
ऑपरेशन सिंदूर में ब्रहमोस मिसाइल के योगदान से प्रेरित होकर आम का नाम रखा गया ‘ब्रह्मोस’
असल संसारा और जीबीआर मेमोरियल फाउंडेशन ऑफ इंडिया ने दिल्ली के आकाश एयर फोर्स ऑफिसर्स मेस में आम महोत्सव का किया आयोजन
- हिमांतर ब्यूरो, नई दिल्ली
दिल्ली के आकाश एयर फोर्स ऑफिसर्स मेस में असल संसारा और जीबीआर मेमोरियल फाउंडेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आम महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व सीडीएस जनरल अनिल चौहान, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह, वाइस चीफ ऑफ एयर स्टाफ एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित, पूर्व एयर चीफ मार्शल आर.के.एस. भदौरिया तथा डॉ. जैतीर्थ आर. जोशी, सीईओ, ब्रह्मोस एयरोस्पेस मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभिन्न किस्मों के आमों का स्वाद लेने के साथ-साथ देश के समसामायिक विषयों पर विचार-विमर्श भी किया।

प्रदर्शनी में सजी आमों की अनूठी किस्में
आम महोत्सव में आयोजित प्रदर्शनी में उद्यमी और आम उत्पादक असद खान का विशेष सहयोग रहा। इस प्रदर्शिनी में असद खान, टीसी उप्रेती और राहुलजीत सिंह ने गणमान्य लोगों को आमों के बारे में बताया। इस प्रदर्शनी में देशभर की कई दुर्लभ और लोकप्रिय किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए, जिनकी मिठास और मनमोहक खुशबू ने सभी अतिथियों का दिल जीत लिया। इनमें दशहरी, लंगड़ा, चौसा, आम्रपाली, मल्लिका, रतौल, राम केला, जाफरानी, लव-ए-माशूक, डिंगा देसी, गुलाब खास, कलमी, जालिम अंडा, गुलाब जामुन, हसन आरा और सूखा मटियार सहित कुल 16 किस्मों के आम शामिल थे।

अतिथियों ने आमों के बारे में विस्तार से जाना
पूर्व सीडीएस जनरल अनिल चौहान और उनकी पत्नी अनुपमा चौहान ने प्रदर्शनी में रखे विभिन्न प्रकार के आमों की विशेषताओं की जानकारी ली और उनका स्वाद चखा। वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह और उनकी पत्नी सरिता सिंह ने भी अलग-अलग किस्मों के आमों के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा प्रदर्शनी की सराहना की।
उद्यमी असद खान ने अतिथियों को सभी किस्मों के आमों की विशेषताओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में कुल 16 प्रकार के आम प्रदर्शित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जीबीआर मेमोरियल फाउंडेशन ऑफ इंडिया समय-समय पर ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाने का कार्य करता रहता है।

प्रदर्शनी की सभी अतिथियों ने की सराहना
असद खान ने बताया कि आपरेशन सिंदूर में ब्रहमोस मिसाइल के योगदान को देखते हुए उन्होंने एक आम का नाम ब्रहमोस रखा है। उन्हें खुशी है कि डॉ. जैतीर्थ आर. जोशी, सीईओ, ब्रह्मोस एयरोस्पेस की मौजूदगी में इस ब्रहमोस आम का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन नियमित रूप से होने चाहिए, ताकि विभिन्न क्षेत्रों के लोग एक-दूसरे से परिचित हों और आपसी संवाद को बढ़ावा मिले। आम महोत्सव के लिए असद खान और टी.सी. उप्रेती ने विभिन्न किस्मों के आम उपलब्ध कराए, जिसकी सभी अतिथियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। आम महोत्सव के बाद सभी अतिथियों ने भोजन का भी आनंद लिया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सीडीएस जनरल अनिल चौहान द्वारा असद खान और टीसी उप्रेती को सम्मानित भी किया।

आम महोत्सव में पूर्व सीडीएस जनरल अनिल चौहान एवं उनकी पत्नी अनुपमा चौहान, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह एवं उनकी पत्नी सरिता सिंह, पूर्व एयर चीफ मार्शल आर.के.एस. भदौरिया, वाइस चीफ ऑफ एयर स्टाफ एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित, डॉ. जैतीर्थ आर. जोशी, महानिदेशक, डीआरडीओ एवं सीईओ और एमडी, ब्रह्मोस एयरोस्पेस, सामंत गोयल, पूर्व चेयरमैन, रॉ, डॉ. सुधीर कुमार मिश्रा, पूर्व सीईओ एवं एमडी, ब्रह्मोस एयरोस्पेस, एयर मार्शल संदीप सिंह, सैन्य सलाहकार, एनएससीएस, आर.के. सिंह, पूर्व अतिरिक्त सचिव, गृह मंत्रालय, डॉ. दिनेश असवाल, सदस्य, एनडीएमए, एयर वाइस मार्शल राज ठाकुर, एयर वाइस मार्शल (सेवानिवृत्त) राजेश भंडारी, वाइस एडमिरल दीपक कुमार गोस्वामी, डॉ. सुरेश कुमार, निदेशक, डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, आईपीएस आकाश जिंदल, लेखिका अद्वैता काला, डॉ. तानिया सिंह, कमांडर मनीष कुंडू, उद्यमी जी.एम. रंगा राव, उद्यमी रमेश शर्मा, उद्यमी देवाशीष, उद्यमी असद खान, उद्यमी राहुल सिंह, उद्यमी टी.सी. उप्रेती, हिल-मेल की सीईओ चेतना नेगी, आजतक के एग्जीक्यूटिव एडिटर मनजीत नेगी, पांचजन्य के आर्ट डायरेक्टर शशि मोहन तथा हिल-मेल के एडिटर वाई.एस. बिष्ट सहित अनेक प्रबुद्ध एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
