
नियमों की अनदेखी पर डीएम सख्त, पर्यटन वेबसाइट से हटाने की प्रक्रिया शुरू
- हिमांतर ब्यूरो, देहरादून
देहरादून में कानून व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने अवैध एवं नियम विरुद्ध संचालित होमस्टे के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर चलाए गए विशेष निरीक्षण अभियान के तहत प्रथम चरण में 17 होमस्टे का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया है। साथ ही इन होमस्टे को पर्यटन विभाग की वेबसाइट से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जांच के दौरान प्रशासन को कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं। कई होमस्टे होटल की तरह व्यावसायिक रूप से संचालित हो रहे थे। कुछ स्थानों पर देर रात तक बार संचालन, तेज डीजे, पार्टियों और अन्य नियम विरुद्ध गतिविधियों की शिकायतें सामने आईं। प्रशासन का मानना है कि इस तरह के संचालन से कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि होमस्टे योजना का उद्देश्य स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक खानपान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना है, न कि इसे व्यावसायिक होटल के रूप में इस्तेमाल करना। उन्होंने दो टूक कहा कि आमजन की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

महज सात दिनों के भीतर मजिस्ट्रेट स्तर की पांच टीमों का गठन कर सहसपुर और रायपुर विकासखंड के नगरीय क्षेत्रों में पंजीकृत होमस्टे की सघन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर रसोई व्यवस्था नहीं मिली, अग्निशमन उपकरण या तो अनुपस्थित थे या उनकी वैधता समाप्त हो चुकी थी।
इसके अलावा कई मामलों में मालिक स्वयं निवास नहीं कर रहे थे और होमस्टे को किराये या लीज पर चलाया जा रहा था। निर्धारित क्षमता से अधिक कमरे संचालित किए जा रहे थे, जबकि विदेशी नागरिकों के ठहराव की अनिवार्य सूचना भी नहीं दी गई।
कुछ होमस्टे बारातघर और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे। मसूरी क्षेत्र में एक होमस्टे का स्वामित्व परिवर्तन और नवीनीकरण न होने का मामला भी सामने आया।
जिला प्रशासन ने सभी होमस्टे संचालकों को नियमावली का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज होगा तथा अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
