
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से किया सम्मानित, उपराड़ी गांव से अंतरराष्ट्रीय साहसिक अभियानों तक बनाई पहचान
- शशि मोहन रवांल्टा, उत्तरकाशी/देहरादून
सीमांत जनपद उत्तरकाशी के बड़कोट स्थित उपराड़ी गांव निवासी प्रख्यात पर्वतारोही, साहसिक खेल विशेषज्ञ एवं पूर्व आईटीबीपी अधिकारी शिव प्रसाद चमोली को प्रतिष्ठित तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2024 के अंतर्गत लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान से नवाजा गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 13 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया।
शिव प्रसाद चमोली को साहसिक खेलों के क्षेत्र में उनके आजीवन समर्पण, उल्लेखनीय योगदान और अदम्य साहस के लिए यह सम्मान मिला है। उन्होंने पर्वतारोहण, स्कीइंग और रिवर राफ्टिंग के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान बनाई है।
अंतरराष्ट्रीय साहसिक अभियानों का किया नेतृत्व
शिव प्रसाद चमोली की प्रमुख उपलब्धियों में भारत-न्यूजीलैंड संयुक्त हिमालयी ट्रैवर्स अभियान और भारत-जापान संयुक्त ब्रह्मपुत्र राफ्टिंग अभियान का नेतृत्व शामिल है। इन चुनौतीपूर्ण अभियानों में उन्होंने अपनी साहसिक क्षमता, तकनीकी दक्षता और नेतृत्व कौशल का परिचय दिया। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के पूर्व अधिकारी चमोली ने साहसिक खेलों के साथ पर्वतीय बचाव एवं आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
21 हजार से अधिक युवाओं को दिया प्रशिक्षण
शिव प्रसाद चमोली ने मसूरी के कैंपटी फॉल क्षेत्र में हिमालयन एडवेंचर इंस्टीट्यूट की स्थापना की। इस संस्थान के माध्यम से अब तक 21 हजार से अधिक युवाओं को साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसके अतिरिक्त, एनडीआरएफ, पुलिस और होमगार्ड के 1,420 से अधिक जवानों को पर्वतीय बचाव एवं आपदा प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखंड में उनका यह योगदान विशेष महत्व रखता है।

उत्तरकाशी की यमुना घाटी के लिए गौरव का क्षण
बड़कोट के उपराड़ी गांव से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले शिव प्रसाद चमोली की उपलब्धि उत्तरकाशी की यमुना घाटी सहित पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। उनका जीवन पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को साहसिक खेलों में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने की प्रेरणा देता है।
राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कार भी प्रदान किए
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने समारोह में तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2024 के साथ राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 भी प्रदान किए।
इस अवसर पर एथलीट तेजस्विन शंकर और प्रियंका गोस्वामी, शतरंज खिलाड़ी दिव्या जितेंद्र देशमुख, हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल तथा कबड्डी खिलाड़ी पूजा सहित विभिन्न खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं, उत्कृष्ट प्रशिक्षकों को द्रोणाचार्य पुरस्कार और खेलों के विकास में योगदान देने वाले संस्थानों को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए।
शिव प्रसाद चमोली को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान उनके दशकों के परिश्रम, साहस और समर्पण की पहचान होने के साथ उत्तरकाशी की साहसिक परंपरा के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
