
पंतनगर में फरवरी 2027 में जुटेंगे अग्नाशय रोगों के देश-विदेश के विशेषज्ञ
आयुर्वेद, आधुनिक चिकित्सा, पोषण, अनुसंधान और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के समन्वय पर होगा मंथनहिमांतर ब्यूरो, देहरादून/पंतनगर अग्नाशय संबंधी रोगों के उपचार, अनुसंधान और दीर्घकालीन देखभाल को नई दिशा देने के उद्देश्य से ‘इंटरनेशनल पैनक्रियाटाइटिस कॉन्क्लेव इंडिया–2027’ (IPCI 2027) का आयोजन 12 से 14 फरवरी 2027 तक उत्तराखंड के पंतनगर में किया जाएगा। तीन दिवसीय यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के गांधी सभागार में आयोजित होगा।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य आधुनिक चिकित्सा, आयुर्वेद, पोषण, सार्वजनिक स्वास्थ्य, चिकित्सा अनुसंधान और स्वास्थ्य तकनीक से जुड़े विशेषज्ञों को एक साझा मंच पर लाना है। आयोजन की थीम “प्राचीन आयुर्वेदिक ज्ञान को आधुनिक विज्ञान और तकनीक से जोड़ना” रखी गई है। सम्मेलन में देश-विदेश के चिकित्सक, वैज्ञानिक, शोधकर्ता और स्वास्थ्य क्षेत...
