
- नीरज उत्तराखंडी | पुरोला/उत्तरकाशी
विवाह को यादगार बनाने के लिए भव्य आयोजन और दिखावे की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि सादगी, परंपरा और संस्कार भी इसे विशेष बना सकते हैं। उत्तराखंड के दो युवा प्रशासनिक अधिकारियों ने अपने विवाह के माध्यम से इसी सोच को साकार करते हुए समाज के सामने सादगी और सांस्कृतिक मूल्यों की मिसाल पेश की है।
रवांई घाटी के पुरोला क्षेत्र के पुजेली गांव निवासी एवं कर्णप्रयाग के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अलकेश नौडियाल और अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण की उपजिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा ने भव्य और खर्चीले आयोजनों से दूर रहकर कर्णप्रयाग स्थित पौराणिक मां उमा देवी मंदिर के पावन प्रांगण में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह किया। दोनों ने सात फेरे लेकर जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया।
पौराणिक मंदिर में लिए सात फेरे
मां उमा देवी मंदिर कर्णप्रयाग के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां उमा ने भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए इसी क्षेत्र में कठोर तपस्या की थी। जीवन के नए अध्याय की शुरुआत के लिए इस पवित्र एवं आध्यात्मिक स्थल का चयन दोनों अधिकारियों के विवाह को विशेष बनाता है।
सादगी से दिया बड़ा सामाजिक संदेश
आज जब विवाह समारोहों में दिखावे और अनावश्यक खर्च की प्रतिस्पर्धा बढ़ती जा रही है, ऐसे समय में दो युवा प्रशासनिक अधिकारियों का सादगीपूर्ण विवाह समाज के लिए प्रेरणादायी है। उनका यह निर्णय उत्तराखंड की लोक परंपराओं, धार्मिक आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति जुड़ाव को भी दर्शाता है।
‘वेडिंग डेस्टिनेशन उत्तराखंड’ की अवधारणा को मिल सकता है बल
स्थानीय लोगों और बुद्धिजीवियों का कहना है कि प्रशासनिक पदों पर कार्यरत युवा अधिकारियों द्वारा विवाह के लिए देवभूमि के धार्मिक स्थल का चयन करना ‘वेडिंग डेस्टिनेशन उत्तराखंड’ की अवधारणा को भी मजबूती दे सकता है। ऐसी पहल से प्रदेश के पौराणिक, ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को विवाह आयोजनों के केंद्र के रूप में नई पहचान मिलने की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।
दोनों अधिकारियों का यह विवाह समाज को संदेश देता है कि रिश्तों की वास्तविक खूबसूरती भव्यता और खर्च में नहीं, बल्कि संस्कार, सादगी, परंपरा, परस्पर सम्मान और आत्मीयता में निहित होती है।

पौराणिक मंदिर में लिए सात फेरे