
विकसित उत्तराखंड के निर्माण में सचिवालय परिवार की भूमिका महत्वपूर्ण : मुख्यमंत्री
- हिमांतर ब्यूरो | देहरादून
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तराखंड सचिवालय संघ के शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक जोशी, उपाध्यक्ष राकेश जोशी, संजय कुमार शर्मा एवं प्रमिला टम्टा, महासचिव राजेन्द्र रतूड़ी, सचिव अतुल कुमार सिंह, संयुक्त सचिव दिव्यांशु डोभाल एवं सुरेन्द्र सिंह रावत, संप्रेक्षक रीना मखनवाल, कोषाध्यक्ष रमेश सिंह बर्त्वाल तथा प्रचार सचिव दीपक बिष्ट सहित पूरी कार्यकारिणी को बधाई दी।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सचिवालय केवल एक प्रशासनिक भवन नहीं, बल्कि प्रदेश की शासन व्यवस्था की आत्मा और जनविश्वास का प्रमुख केंद्र है। यहीं से नीतियां बनती हैं, जनकल्याणकारी योजनाओं को दिशा मिलती है और राज्य के विकास की रूपरेखा तैयार होती है।
उन्होंने कहा कि सचिवालय में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारी विकसित उत्तराखंड के निर्माण के महत्वपूर्ण सहभागी हैं। सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उनकी भूमिका अत्यंत अहम है। सचिवालय के अधिकारी और कर्मचारी शासन तथा जनता के बीच विश्वास के मजबूत सेतु के रूप में कार्य करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शासन व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कर्मचारी संगठनों के साथ नियमित संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि एक मजबूत, प्रेरित और संतुष्ट कर्मचारी तंत्र सुशासन की सबसे बड़ी शक्ति होता है। शासन और कर्मचारी जब टीम भावना से कार्य करते हैं तो विकास कार्यों को गति मिलती है और जनता का विश्वास भी सुदृढ़ होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने, तकनीक आधारित सेवाओं को बढ़ावा देने तथा ई-गवर्नेंस को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड सचिवालय बेहतर कार्य संस्कृति, आपसी समन्वय और सकारात्मक वातावरण के बल पर सुशासन और कार्यकुशलता की नई मिसाल स्थापित करेगा।
मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी से सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान करते हुए कहा कि वे विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर शासन के वरिष्ठ अधिकारी, सचिवालय संघ के पदाधिकारी तथा सचिवालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
