
- नीरज उत्तराखंडी, बड़कोट (उत्तरकाशी)
ग्राम पंचायत खनेड़ा के ग्रामीणों ने लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण कार्य को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया है। गांव में आयोजित एक बैठक में ग्रामीणों ने प्रशासन और सरकार के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री घोषणा के तहत स्वीकृत मोटर मार्ग का निर्माण कार्य नौ वर्ष बाद भी शुरू नहीं हो पाया है। इसके चलते ग्रामीण आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं।
ग्राम प्रधान संगीता रावत की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वक्ताओं ने बताया कि वर्ष 2018 में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत खनेड़ा गांव के लिए मोटर मार्ग स्वीकृत हुआ था। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि सड़क बनने से गांव की कनेक्टिविटी सुधरेगी और शिक्षा, स्वास्थ्य व कृषि से जुड़ी समस्याओं में राहत मिलेगी, लेकिन वर्षों बाद भी निर्माण कार्य धरातल पर नहीं उतर सका है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। सड़क के अभाव में ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ती है। बीमार मरीजों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे सरकारी कार्यक्रमों और आयोजनों का बहिष्कार करेंगे। इस संबंध में एसडीएम के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित रहने के कारण गांव के विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से लंबित परियोजना की स्थिति स्पष्ट करने और जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
बैठक में ग्राम प्रधान संगीता रावत के अलावा जगमोहन चौहान, सुभाष चौहान, पूर्व प्रधान जगवीर चौहान, प्रवीण रावत, दिनेश राणा, पूर्व प्रधान गुरुदेव चौहान, अनित चौहान, विकास चौहान सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।
