
- हिमांतर | देहरादून
उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और पर्वतीय जनजीवन को सिनेमा के माध्यम से अभिव्यक्त करने वाली राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ के प्रचार-प्रसार के लिए सोमवार को दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र, देहरादून में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर फिल्म के चौथे गीत ‘जागर’ का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के क्षेत्रीय सिनेमा की संभावनाओं, लोक कलाकारों की भूमिका तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन पर विचार-विमर्श हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) संजय जसोला ने कहा कि गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि प्रदेश की लोक संस्कृति और रचनात्मक परंपराओं में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की व्यापक क्षमता है। उन्होंने सुझाव दिया कि फिल्म के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से संपर्क किया जाए, ताकि नई पीढ़ी तक फिल्म और उसकी विषयवस्तु को प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पर्यावरणविद् एवं मैती आंदोलन के प्रणेता कल्याण सिंह रावत ‘मैती’ ने कहा कि फिल्म ‘ढोली’ को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार केवल फिल्म की टीम की उपलब्धि नहीं, बल्कि उत्तराखंड के ढोल वादकों, लोक कलाकारों और संपूर्ण सांस्कृतिक समाज का सम्मान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पारंपरिक वाद्य यंत्रों, लोक संगीत और लोक जीवन की अपनी विशिष्ट पहचान है। ऐसी उपलब्धियां क्षेत्रीय भाषाओं में फिल्मों के निर्माण को प्रोत्साहित करेंगी और युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत के रचनात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए प्रेरित करेंगी।

ढोल वादकों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देने की घोषणा
विशिष्ट अतिथि एडवोकेट ललित जोशी ने फिल्म के ट्रेलर, संगीत और दृश्यांकन की सराहना की। उन्होंने क्षेत्रीय फिल्मों के प्रचार-प्रसार के लिए सुनियोजित इवेंट मैनेजमेंट तथा विभिन्न संस्थाओं और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सहयोग से विशेष शो प्रायोजित कराने का सुझाव दिया। इस अवसर पर उन्होंने ढोल वादकों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।
वरिष्ठ रंगकर्मी अभि नंदा ने अपनी ‘जागृति संस्था’ के माध्यम से फिल्म के प्रचार-प्रसार में सहयोग देने की बात कही। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और रंगमंच की परंपराओं को आगे बढ़ाने में सिनेमा की महत्वपूर्ण भूमिका है। रंगमंच और फिल्म जगत के परस्पर सहयोग से क्षेत्रीय भाषा और संस्कृति को व्यापक मंच प्रदान किया जा सकता है।
लोक संस्कृति को समर्पित है फिल्म ‘ढोली’
फिल्म के निर्देशक दिनेश पी. भोसले ने फिल्म निर्माण की प्रक्रिया, विषयवस्तु और उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फिल्म में उत्तराखंड की लोक परंपराओं, सांस्कृतिक परिवेश और पारंपरिक कलाकारों के योगदान को विशेष महत्व दिया गया है। इसके माध्यम से पर्वतीय जनजीवन और उसकी सांस्कृतिक पहचान को दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने राष्ट्रीय पुरस्कार को पूरी फिल्म टीम और उत्तराखंड के लोक कलाकारों की सामूहिक उपलब्धि बताया।
इस अवसर पर फिल्म निर्देशक आशु चौहान, बीना बिश्नोई, संतोष डिमरी, प्रतीक पंवार, नवीन कंडवाल और मोहित घिल्डियाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड में क्षेत्रीय सिनेमा के विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। इसके लिए स्थानीय कलाकारों, लेखकों, निर्देशकों, तकनीकी विशेषज्ञों और सांस्कृतिक संस्थाओं को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने क्षेत्रीय फिल्मों को दर्शकों तक पहुंचाने के लिए पारंपरिक प्रचार माध्यमों के साथ डिजिटल मंचों के प्रभावी उपयोग पर भी बल दिया।

पारंपरिक ढोल वादकों और संस्कृति साधकों का सम्मान
कार्यक्रम में उत्तराखंड की कला, संस्कृति, रंगमंच और लोक परंपराओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मदन मोहन डुकलान, अमित कपूर, कुलानंद घनशाला, रमाकांत बेंजवाल, मोहन प्रसाद डिमरी, अजय जोशी, चंद्रशेखर तिवारी, नीरा नंदा, दिनेश बौड़ाई, सुनील बडोनी, डॉ. डी.के. पाण्डे, परिणिता बडोनी, सुंदर बिष्ट, ज्ञान प्रकाश, बद्रीश छाबड़ा और शैलेन्द्र सेमवाल को सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही रुद्रप्रयाग के पारंपरिक ढोल वादकों धनीराम और कुलदीप का विशेष सम्मान किया गया। इस अवसर पर पीढ़ियों से उत्तराखंड की लोक वाद्य परंपरा को जीवंत रखने वाले कलाकारों के योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम में रंगकर्मियों, फिल्म कलाकारों, पत्रकारों, मीडिया प्रतिनिधियों, पॉडकास्टर्स, साहित्यकारों, लेखकों और संस्कृति प्रेमियों ने सहभागिता की। दून रंगमंच, गढ़वाली फिल्म जगत, गढ़वाल सभा और लोक विरासत से जुड़े लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को व्यापक सांस्कृतिक संवाद का स्वरूप प्रदान किया।
उपस्थित कलाकारों और रंगकर्मियों ने फिल्म ‘ढोली’ की राष्ट्रीय उपलब्धि को उत्तराखंड के क्षेत्रीय सिनेमा के लिए सकारात्मक संकेत बताते हुए फिल्म की टीम को बधाई दी। वक्ताओं ने कहा कि लोक कलाकारों, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और स्थानीय भाषाओं को केंद्र में रखकर किए जाने वाले रचनात्मक प्रयास उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन गायत्री टम्टा ने किया। अंत में फिल्म की टीम ने सभी अतिथियों, कलाकारों, रंगकर्मियों, साहित्यकारों, पत्रकारों और संस्कृति प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।
