उत्तराखंड प्रशासन में बड़ा फेरबदल: डॉ. आशीष चौहान होंगे देहरादून के नए जिलाधिकारी, सचिव नियोजन बने सविन बंसल

Savin Bansal & Dr Ashish Chauhan
  • हिमांतर ब्यूरो | देहरादून

उत्तराखंड शासन ने शनिवार को व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), पीसीएस और सचिवालय सेवा के कुल 28 अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया है। शासन के कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह तबादले तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। इस फेरबदल में कई महत्वपूर्ण विभागों और जिलों में नए चेहरे जिम्मेदारी संभालेंगे।

सबसे चर्चित बदलावों में डॉ. आशीष चौहान को देहरादून का नया जिलाधिकारी (डीएम) नियुक्त किया गया है, जबकि सविन बंसल को सचिव नियोजन विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नियुक्तियों को शासन की विकास और प्रशासनिक गति को नई दिशा देने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

देहरादून को मिला नया जिलाधिकारी

अब तक उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी (UCADA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे डॉ. आशीष चौहान को देहरादून का जिलाधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO), स्मार्ट सिटी देहरादून का अतिरिक्त दायित्व भी दिया गया है।

देहरादून राज्य की राजधानी होने के कारण यह पद प्रशासनिक दृष्टि से बेहद अहम माना जाता है। शहर में तेजी से बढ़ते शहरीकरण, यातायात, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं, निवेश और नागरिक सेवाओं के प्रभावी संचालन की जिम्मेदारी अब डॉ. चौहान के कंधों पर होगी।

सचिन बंसल को मिला नियोजन विभाग

वर्तमान में जिलाधिकारी देहरादून एवं सीईओ स्मार्ट सिटी के रूप में कार्यरत सचिन बंसल को अब शासन स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी देते हुए सचिव, नियोजन विभाग नियुक्त किया गया है।
नियोजन विभाग राज्य की विकास नीतियों, बजट प्राथमिकताओं, परियोजनाओं की रूपरेखा और दीर्घकालिक विकास रणनीति तय करने में अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में इस पद को शासन के महत्वपूर्ण निर्णय केंद्रों में माना जाता है।

स्वास्थ्य, शिक्षा और आपदा प्रबंधन में भी बदलाव

प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई अन्य महत्वपूर्ण बदलाव भी किए गए हैं—

  • नितेश झा (IAS-2007) को सचिव–नागरिक उड्डयन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा तथा आयुक्त–स्वास्थ्य की जिम्मेदारी दी गई।
  • वी. शणमुगम (IAS-2004) को सचिव–उच्च शिक्षा विभाग बनाया गया।
  • आनंद स्वरूप (IAS-2010) को आयुक्त गढ़वाल मंडल, पौड़ी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
  • रोहित मीणा (IAS-2016) को अपर सचिव–आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग और U-PREPARE परियोजना निदेशक बनाया गया।
  • आलोक कुमार पांडे (IAS-2016) को नगर आयुक्त, नगर निगम देहरादून नियुक्त किया गया।
  • नमामि बंसल (IAS-2017) को अपर सचिव विद्यालयी शिक्षा विभाग का दायित्व मिला।
  • दीप्ति सिंह (IAS-2017) को अल्पसंख्यक कल्याण एवं खेल-युवा कल्याण विभागों की जिम्मेदारी दी गई।
सचिवालय सेवा और पीसीएस अधिकारियों में भी बदलाव

शासन ने सचिवालय सेवा और पीसीएस अधिकारियों के दायित्वों में भी बदलाव किए हैं। कई अधिकारियों को नए विभागों और जिलों में तैनाती देकर प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया गया है।

शासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तत्काल अपने वर्तमान पद से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करें और इसकी सूचना कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग को उपलब्ध कराएं।

राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को राज्य सरकार की आगामी विकास प्राथमिकताओं और प्रशासनिक पुनर्संरचना की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *