
प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक शिल्पकला और स्थानीय उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र
- हिमांतर ब्यूरो, नई दिल्ली
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 के अंतर्गत उत्तराखण्ड दिवस समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पवेलियन का शुभारंभ किया तथा प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक कला एवं अन्य विशिष्ट उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पवेलियन में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर प्रदर्शित उत्पादों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, स्वयं सहायता समूहों, उद्यमियों एवं उत्पादकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक शिल्पकला और स्थानीय संसाधनों में आर्थिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश के पारंपरिक उत्पाद न केवल हमारी सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक हैं, बल्कि स्वरोजगार और आजीविका के महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं।
स्थानीय उत्पादों को मिलेगी वैश्विक पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले जैसे प्रतिष्ठित आयोजन उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। इन आयोजनों से प्रदेश के कारीगरों, हस्तशिल्पियों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन तथा नए बाजारों से जुड़ने के अवसर प्राप्त होते हैं। इससे स्थानीय उत्पादों की मांग बढ़ने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था भी सशक्त होती है।

‘वोकल फॉर लोकल’ से ‘लोकल टू ग्लोबल’ की ओर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने, पारंपरिक कौशल के संरक्षण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की भावना के अनुरूप उत्तराखण्ड सरकार भी प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय उद्यमों को नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
युवाओं और महिलाओं के लिए बढ़ेंगे स्वरोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक तकनीक, बेहतर पैकेजिंग, गुणवत्ता संवर्धन और प्रभावी विपणन के माध्यम से उत्तराखण्ड के पारंपरिक उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। इससे स्थानीय उत्पादकों की आय में वृद्धि होगी तथा युवाओं एवं महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों, प्राकृतिक संपदा और पारंपरिक ज्ञान पर आधारित उत्पाद प्रदेश की अलग पहचान स्थापित करते हैं। इन उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

सांस्कृतिक विरासत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा रहे कारीगर
मुख्यमंत्री ने पवेलियन में प्रतिभाग कर रहे कारीगरों, उद्यमियों और स्थानीय उत्पादकों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, कौशल और रचनात्मकता उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के आयोजन स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने के साथ ही उत्तराखण्ड को आर्थिक एवं व्यावसायिक दृष्टि से और अधिक सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक भरत सिंह चौधरी, सचिव विनय शंकर पांडेय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
