
- हिमांतर देहरादून
बाल दिवस के अवसर पर संपर्क संस्थान की उत्तराखंड इकाई और श्री महिमा नन्द फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय ‘बस्ती की पाठशाला’ में वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। संपर्क संस्थान की सहसचिव शशि कुड़ियाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों की छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उनका उत्साहवर्धन करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों ने कविता पाठ, गायन और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों का आत्मविश्वास, उत्साह और शानदार प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
प्रतियोगिताओं के समापन पर विजेता एवं प्रतिभागी बच्चों को संपर्क संस्थान और श्री महिमा नन्द फाउंडेशन की ओर से प्रशस्ति पत्र, स्कूल बैग, शैक्षणिक सामग्री तथा खेलकूद की वस्तुएं प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

समारोह में प्रतिष्ठित साहित्यकार मुकेश नौटियाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सामाजिक कार्यकर्ता दीपा कौशलम और अमर उजाला की वरिष्ठ पत्रकार रेनू सकलानी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। प्रख्यात लेखिका एवं सामाजिक कार्यकर्ता आशी डोभाल की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ‘बस्ती की पाठशाला’ के संस्थापक एवं शिक्षाविद गजेंद्र रमोला ने की। संचालन वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार प्रेम पंचोली और पाठशाला के छात्र शुभम ने संयुक्त रूप से किया। आयोजन को सफल बनाने में पाठशाला की शिक्षिका मीना सहित अन्य युवाओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस अवसर पर संपर्क संस्थान की ओर से अतिथियों का अंगवस्त्र पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ संस्कारों को आत्मसात करने तथा जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में संपर्क संस्थान की सदस्य गीता जुयाल, नीतू डिमरी, सहसचिव शशि कुड़ियाल ‘चंद्रभा’ तथा श्री महिमा नन्द फाउंडेशन के संस्थापक आर्किटेक्ट के.सी. कुड़ियाल, अनंत और अंश ने बस्तियों में रहने वाले बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।
समारोह के समापन पर आयोजक संस्थाओं की ओर से सभी बच्चों को जलपान वितरित किया गया। बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
