नैनीताल-भीमताल की झीलों पर आपदा का खतरा, क्या टूटेगा कहर?

Nainital Lake Himantar

 

Dr Devi Lal Himantar

डॉ. देवी लाल
सहायक आचार्य
रामजस महाविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय  

26 अगस्त की सुबह नेपाल की लांगटांग घाटी के ऊपर एक ग्लेशियर टूट गया। इसमें एक हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई, और हज़ारों लोग अभी भी लापता हैं। जिन लोगों ने नैनीताल या भीमताल घूमा है, उनके मन में यह सवाल उठना लाज़िमी है कि क्या इन झीलों पर भी कभी ऐसी आफ़त आ सकती है। नैनीताल और भीमताल की झीलें नेपाल या तिब्बत की झीलों जितनी खतरनाक नहीं हैं पर इनमें कोई खतरा नहीं है, ऐसा भी नहीं कहा जा सकता। नैनी झील एक प्राकृतिक झील है, जो एक भ्रंश (फॉल्ट) में हलचल की वजह से बनी। भूवैज्ञानिक इसे “नैनीताल लेक फॉल्ट” कहते हैं। झील के दक्षिण-पूर्वी छोर पर, लेक ब्रिज के पास, एक पक्का आउटलेट है जिसमें कुछ गेट लगे हैं, जिनसे अतिरिक्त पानी बालियानाले में निकलता है। नैनीताल झील प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारी सालों से यह बता रहे हैं कि ये गेट पुराने हो चुके हैं और इन्हें बदलने की ज़रूरत है। नेपाल या तिब्बत जैसा कोई “फटने वाला” ढाँचा यहाँ नहीं है, दिक्कत सिर्फ़ एक पुराने गेट-सिस्टम की है, जो यह तय करता है कि झील से पानी कितनी तेज़ी से बाहर जाएगा। झील में गाद जमा होने से उसकी गहराई भी घटी है।

भीमताल झील भी भ्रंश से बनी एक प्राकृतिक झील है। 1883 में अंग्रेज़ों ने सिंचाई के लिए पानी नियंत्रित करने के मक़सद से इसमें एक बाँध बनाया था। यह 14.8 मीटर ऊँचा पक्का बाँध है, जिसमें 12 गेट लगे हैं और जो करीब 45 घन मीटर पानी प्रति सेकंड निकाल सकता है। कुमाऊँ विश्वविद्यालय के भूवैज्ञानिकों ने इसकी विस्तृत जाँच की सिफारिश की है, हालाँकि अब तक इस पर ठोस काम शुरू नहीं हुआ। इस बाँध से निकलने वाला पानी गौला नदी में जाता है, जो हल्द्वानी को पीने का पानी और आसपास के खेतों को सिंचाई का पानी देती है।

नैनीताल और भीमताल को लेकर लोगों के मन में जो डर है, वह दरअसल दो अलग चीज़ों से जुड़ा है। पहला, क्या भीमताल का बाँध टूट सकता है। दूसरा, क्या नैनी झील किसी और तरीके से बाढ़ ला सकती है, क्योंकि उसमें टूटने के लिए बाँध है ही नहीं। भीमताल के बाँध के टूटने की आशंका दो वजहों से जुड़ी है। यह इलाका भारत के भूकंप मानचित्र पर सीस्मिक ज़ोन IV में आता है, और यहाँ पहले भी मध्यम तीव्रता के भूकंप दर्ज हो चुके हैं। दूसरी वजह बारिश है: अगर बादल फटने जैसी घटना में बहुत तेज़ बारिश हो तो बाँध के गेट उतना पानी नहीं निकाल पाएँगे, खासकर तब जब पुराने गेट ठीक से खुल ही न पाएँ, जैसा जर्जर गेटों के साथ अक्सर होता है। झील में सालों से जमा गाद ने पानी रोकने की उसकी क्षमता भी घटा दी है, यानी अब उतनी ही बारिश में जलस्तर पहले से ज़्यादा तेज़ी से बढ़ेगा। बाँध टूट भी जाए तो पानी नेपाल जैसी ताक़त से नहीं बहेगा क्यूँकि भीमताल में इतना पानी और इतनी ऊँचाई दोनों नहीं है। पर अचानक बड़ी मात्रा में पानी छोड़ना पड़े, तो गौला नदी की तरफ़ एक तेज़ उफ़ान ज़रूर जा सकता है, जो रास्ते में बसे इलाकों और हल्द्वानी के पानी के स्रोत, दोनों को नुकसान पहुँचा सकता है।

