institute

युवाओं के लिए सरकार की पहल

मुख्यमंत्री ने बताया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, मुद्रा योजना, अटल इनोवेशन मिशन और पीएम युवा योजना जैसी योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बना रही हैं.

उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे आधुनिक विषयों को शामिल किया गया है. साथ ही—

  • 20 मॉडल कॉलेजों की स्थापना
  • महिला छात्रावासों का निर्माण
  • आधुनिक आईटी लैब और परीक्षा भवनों का विकास

रोजगार और पारदर्शिता पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है और पिछले चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है.

कार्यक्रम में रहे मौजूद

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *