
- हिमांतर ब्यूरो, पुरोला (उत्तरकाशी)
केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने शनिवार को विकासखंड पुरोला में जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रतीकात्मक पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी तथा हाल ही में सामने आए नीट पेपर लीक प्रकरण को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और आम जनता की समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि आज देश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है, लेकिन सरकार रोजगार सृजन के बजाय केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार हो रही अनियमितताओं और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों और अभ्यर्थियों का विश्वास तोड़ दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस पार्टी जनहित में आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप देगी।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष कविंद्र असवाल ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और खाद्य पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों से मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों का जीवन कठिन हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनसरोकारों से विमुख होकर केवल प्रचार-प्रसार में व्यस्त है।
इस अवसर पर यमुना घाटी ओबीसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष जगबीर सिंह रावत ने कहा कि देश की जनता अब सरकार की नीतियों से त्रस्त हो चुकी है और आगामी चुनावों में इसका जवाब देगी।
प्रदर्शन में राजेंद्र सिंह नेगी, प्रशांत नेगी, नरेश चौहान, रामलाल विश्वकर्मा, हरीश वर्मा, बासु रावत, शिशपाल शर्मा सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। महिला ब्लॉक अध्यक्ष सुलोचना देवी, राजुली बत्रा और परमेश्वरी देवी ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी का सबसे अधिक असर महिलाओं और परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से तत्काल राहतकारी कदम उठाने की मांग की।
इसके अतिरिक्त गब्बर सिंह नेगी, शांति लाल, घनश्याम गोदियाल, वीरेंद्र प्रसाद नौटियाल, मुकेश कुमार और मनमोहन सिंह राणा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के समापन पर कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनता से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी जनआंदोलन को और तेज करेगी। इस दौरान पूरे क्षेत्र में सरकार विरोधी नारों से माहौल गूंजता रहा।
