
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और उत्तराखंड में उद्यमिता विकास: आत्मनिर्भर हिमालय की ओर
डॉ. शम्भू प्रसाद नौटियाल
विज्ञान शिक्षक
पी एम श्री कमलाराम नौटियाल राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज, धौंतरी (उत्तरकाशी)
(राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी भारत द्वारा उत्कृष्ट विज्ञान शिक्षक सम्मान 2022)
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 भारत की शिक्षा व्यवस्था में एक ऐतिहासिक परिवर्तन का दस्तावेज है। यह नीति केवल डिग्री प्राप्त करने या नौकरी पाने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को नवाचार, कौशल, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त करती है। विशेष रूप से उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए यह नीति नई संभावनाओं के द्वार खोलती है, जहाँ युवाओं के सामने रोजगार, पलायन और सीमित औद्योगिक अवसर जैसी चुनौतियाँ मौजूद हैं।
उत्तराखंड के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में युवा उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद रोजगार की तलाश में मैदानी शहरों की ओर पलायन करते हैं। N...
