
हरियाणा भ्रमण पर जा रहे युवाओं को मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं, कहा- अच्छी कार्यप्रणालियों और अनुभवों को उत्तराखण्ड में भी करें साझा
- हिमांतर ब्यूरो, देहरादून
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में हरियाणा भ्रमण पर जा रहे उत्तराखण्ड के युवाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय भ्रमण युवाओं को विभिन्न राज्यों की संस्कृति, जीवनशैली, विकास कार्यों और नवाचारी पहलों को करीब से समझने का अवसर देते हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि वे हरियाणा की संस्कृति, इतिहास, खान-पान, खेल परंपरा, कृषि और स्थानीय जीवनशैली को समझें। साथ ही वहां के युवाओं, खिलाड़ियों, किसानों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे लोगों से संवाद कर उनके अनुभवों से सीखें।

धामी ने कहा कि युवा दूसरे राज्यों में अपनाई जा रही बेहतर कार्यप्रणालियों और विकास से जुड़ी पहलों को जानें तथा उपयोगी अनुभवों को उत्तराखण्ड के संदर्भ में भी साझा करें। इसी तरह अन्य राज्यों के युवाओं को उत्तराखण्ड की संस्कृति, पर्यटन, स्थानीय उत्पादों और विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से परिचित कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य भी समाज के विभिन्न वर्गों, विशेष रूप से युवाओं को सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है। विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच संवाद अच्छी पहलों और अनुभवों के आदान-प्रदान का प्रभावी माध्यम बन सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के युवा दूसरे प्रदेशों में राज्य के प्रतिनिधि के रूप में जाते हैं। इसलिए वे देवभूमि की संस्कृति, लोकपर्वों, स्थानीय खान-पान, होम-स्टे, मिलेट्स, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाएं।

उन्होंने चारधाम के साथ आदि कैलाश, जागेश्वर, कैंची धाम, शीतकालीन और साहसिक पर्यटन जैसे प्रमुख आकर्षणों के प्रचार में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को अन्य राज्यों तक पहुंचाने में सहयोग का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम केवल भ्रमण तक सीमित न रहें, बल्कि विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच संस्कृति, विचार और अनुभवों के आदान-प्रदान का माध्यम बनें। इससे उन्हें देश की विविधता समझने और विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे अच्छे कार्यों से सीखने का अवसर मिलेगा।
