
- नीरज उत्तराखंडी, नौगांव
बिल्ला–जरड़ा मोटर मार्ग पर संचालित हॉट मिक्स प्लांट से निकल रहे कथित जहरीले धुएं ने जरड़ा गांव के ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट नियमों के विपरीत संचालित हो रहा है, जिससे न केवल पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी बड़कोट को ज्ञापन सौंपकर प्लांट की जांच कर उसे आबादी से दूर स्थानांतरित करने की मांग की है। उनका कहना है कि प्लांट से उठने वाला धुआं आसपास की फसलों और चारा पत्ती को नुकसान पहुंचा रहा है, जिससे उनकी आजीविका पर संकट मंडराने लगा है।
कास्तकार रणजोर सिंह, प्रताप सिंह, दिवान सिंह, सोमेन्द्र सिंह, अकबर सिंह, राजवीर सिंह, अब्बल सिंह और संदीप सिंह सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि प्लांट के बेहद करीब उनकी कृषि भूमि स्थित है। गांव और प्लांट के बीच हवाई दूरी मात्र कुछ मीटर होने के कारण धुएं का सीधा असर गांव तक पहुंच रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, धुएं के कारण आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं सामने आने लगी हैं। साथ ही पशुधन के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बिल्ला के पास यमुनोत्री हाईवे पर सांकेतिक जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
वहीं, उपजिलाधिकारी बड़कोट बृजेश तिवारी का कहना है कि उन्हें अभी तक ग्रामीणों की ओर से कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार जांच और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
