
धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में कण्वाश्रम को विकसित करने की तैयारी, जल्द तैयार होगी विस्तृत कार्ययोजना
कण्व नगरी कोटद्वार। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के दिशा-निर्देशों के तहत पर्यटन, सिंचाई, राजस्व एवं वन विभाग के अधिकारियों के संयुक्त दल ने कण्वाश्रम स्थित चौकीघाटा बैराज का निरीक्षण कर वहां कण्वाश्रम के विकास की संभावनाओं का जायजा लिया।
उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार के नेतृत्व में संयुक्त दल ने वर्तमान कण्वाश्रम से लगभग 1.2 किलोमीटर दूर स्थित बैराज स्थल का निरीक्षण किया। इस स्थल पर महत्वाकांक्षी परियोजना के साकार होने की व्यापक संभावनाएं नजर आ रही हैं।
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, क्षेत्रीय विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी, लोकसभा सांसद अनिल बलूनी तथा पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज के निर्देशों के अनुरूप कण्वाश्रम के विकास के लिए एक वृहद योजना पर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में विभिन्न विभागों के संयुक्त दल को मालिनी नदी घाटी स्थित चौकीघाटा बैराज में विकास की संभावनाओं का जायजा लेने के लिए भेजा गया है। जल्द ही दल की संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद परियोजना के क्रियान्वयन की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
उपजिलाधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि सरकार, शासन-प्रशासन एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुरूप इस परियोजना को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। कण्वाश्रम समूचे कोटद्वार क्षेत्र की जनाकांक्षाओं का केंद्र है। सभी संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्ययोजना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी और उसे उचित स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन की अपार संभावनाएं
जिला पर्यटन विकास अधिकारी केपी जोशी ने स्थलीय निरीक्षण के बाद बताया कि चक्रवर्ती सम्राट भरत की जन्मस्थली कण्वाश्रम को धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए जिलाधिकारी पौड़ी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसकी रिपोर्ट जल्द ही जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी।
उन्होंने कहा कि कण्वाश्रम में एक बड़ी पर्यटन परियोजना विकसित करने की व्यापक संभावनाएं हैं, जिससे देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकेगा। यह परियोजना स्थानीय लोगों की आर्थिकी को सुदृढ़ करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने का माध्यम भी बन सकती है। यहां अश्वरोही मार्ग पर घुड़सवारी (हॉर्स राइडिंग) जैसी पर्यटन गतिविधियां भी संचालित की जा सकती हैं, बशर्ते भू-उपयोग संबंधी कोई बाधा सामने न आए।

कण्वाश्रम को विश्वस्तरीय पहचान दिलाने की पहल
कण्वाश्रम पर वर्षों से शोध कार्य कर रहे वरिष्ठ पत्रकार मनोज इष्टवाल ने संयुक्त विभागीय दल को जानकारी देते हुए बताया कि यदि सिंचाई विभाग की उपलब्ध भूमि कम पड़ती है तो आरक्षित वन क्षेत्र से भी नियमानुसार कुछ भू-भाग प्राप्त करने की संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं। इससे कण्वाश्रम के विकास की बहुप्रतीक्षित परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि कण्वाश्रम में किन-किन गतिविधियों और विकास कार्यों को शामिल किया जा सकता है, यह प्रस्तावित परियोजना का हिस्सा है। इसलिए फिलहाल इन पर सार्वजनिक चर्चा करना उचित नहीं होगा। हालांकि, जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया का प्रयास है कि कण्वाश्रम को इस प्रकार विकसित किया जाए कि यह धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन की दृष्टि से विश्व प्रसिद्ध स्थल के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर सके।
इस दौरान सिंचाई विभाग दुगड्डा के अधिशासी अभियंता अनिल राठौर, सहायक अभियंता महकार सिंह, वन विभाग के एसडीओ सुधीर कुमार, ट्रेकर एवं वरिष्ठ अधिवक्ता अमित सजवाण, हिमालयन राइडर के मोहित कंडवाल एवं पवन रावत सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।
