
राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मोहा मन, विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
- हिमांतर ब्यूरो, हल्द्वानी
लायनेस क्लब हल्द्वानी की ओर से रविवार को बालकृष्ण महोत्सव का आयोजन बड़े हर्षोल्लास, उत्साह और भक्तिमय वातावरण में किया गया। राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियां कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहीं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला डिग्री कॉलेज की प्राचार्य श्रीमती आभा शर्मा रहीं। महोत्सव का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद बच्चों ने राधा-कृष्ण के विभिन्न स्वरूपों में आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
महोत्सव के दौरान 0 से 3 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए वेशभूषा प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में ह्रदयांश पांडे ने प्रथम, रक्षिता ने द्वितीय और सौम्या सनवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
“बालकृष्ण महोत्सव के माध्यम से हमारा प्रयास बच्चों को छोटी उम्र से ही भारतीय संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जोड़ना है। राधा-कृष्ण के स्वरूप में बच्चों का उत्साह और परिवारों की सहभागिता देखकर अत्यंत प्रसन्नता हुई। ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, भक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं।”
— तनुजा जोशी, अध्यक्ष, लायनेस क्लब हल्द्वानी
इसके साथ ही थाल भोग सज्जा प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें श्रीमती कुसुमलता प्रथम, श्रीमती रचना देवल द्वितीय तथा श्रीमती नीमा गोस्वामी तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतिभागियों द्वारा आकर्षक ढंग से सजाए गए भोग के थालों ने सभी का ध्यान खींचा।
प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका श्रीमती आभा शर्मा, श्रीमती भूमिका भंडारी, श्रीमती तनुजा मेलकानी, श्रीमती सीमा देवल, श्रीमती इंदु अग्रवाल एवं श्रीमती सरिता अग्रवाल ने निभाई। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों एवं सज्जा की सराहना की।
कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष श्रीमती तनुजा जोशी, सचिव श्रीमती शालिनी गुप्ता और मीडिया प्रभारी श्रीमती पूनम सैनी सहित क्लब की समस्त सदस्य उपस्थित रहीं। इस अवसर पर सभी विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर क्लब अध्यक्ष तनुजा जोशी ने मुख्य अतिथि, निर्णायकों, प्रतिभागियों, बच्चों एवं क्लब की सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