nainital-lake

नैनी झील में बाँध नहीं है । वहाँ जो पहले से हो रहा है, उसी का धीरे-धीरे बड़ा रूप सामने आ सकता है। अगस्त 2018 में लोअर मॉल रोड का एक हिस्सा धँसकर झील में गिर गया था, और यह एक ही महीने में दो बार हुआ। जाँच में कई वजहें सामने आईं जैसे ऊपर की ढलान से पानी का रिसाव, झील के जलस्तर का बार-बार ऊपर-नीचे होना, और होटलों व इमारतों का बोझ एक ऐसी पहाड़ी पर पड़ना जो इतना वज़न सहने के लिए बनी ही नहीं थी। अक्टूबर 2021 में लगातार एक हफ़्ते की बारिश ने बालियानाले के पुराने भूस्खलन को फिर से सक्रिय कर दिया, और आसपास कई और जगहों पर भी ज़मीन खिसकी। कुमाऊँ विश्वविद्यालय और वाडिया इंस्टीट्यूट के भूवैज्ञानिकों ने अपनी रिपोर्टों में नैनीताल की तुलना जोशीमठ से की है, वही जोशीमठ जहाँ जनवरी 2023 में ज़मीन धँसने और दरारें पड़ने के चलते हज़ारों लोगों को घर खाली करने पड़े थे। नैनीताल के नीचे की चट्टान वैसे भी कमज़ोर है, और झील के फॉल्ट व पास की एक बड़ी दरार (मेन बाउंड्री थ्रस्ट) ने उसे और कमज़ोर किया है। इस पर भारी बारिश, बिना योजना का निर्माण, और पानी रिचार्ज होने वाली जगहों पर होने वाला अतिक्रमण जुड़ जाता है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि बादल फटने जैसी घटना में कोई बड़ा भूस्खलन हो जाए तो भूस्खलन का मलबा झील में गिरकर उसका पानी बढ़ा सकता है और आउटलेट को जाम कर सकता है। या मलबा बालियानाले के रास्ते को ही बंद कर सकता है, जिससे झील का अतिरिक्त पानी बाहर निकल ही न पाए। ऐसा हुआ तो भारी बारिश में यही पानी नैनीताल के निचले इलाकों में वापस भर जाएगा, इतनी तेज़ी से कि वहाँ के पहले से कमज़ोर नाले उसे संभाल नहीं पाएँगे।

नैनी और भीमताल का पानी आगे जाकर मैदानों से जुड़ता है, नैनी झील का पानी बालियानाले से होकर रानीबाग के पास गौला नदी में मिलता है, और दोनों झीलों का पानी आखिर में रामगंगा व गंगा तक पहुँचता है। हल्द्वानी शहर अपने पानी का एक बड़ा हिस्सा गौला और भीमताल से मिलने वाले पानी से ही लेता है। उत्तराखंड का बड़ा हिस्सा इसी तरह के खतरे में है, क्योंकि यहाँ के पहाड़ भूकंप के लिहाज़ से संवेदनशील हैं और यहाँ पहाड़ों की क्षमता से कहीं ज़्यादा निर्माण हो चुका है। भीमताल पर पर खतरा कम करने के लिए समाधान हैं: बाँध और उसके गेटों की पूरी जाँच, गाद निकालकर झील की क्षमता बढ़ाना, और नीचे रहने वाले लोगों के लिए एक स्पष्ट आपातकालीन योजना। यह वह ज़रूरी रखरखाव है जिसे बार-बार टाला जा रहा है ।

नैनी झील के लिए समाधान आसपास की पहाड़ी से ज़्यादा जुड़ा है। जो प्राकृतिक नाले निर्माण से दब गए हैं या कचरे से भर गए हैं, उन्हें फिर से खोलना ज़रूरी है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने झील के आसपास निर्माण की जो सीमाएँ पहले ही तय की हैं, उन्हें सख़्ती से लागू करना होगा। मॉल रोड पर बार-बार होने वाले धंसाव को अलग-अलग हादसे मानने के बजाय, इसे उसी फॉल्ट सिस्टम की चेतावनी मानना होगा जिसे भूवैज्ञानिक पहले ही जोशीमठ जैसा खतरा बता चुके हैं। नैनीताल और भीमताल के नीचे की ज़मीन दशकों से यही बता रही है कि रखरखाव और निगरानी में जो कमी है, वह कभी भी भारी पड़ सकती है खासकर तब, जब बारिश और निर्माण दोनों उस कमी को हर साल थोड़ा और बढ़ा रहे हों।

(इस लेख में व्यक्त विचार लेखक के व्यक्तिगत हैं।)

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *