दो अनूठे संतोें की गाथा : स्वामी सत्यानंद जी और प्रेमजी महाराज

Swami Satyanand Ji Maharaj

 

Kusum Rawat

कुसुम रावत

‘‘सन्यास एक पहेली’’ नामक सर्वकालिक पुस्तक 7 जुलाई 1925 को डलहौजी में हुए ‘ब्रहम साक्षात्कार’ के बाद अमृतवाणी सत्संग भक्तिधारा द्वारा राम-नाम का प्रसाद बांटने वाले एक अनूठे संत ‘स्वामी सत्यानंद जी महाराज’ (07.04.1968-13.11.1960) एवं उनके पहले तीन शिष्यों में एक लेखिका के गुरू ‘श्री प्रेम जी महाराज’ की (01.10.1920-29.07.1993) की अद्वितीय जीवन यात्रा और समकालिन हिंदू धर्म पर उनकी क्रांतिकारी व विलक्षण सोच पर लिखी भारतीय प्रशासनिक सेवा की 1971 बैच की अधिकारी नीरू नंदा जी की कलम से निकली एक बेजोड़, उम्दा, अपने में ही खास ऐसी कालजयी कृति है, जो किसी भी कालखंड में कोई लेखक सिर्फ किसी अदृश्य ताकत के वशीभूत ही अंतःप्रेरणा से लिपिबद्ध कर सकता है। नहीं तो 1963 में 15 वर्ष की नाजुक उम्र में ‘अमृतवाणी भक्तिधारा’ से जुड़कर 77 वर्ष की उम्र में खराब स्वास्थ्य के बावजूद लेखिका इस ऐतिहासिक किताब को कभी न लिख पाती। सनातन धर्म और वैदिक संस्कृति के मूल तत्वों को समेटते हुए यह लीक से हटकर लिखा एक शैक्षणिक एवं अध्यात्मिक दस्तावेज है, जो कल हिंदू धर्म के मर्म को समझने के लिए देश-विदेश की लाइब्रेरियों एवं विश्वविद्यालयों का हिस्सा बनेगा।

अध्यात्म क्या है? आम जन को यह समझने-समझाने की प्रक्रिया में यह पुस्तक महत्वपूर्ण कुंजी साबित होगी। यह मेरी दृढ़ मति पुस्तक पढ़कर बनी। 40 सालों से लेखिका की निजी यात्रा की साक्षी होने के बाद भी मैं उनके गहरे व्यक्तित्व की थाह न ले पाई थी। मैंने मिस नंदा को एक बहुमुखी प्रतिभावान, कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार, आम लोगों की सेवा के लिए तत्पर एक सुंदर दिल-दिमाग वाले नौकरशाह और ईश्वर परायण लेखिका के तौर पर तो जरूर देखा-परखा था, लेकिन उनकी विद्वता व साधना की जो ऊंचाईयां और गहराईयां अपने इन दो गुरूओं की जीवन यात्रा एवं समकालिन हिंदू धर्म पर उनकी विलक्षण सोच को लिपिबद्ध करते हुए इस पुस्तक में अभिव्यक्त हुई हैं, उसने मुझे निःशब्द, स्तब्ध, अवाक और विस्मित ही कर दिया है।

मैं तो अध्यात्म में डबल जीरो हूं, लेकिन 25 मई 2025 को मेरे गुरू जूना अखाड़ा के आचार्य श्रद्धेय स्वामी अवधेशानंद गिरि जी ने पुस्तक का कवर ही अचानक देख जिस तत्परता एवं श्रद्धा से स्वामी सत्यानंद जी, डलहौजी ब्रहम-साक्षात्कार, अमृतवाणी सत्संग, उनके प्रथम तीन शिष्यों, 100 सालों में भक्तिधारा पुष्ट करने में श्रीराम शरणम् के खामोश योगदान और इसे लिपिबद्व करने वाली लेखिका नीरू नंदा जी की प्रशंसा में जो अचंभित करने वाली धाराप्रवाह टिप्पणियां कीं, उसने हरिहर आश्रम, हरिद्वार में मौजूद सुधीजनों को हतप्रभ कर दिया। वो ऐसे बोल रहे थे, जैसे चलचित्र पर सब सामने चल रहा हो। स्वामी सत्यानंद जी की जीवन यात्रा उन्होंने यूं ही चुटकियों में बता दी, गोया जैसे ये कल की ही बात हो। अंत में बोले- ‘स्वामी जी की विलक्षण सोच साधक को मर्यादा व विवेक से ‘स्वधर्म’ का पालन करते हुए जीने की कला सिखाती है। यह पुस्तक एक मार्गदर्शिका है कि वैदिक संस्कृति के अनुसार जीवन कैसा हों? इस विलक्षण सोच का प्रचार-प्रसार जरूरी है। मैं विस्मय से कभी उनका चेहरा देखती और कभी उनके हाथ में पकड़ी पुस्तक। खैर!

प्रतिष्ठित हर-आनंद प्रकाशन, दिल्ली द्वारा प्रकाशित कुल 262 पेजों की यह असाधारण पुस्तक अंग्रेजी में है। इसमें कुल 14 अध्याय हैं। पुस्तक के ब्लैक एडं व्हाईट ऐतिहासिक चित्रों ने इसकी महता और प्रमाणिकता को पुष्ट किया है। यह पुस्तक और इसका किंडल एडीशन ‘द रिडिल ऑफ रिननसिएशन’ अमेजॉन पर उपलब्ध है। मौलिक शोध पर आधारित यह पुस्तक विविधतापूर्ण जानकारियों और भारतीय-पाश्चात्य जगत के दर्शन-चिंतन-मनन की गूढ़ता से भरपूर है। भारतीय-पाचात्य दर्शन, वैदिक संस्कृति, प्रचलित धर्मों, पंथों, मत-मतांतरों समेत वेद, पुराण, इतिहास और उपनिशदों के ज्ञान-विज्ञान के साथ ही देश के सामाजिक ताने-बाने की ठोस समझ के बिना इसको समझना थोड़ा कठिन है। पुस्तक की भाशा बहुत सुंदर, सरल, सहज व लयात्मक है। इसे पढ़ते हुए मन भाव-विभोर हो जाता है। इसकी छपाई और कागज उत्कृष्ठ दर्जे का है। किताब का कवर बहुत जीवंत है। उसे देख ही किताब की महत्ता का सहज अनुमान लगता है। किताब के हर अध्याय की अपनी ही एक कहानी है।

पुस्तक का प्राक्कथन ही पुस्तक सार है। यह बहुत प्रभावशाली, स्पष्ट, अंतर्यात्रा को प्रेरित करने वाला और पुस्तक में वर्णित तथ्यों को हथेली में रखे आंवले के माफिक साफ-साफ दिखाता है। पुस्तक हिंदू धर्म की चर्चा पर उभरे आम परिदृश्य- गंगा तट पर डुबकी लगा नदियों का प्रदूशण बढ़ाते साधुओं, गुरूओं, भक्तों की भीड़, भव्य मंदिर निर्माण, पुजारियों के झुंड, सजी-धजी मूर्तियों, तथाकथित धर्मगुरूओं द्वारा महिलाओं के शोषण, छुआ-छूत, आलीशान आश्रमों की चकाचौंध पर एक सवाल उठाते हुए शुरू होती है कि क्या यही असली हिंदू धर्म है? पुस्तक में औपनिवैशिक काल और उसके बाद के हिंदू धर्म के कई प्रभावशाली संतों- रामकृष्ण परमहंस, विवेकानंद, रमण महर्षि, नीम करौली बाबा, राधा स्वामी सत्संग व्यास, शिरड़ी सांई बाबा का आदर से जिक्र है, जिन्होंने प्रचलित पंरपराओं को दरकिनार कर जाति, धर्म, वर्ण, संप्रदाय की दीवारें तोड़ आम जन तक अपनी अलख जगा हिंदू धर्म की नई परिभाशा गढ आधुनिक भारत के निर्माण में अहम योगदान दिया है। पुस्तक बताती है कि कैसे इसी भक्ति परंपरा को आगे बढ़ा स्वामी सत्यानंद जी ने भक्तिमय क्रांतिकारी कविताएं व गद्य लिख राम-नाम का प्रचार किया, जिसकी जड़ें पुरातन हिंदू धर्म से जुड़ी हैं। उनकी क्रांतिकारी समकालिन हिंदू धर्म की सोच उनके साहित्य में रची-बसी है। पुस्तक का सार है-

‘‘सनातन हिंदु संस्कृति का सार जाति, धर्म, संप्रदाय, मजहब, वर्ण, जेंडर, कपड़ों के रंग, मंदिर-मस्जिद-गुरूद्वारों-चर्च आदि की संकीर्ण दीवारों के बंधन से परे हट वही असल सन्मार्ग है, जिसकी बुनियाद वैदिक संस्कृति के मूल उपनिषदों के ज्ञान से निकले इस अमिट लेख पर टिकी है कि- ‘‘सिर्फ एक ही ‘निराकार-र्निगुण-र्निविकार खुदाई-नूर’ सृष्टि के जर्रे-जर्रे में चमक-दमक रहा है। वह ‘अद्वितीय तत्व’ केवल एक ही है। चाहे फिर उसे किसी भी नाम से पुकारो। इसमें कोई भेद-भ्रम-भय नहीं। वह शंखनाद करता है कि सनातन संस्कृति का सच्चा ध्वजवाहक वही है, जो हर तरह के बंधनों से सर्वथा मुक्त सिर्फ ‘बेशर्त प्रेम’ की रंगीली चादर ओढ़े है। उसका बुलंद उद्घोश है कि कोई गेरूआ या खास रंग पहनने वाला ही साधु नहीं, बल्कि खद्दर पहन चुपचाप श्रेष्ठ आचरण से सेवारत बंदगी में लगा कोई साधारण बंदा भी असाधारण संत हो सकता है।’’ यही प्रचार-प्रसार से दूर रहने वाले इन महान गुरूओं की खामोश यात्रा का सार है और यही संयास की अबूझ पहेली भी है।

र्निगुण भक्तिधारा, सेवा, वैदिक संस्कृति पर गर्व, ऊंच-नीच, जाति-पांति, हर तरह के भेद-भाव से दूर रहना स्वामी जी का अमर संदेश है। नाम सुमिरण का उनका रास्ता विश्व के सभी धर्मों एवं पंथों में एक सा है। वह गुरू-व्यक्ति पूजा के सख्त खिलाफ थे। वैदिक धर्म का पालन करते हुए उन्होंने अन्य गुरूओं की पंक्ति से हटकर साधकों के लिए एक अलग लकीर खींची। अमृतवाणी भक्तिधारा की खूबी है कि यहां कोई बिचैलिया नहीं। बस गुरू एक शिक्षक व मार्गदर्शक के रूप में साधक की बांह पकड़े हुए है। साधक को सन्मार्ग पर चलते हुए खुद परमेश्वर के दरवाजे पर पहुंचना ही उनका दिया राजमार्ग है। सिर्फ भक्ति प्रचार हेतु शुरू इस धारा की खूबी है- सब एक समान। यहां कोई कर्म कांड, आडंबर, दिखावा, दक्षिणा नहीं। उनका संदेश था-‘उपनिषदों का ज्ञान ही सर्वोच्च ज्ञान है और भक्ति इसका सुलभ रास्ता।’ स्वामी जी का मुख्य संदेश था राम-नाम व श्रेष्ठ आचरण द्वारा साधकों का अध्यात्मिक सशक्तीकरण और मोह का त्याग, जो साधक को हिंदू धर्म के सर्वोच्च उद्देश्य ‘मोक्ष’ की ओर बढ़ाता है। मन से सशक्त कोई व्यक्ति ही सच्चा राश्ट्र भक्त हो सकता है। स्वामी जी किसी पंथ स्थापना, भवन निर्माण, कार्यकर्ताओं की फौज-फटाका, प्रबंधन, प्रचार-प्रसार, अपने किसी स्मारक निर्माण, चंदा लेने व गुरू पूजा आदि के सख्त खिलाफ थे। वह साधकों के सीधे श्रीराम से संवाद के हिमायती थे।\

The Riddle of Sannyasa

उनकी कालजयी पुस्तकें- अमृतवाणी, भक्ति प्रकाश, वाल्मिकीय रामायण-सार, श्रीमद्भगवद्गीता, एकादशोपनिषद संग्रह, प्रार्थना और उसका प्रभाव, उपासक का आंतरिक जीवन, स्थितप्रज्ञ के लक्षण, भजन एवं ध्वनि संग्रह हैं। ‘भक्तिप्रकाश’ एक अद्भुत अवतरित ग्रंथ है। उसमें परमेश्वर का ‘राम’ नाम द्वारा गुणगान है। 7 जुलाई 1925 को ब्रहम साक्षात्कार के बाद उन्होंने जाति-संप्रदाय, धर्म, मत-मतांतर की सीमाएं तोड़ करूणावश तारक मंत्र राम-नाम का प्रसाद बांटा। प्रचार-प्रसार से दूर राम नाम बंटते-बांटते स्वतःस्फूर्त अमृतवाणी सत्संगों की शुरूआत साधकों ने अपने-आप ही देश-विदेश में श्रीराम शरणम् नाम से शुरू की। जहां निर्बाध बिना गुरू के 100 सालों से रोज नियत समय पर अमृतवाणी सत्संग की यह धारा अपनी ही मंथर गति-ताल-लय से चल रही है। इस भक्ति धारा के साधकों की मर्यादा में ही प्रभु श्रीराम चमकते-दमकते दीख पड़ते हैं। 7 जुलाई 2025 इस भक्तिधारा की 100 वीं वर्षगांठ है।

ऐसे अद्वितीय व्यक्तित्व के धनी स्वामी सत्यानंद जी के जीवन दर्शन पर आधारित इस पुस्तक के पहले अध्याय ‘द रिडिल ऑफ सन्यास’ में उनके भव्य व्यक्तित्व, अध्यात्मिक यात्रा, ब्रहम साक्षात्कार, अमृतवाणी सत्संग, हिंदू धर्म की उनकी विलक्षण सोच, सन्यास की पहेली का नया आयाम, भक्ति धारा के अन्य आंदोलनों, कबीर-नानक आदि संतों, पंथों, मतों, पाश्चात्य जगत के विद्वानों व समकालिन हिंदू धर्म की समझ का सुंदर समन्वय एवं विश्लेषण है। पुस्तक के दूसरे अध्याय ‘द गुरू, टीचर, रिबेल और गॉड’ में वैदिक मंत्रों, संत कबीर वाणी और स्वामी विवेकानंद के शब्दों का सहारा लेकर स्वामी सत्यानंद जी के व्यक्तित्व के अनेक पहलुओं यथा-गुरू, उपदेशक, एक क्रांतिकारी संत और उसकी विलक्षण सोच को ईश्वरीय गुणों के समावेश की जीती जागती प्रतिमूर्ति के रूप में लेखिका ने दिखाने का प्रभावशाली वृतांत दिया है कि कैसे उन्होंने व्यक्ति गुरू पूजा से हटाकर साधकों को र्निगुण ब्रहम की ओर मोड़ने का प्रयास किया। तीसरे अध्याय ‘स्वामी सत्यानंद-हिस लाईफ एंड टाईम में ‘स्वामी सत्यानंद की लिखी पुस्तकों के अंशों की मदद से हिंदू धर्म को समग्रता में समझाया है। डलहौजी राम नाम अवतरण, 1927 में हुए उन पर हुए हमले सहित उनके जीवन की अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का उल्लेख कर बताया है कि हिंदू धर्म की समग्र सोच क्या है? चौथे अध्याय ‘द अमृतवाणी मूवमेंट’ में लेखिका के गुरू प्रेमजी महाराज का प्रभावी परिचय है। पांचवे अध्याय में बताया है कि कैसे अमृतवाणी का एक-एक शब्द उपनिशदों, कश्मीरी सेवायतन, कबीर और गुरूवाणी के करीब है। कैसे सब एक ही र्निगुण सत्ता की ओर इशारा कर रहे हैं।

छटा अध्याय ‘भक्ति और ज्ञान’ का मुखर संदेश है कि कैसे गुरू अपने श्रेष्ठ आचरण से साधक को जीवन की रहनी-सहनी का उपदेश देता है। उनकी रचनाओं के अंषों का समकालीन वैदिक ग्रंथों व पश्चिमी विद्वानों से तुलनात्मक विश्लेषण इस अध्याय की खूबी है। सातवां अध्याय ‘ए विजन फॉर कंटेपररी हिंदूइज्म’ इतिहास में भक्ति आंदोलन, हिंदू धर्म के मर्म और दर्शन शास्त्र में उसके अतुलनीय योगदान का उत्कृष्ट दस्तावेज है। इसमें वाल्मिकी सार को उद्भृत करते हुए वानर, रावण, जटायु और हनुमान के चरित्रों को पुष्ट उदाहरणों से नए सिरे से परिभाषित कर संदेश दिया गया है कि इन महानायकों को उनके प्रचलित स्वरूप से बाहर ला उनकी पूर्णता में देखने की जरूरत है। एक दिन यह पुस्तक हिंदू धर्म की सही व्याख्या स्वामी सत्यानंद जी के श्रीमुख से कराते हुए पथ प्रदर्शक साबित होगी। पूजा, आरती, शरणागति, जांति-पांति, छुआछूत आदि की अद्भुत व्याख्या स्वामी जी के प्रकाशनों में है। कई मर्मज्ञों के अनुभवों से लिखा यह अध्याय वैदिक संस्कृति, हिंदू धर्म और अन्य धर्मों पर एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक शोध है।

आठवां अध्याय ‘द विजन ऑफ वूमन एंड जेंडर न्यूशेंस’ सम्मोहित करने वाला है। इसमें जेंडर समानता, महिला सशक्तीकरण, महिलाओं की गरिमा पर दोनों संतों के क्रांतिकारी विचारों का संकलन है। इसमें लेखिका ने प्रेमजी महाराज की सेवा व अध्यात्मिक यात्रा लिखते हुए सन्यास की पहेली और उनकी हिंदु धर्म की विलक्षण सोच को नया आयाम दिया है। नवें अध्याय ‘वांडरिंग योगीस्ः द साधु यूनिवर्स’ में घुमंतु योगियों के प्रसंग है। लेखिका के गुरू साधु वेश में न थे। कई सिद्ध योगियों के साथ उनके अनुभवों का संकलन इस अध्याय में है। इसे पढ़कर लगा कि प्रेमजी का जीवन कितनी धन्यता एवं पूर्णता लिए होगा- जो उनके कुर्ते-पायजामें मे छिपे सीधे, सरल, सादगी, नम्र व्यक्तित्व एवं गहरी आंखों में झलकता है।

यह पुस्तक पढ़ने के बजाय गुरू ज्ञान को आचरण में उतारने के दृष्टिकोण से अहम है। दसवां अध्याय ‘‘प्रेम जी लायलपुर टू दिल्ली में श्री प्रेमजी के जीवन के विभिन्न पड़ावों का रोचक वृतांत है। यह आश्चर्य नहीं सत्य है कि खादी कपड़ों में एक ब्रहमचारी कृषि अधिकारी कैसे स्कूटर पर बैठ चुपचाप सेवा, नौकरी, कर्तव्य कर्म करते हुए अध्यात्मिक पूर्णता प्राप्त करता है? और कैसे एक मर्यादा पुरूष की तरह जीकर और अध्यात्म की ऊंचाईयों तक पहुंचा? वह एक अप्रतिम उदाहरण है कि जीवन की आपाधापी में कैसे साधनापरक जीवन जिएं? ग्यारवें अध्याय ‘श्री प्रेमजी महाराजः नो फुटप्रिंटस् इन द स्काई’ में गुरू की अध्यात्मिक यात्रा को केंद्र में रख कहा गया कि- जैसे पंछी आकाश में लकीर नहीं छोड़ता वैसा ही साधु को होना चाहिए। पंछी भोर की पहली किरण के साथ उड़ सांझ ढ़ले लौटता है। उसमें संग्रहवृति नहीं होती। पंछी के माफिक साधु का अपना कुछ नहीं होता- मंदिर, मठ, घर-द्वार कुछ भी नहीं। वह कोई संस्था या ईमारत नहीं बनाता। उसका श्रेष्ठ आचरण ही समाज को राह दिखाता है। अध्याय बताता है कि जो अंधेरे में भी मर्यादा न छोड़े वही साधु है। श्री प्रेमजी महाराज के कांतिमय जीवन को दर्शाता यह रोमांचक अध्याय है।

मेरे गुरूजी बोलते थे कि ईश्वर की कोई मूर्ति नहीं होती। वह अपनी दिव्यता में ही दीखता है। उसे पहचानने को दृष्टि चाहिए। यहां लेखिका की टेलीस्कोपिक आंखों ने अपने गुरू की ओजस्विता, पूर्णता, सेवा को पहचान सुंदर शब्दों में बांधा कि साधु कैसा हो? और सन्यास की अबूझ पहेली को उनके लीक से हटकर व्यक्तित्व द्वारा नया आयाम दिया। देशभक्ति, कर्तव्य निष्ठा, सैनिकों और महिलाओं के प्रति सम्मान, सेवा, अनुशासन, र्निवैर, निष्पक्षता, निर्भयता, अकेले खड़े होने का साहस, पेड़ों के नीचे सत्संग, माला और सम्मान से दूर, बराबरी की सोच से भरा उनका ओजस्वी व्यक्तित्व एक ईश्वरीय विज्ञापन सरीखा है। मेरे गुरूजी स्वामी कैलाशानंद जी बोलते थे कि वह सृजनहार चींटी के पैरों में बंधे घुंघरूओं की आवाज भी सुनता है। उसको रिझाने को लाउडस्पीकर के शोर की नहीं समर्पण की जरूरत है। ऐसे ही एक शरणागत, खामोश और सार्वभौमिक नैतिकता के जीवंत विज्ञापन श्री प्रेमजी महाराज हैं। यह झलक दिखाकर लेखिका ने शायद वह मुकाम हासिल कर लिया है, जिसकी चाह में यह पुस्तक लिखी-लिखाई गई होगी।

बारहवें अध्याय द हरिद्वार सत्संगः ए लिविंग मैमोरियल में लेखिका ने स्वामी सत्यानंद जी महाराज द्वारा चलाये अमृतवाणी सत्संग और साधना शिविरों का जीवंत वर्णन, खूबियां, उपयोगिता और वुतांत सन् 1935 के 10 दिवसीय हरिद्वार रामायणी सत्संग की जीवंत स्मृतियों से दी हैं। यह जनोपयोगी शिविर देश के कोने-कोने में आयोजित होते रहे। लेखिका ने 15 साल की उम्र में दीक्षित होने के बाद 77 साल की उम्र में अपने अध्यात्मिक अनुभवों को लिखा है कि कैसे उनका जीवन गुरू के सानिध्य से बदला। अमृतवाणी भक्तिधारा सत्संगों की जीवंत अनुशासित दिनचर्या के सुंदर संस्मरण इस अध्याय में देकर एक जीवंत यात्रा से उन्होंने लख दी है। इसे पढ़कर सहज कहा जा सकता है कि इसी मर्यादा के चलते ही यह भक्तिधारा 100 साल से बिना किसी गुरूडम के चल रही है सहजता से। मैंने खुद रेसकोर्स सत्संग का हिस्सा बनकर यह महसूस किया हैं। यहां के साधकों की उच्च अवस्था की मैं स्वयं साक्षी हूं। एक दिन अगस्त 24 में पंखा गिर गया सत्संग के दौरान। उस विचलित करने वाले पल में भी जिस खामोषी से सत्संग चलता रहा बिना एक पल के ब्रेक के वह आष्चर्यजनक है। मैंने श्रीकृष्ण के निष्कंप योग को वहां घटित होते देखा। देश-दुनिया सहित देहरादून सत्संग जिस मर्यादा से बूढ़े-जवान मिलकर चला रहे हैं। वह अपने आप में एक दस्तावेजीकरण है। मैंने बड़े-बड़े आश्रमों व परंपराओं को खंडित होते देखा पर यह चुपचाप चल रहा है बिना किसी प्रबंधन के। इसमें बड़ा योगदान श्री प्रेमजी महाराज का है। एक योग्य षिश्य ने गुरूडम बनाने के बजाय व्यवस्थाएं बनाईं अपने गुरू की मर्यादा में रहकर छिपकर। उसी व्यवस्था के कारण यह सत्संग धारा 100 साल 7 जुलाई 1925 को पूरा कर रही है। कोई गुरू या आधुनिक तकनीक किसी विचार को जिंदा नहीं रख सकती। वह तो सिर्फ उसकी बंदगी में लगे उसके बंदों के ही दिलो-दिमाग व श्रेष्ठ आचरण से जिंदा रह सकता है। एक व्यक्ति कभी जिंदा नहीं रहता। जीवित रहती है- सामूहिकता-सद्भाव-सहिष्णुता-बेशर्त प्रेम भाव और निष्काम सेवा। मेरी समझ यही आया कि बिना किसी ताम-झाम के, बिना कार्यकर्ताओं की फौज के, खामोशी से जिस खुदाई नूर की ओर स्वामी जी ने साधकों को मोड़ा है यह उन साधकों को मिलकर ही अहसास होता है। एक गुरू के जाते ही कैसे विवाद शुरू होते हैं गद्दी और संपति के लिए। इन सबसे दूर अपनी तरह का यह अनोखा अमृतवाणी सत्संग और श्री राम शरणम् पंथ चुपचाप 100 साल से अपनी पूरी मान-मर्यादा से चल रहा है। यह दिखाते हुए हरिद्वार सत्संग के आखरी दिन का वर्णन इस पुस्तक का सार और अमृतवाणी आंदोलन का यादगार हिस्सा है। भक्ति की श्रुति पंरपरा को नियमबद्ध कर सदियों के लिए जीवंत करने का कार्य कोई महान संत ही कर सकता है, अपने व्यक्तित्व की आभा और मर्यादा से फिर चाहे वह भगवाधारी हो या खादी में लिपटा साधारण जन यही सन्यास की अबूझ पहेली है।

अध्याय 13 ‘‘रैमिनिसेंसस्’’ लेखिका-साधक की परम सत्य की खोज की अपनी आनंददायक यात्रा, अन्तर्मुखता और अन्तर्यात्रा के उस क्षैतिज की तलाश का विस्मयकारी वर्णन है, जिसकी तलाश में कवि कहता है कि-प्रभु तोड़ दो वह क्षैतिज तो मैं भी देखूं उस पार क्या है? एक 15 साल की दीक्षित लड़की के नोट्स को 77 साल की परिपक्व, प्रशासकीय अनुभवों से संपन्न विवेकी साधिका के ज्ञान-अनुभव-अनुभूति की पूर्णता के साथ पढ़ना सुखद अनुभूति है। लेखिका ने अपने बहुमुखी अनुभवों को बहुत बेबाकी से लिखा है। उन्होंने जीवन के हर कड़वे-मीठे अनुभव को परिपवक्ता से समाज के यथार्थ को दर्शाते हुए बेबाकी से अंकित किया है। इस अध्याय के पहले तीन पेज पढ़कर ही मेरी दृढ़ मति बनी कि लेखिका को अपनी आत्मकथा लिखनी चाहिए। वह महज एक कहानी नहीं होगी, नीरू नंदा जी की बल्कि एक उत्कृष्ट भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी के विविध अनुभवों को संजोये एक प्रशासक, साधिका और आम जन की सेवा में रत, ज्ञान की पिपासु एक मुमुक्षु साधिका के अद्भुत संस्मरण होंगे। यह एक प्रशासक के विवेक, साधक की मर्यादा को समेटे, सेवा की तत्परता, ज्ञान की अन्तर्यात्री की आनंददायक यात्रा होगी। मैं लेखिका के संपर्क में पिछले 40 सालों से हूं। मैंने उनको जैसा देखा-पाया-समझा उस ठोस अनुभूति के आधार पर यह कहने का साहस कर पा रही हूं। उनका यह बहुमुखी व्यक्त्वि उनको अनूठे-विरले लोगों की श्रेणी में रखता है। यही वो बात है कि जो चुपचाप 4 साल में यह अनूठी किताब लिख सकता है अपनी अन्तर्यात्रा में रत रहकर, वह कहां पहुंचा होगा यह तो वही जाने या वो परमेष्वर ही। मैं सिर्फ यही कह सकती हूं कि वह निसंदेह अनूठा तो होगा ही। उनके लिए एक ही टिप्पणी है कि वह बेशर्त प्रेम और एकमेव अद्वितीय की साधना करते-करते उसी में समाने की तैयारी में है, यह अतिशयोक्ति नहीं बल्कि मेरी आंखो-देखी और उनके साथ पल-पल जी हुई ईबारत का सत्य है।

यह अध्याय एक साधिका लेखक की उतार-चढ़ाव भरी सुखद, बेबाक और कठिन यात्रा के पड़ावों और पायदानों पर खड़े होकर खुद का ईमानदार स्वमूल्यांकन है। साथ ही यह परम सत्य की एक साधिका और परम ज्ञान की जिज्ञासु की अन्तर्यात्रा का दस्तावेज है। वह बताती हैं कि कैसे उनके जीवन की सारी कठिनाईयां एक विवेकी गुरू के सानिध्य में खुद-ब-खुद सुलझती गईं- दुनियादारी-प्रशासनिक सेवा की गुरूत्तर जिम्मेदारियां-अध्यात्म के गूढ़ रहस्यों की अनुभूतियां। अपने गुरू की हर छोटी-छोटी बात से जीवन का पाठ पढ़कर अपने लिए पाथेय बटोरने के दिलचस्प अनुभव पठनीय हैं। यह भाव विभोर करने वाला अध्याय है। लेखिका की ईश्वर में गहरी आस्था और हर क्षेत्र के ज्ञान को एक जगह समेटने वाली यह एक प्रशंसनीय और पठनीय पुस्तक है। प्रेम जी महाराज के मौन, षिश्ट आचरण का अनोखा दस्तावेज है यह अध्याय। प्रेम जी महाराज के माध्यम से बताता है कि इस धरती पर इंसान की रहनी-सहनी कैसे होनी चाहिए? एक तरह से उसकी कुंजी भर है यह अध्याय। पुस्तक पढ़ते हुए मुझे क्या मिला यह मेरी अपनी अनुभूति एवं पाथेय है। लेकिन एक बात जरूर कहूंगी कि मैंने पिछले 40 सालों में लेखिका के समग्र व्यक्तित्व को पहली बार गहराई से महसूस किया इस पुस्तक के माध्यम से ही।

एनैक्सर में लेखिका ने कई प्रसंगों द्वारा प्रेम जी महाराज की निर्भय, र्निवैर, निष्पक्ष और साधना की उच्चावस्था को दिखाया है, जब वह उड़ीसा की 3000 साल पुरानी सभ्यता विक्रम खोल तक पहुंचे एक कठिनतम साहसिक यात्रा के बाद बीहड़ जंगलों में भटकते हुए। इसको पढ़ने के बाद एक ही शब्द निकला कि क्या लोग थे वह? और इससे बेहतर क्या यात्रा वृतांत कोई लिखेगा? यहीं पर यह पुस्तक संदर्भो की एक बड़ी सूची के साथ अपने भव्य अंत तक पहुंचकर पाठकों को गहरे मौन में प्रविश्ट कराकर समाप्त हुई।

पुस्तक पर सारगर्भित टिप्पणी करना मेरे बूते का नहीं। हां! ‘सौंगस ऑफ कबीर’ के अनुवादक और कवि अरविंद कृश्ण मल्होत्रा ने लिखा- ‘‘इन दो महान गुरूओं और धरातल पर 100 सालों से चल रहे अमृतवाणी सत्संग के बोये उनके बीज सबकी भलाई और समाजिक-आर्थिक-राजनैतिक समानता के लिए पवित्र राम-नाम के आहवान की उर्वरा भूमि में कहीं गहराई में दबे हैं। राम-नाम की यह भक्ति धारा उत्तरी भारत में भक्ति आंदोलन के समकालिन एक सतत् श्रृंखला के तौर पर उभरी, जिसने समाज को गुरूओं व पंडितों के प्रभाव से सर्वथा मुक्त कर जाति-वर्ग-वर्ण-संप्रदाय-जेंडर भेद-भाव आदि से परे हटाकर परम सत्य के हर साधक को स्वतंत्र रूप से परमेश्वर प्राप्ति का एक सुलभ रास्ता दिखाया है। पूर्णतया मौलिक शोध पर आधारित यह पुस्तक कभी अंग्रेजी में ‘हिंदू धर्म के अध्ययन’ हेतु प्रयुक्त होगी। डा. डेविड निकिल, प्रोफेसर एंड चेयर, डिपार्टमेंट ऑफ रिलिजन, यूनिवर्सिटी ऑफ नार्थ कैरोलिना, पैमब्रूक, यू.एस.ए. की टिप्पणी है- ‘‘मुझे पुस्तक पढ़ने में बड़ा आनंद आया। यह लेखिका की अध्यात्मिक यात्रा के साथ ही उनके जीवन में बदलाव लाने वाले मुख्य किरदारों, उनके कार्यों एवं अनुभवों का एक जीवंत दस्तावेजीकरण है।’’

एक और आयाम खोलते हुए ‘प्ले राइट अवार्ड विजेता’ कवि, लेखिका और फिल्ममेकर सागरी छाबरा टिप्पणी करती हैं-‘‘ यह एक विद्वान, अनुभवी और भारतीय प्रशासनिक सेवा की महिला अधिकारी की अपने दो गुरुओं की अध्यात्मिक यात्रा के साथ ही धार्मिकता और महिलाओं पर उनके व्यापक दृष्टिकोण को दर्शाती एक आश्चर्यजनक अध्यात्मिक पुस्तक है। इसे अवश्वमेव पढ़ा ही जाना चाहिए!’’ महाभारत के प्रखर विद्वानए जेंडर और लैंगिक विशेषज्ञ एस.पी..एम.सी. दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्राध्यापक डा. अंजनी शंकर पांडे की यह टिप्पणी पुस्तक की गूढ़ता बताती है- ‘‘नीरू नंदा का यह कार्य मौलिक शोध की पूर्व अपेक्षाओं को उजागर और स्पश्ट करने में बहुत उपयोगी साबित होगा। अपने गुरू द्वारा ‘वाल्मिकीय रामायण सार पर लिखे भाग्य के अंशों का उदाहरण लेकर इस विशयक कई पूर्व प्रस्तुतियों पर अलोचनात्मक टिप्पणी करते हुए वह वाल्मिकीय रामायण सार सरीखे आदि ग्रंथ से की गई छेड़छाड़ को सामने लाई हैं।’ बकौल रामकृश्ण मिशन की वरिश्ठ साधिका नीलिमा पंडित-‘‘नीरू तुम्हारी किताब बहुत उम्दा और खास एकेडमिक बुक है। यह आम लोगों के लिए न लिखी गई और न वह इसे समझने की कुव्वत रखते हैं। यह कैसे और कब प्रयोग होगी यह समय ही बताऐगा।’

उत्तराखंड से स्वामी जी का नजदीकी रिश्ता रहा है। डा. राजेन्द्र प्रसाद व पंडित नेहरू के मित्र देहरादून के प्रतिष्ठित रायबहादुर लाला जोधामल स्वामी जी के अभिन्न मित्रों में थे। स्वामी जी अक्सर उनके आवास 33 रेसकोर्स, देहरादून में ठहरते थे। अमृतधारा दवा कंपनी के संस्थापक ठाकुर दत्त शर्मा वैद्य जी स्वामी जी के करीबी मित्र थे। पहली वाल्मिकीय रामायण सार का प्रकाशन अमृतधारा लाहौर ने ही सन् 1935 में कराया। देहरादून में श्रीराम शरणम् का सत्संग रोज रेसकोर्स में चलता है। 1935 में स्वामी जी ने दीक्षित साधकों की आध्यात्मिक उन्नति के लिए साधना सत्संग शिविर शुरू किये। पहला शिविर उसी साल हरिद्वार में लगा। हरिद्वार सत्संग भवन रायबहादुर लाला जोधामल ने सन् 1960 में बनवाया। आचार्य विनोबा भावे समेत हर मत-मतांतर के विद्वान, श्रेष्ठ व सुधीजन उनके अभिन्न मित्र थे। स्वामी जी का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आचार्य गोवलकर के साथ आत्मीयता से बैठा एक चित्र भी मैंने देखा।

जब देश सांप्रदायिकता की आग में झुलस रहा था। महात्मा गांधी सहित हर नेता विभाजन रोकने की कोशिश में था। उस वक्त यह साधु भी अपने सामाजिक-सद्भाव के प्रयासों में चुपचाप लगा था। सत्य के इस साधक को किसी से कोई वैर-शिकायत-शिकवा न था। समाज में व्याप्त हर कुरीति और संकीर्णता की दीवार तोड़ने का अदम्य साहस रखने वाले स्वामी सत्यानंद जी के पेट में एक मुस्लिम युवक ने 9 अक्टू. 1927 को उस वक्त चाकू घोंपा, जब वह प्रसिद्ध राजहंस प्रकाशन लाहौर की प्रैस में ‘भक्तिप्रकाश’ के फू्रफ करा रहे थे। घटना की पृश्ठभूमि कुछ यूं है- राजहंस प्रकाशन द्वारा पूर्व प्रकाषित एक पुस्तक ‘रंगीला रसूल’ ने मुस्लिम भावनाओं को बहुत चोट पहुंचाई थी। इसलिए मुस्लिम समाज बदला लेने के लिए पुस्तक के लेखक की तलाश में था। आर्य समाज और मुस्लिम संस्थाओं के बीच के विवाद में स्वामी सत्यानंद जी आर्य समाज के वरिष्ठ व अति सम्मानित साधु होते हुए भी इस आपसी स्पर्धा से दूरी बनाए रखते थे। इस अनूठे गुरू स्वामी सत्यानंद जी की समकालिन हिंदू धर्म की विलक्षण सोच का अप्रतिम प्रमाण है कि 9 अक्टूबर 1927 के दिन घायल होने पर भी वह चुपचाप अकेले बिना शोर-शराबा किये तांगे में बैठे। पेट से निकलने वाले खून के तेज प्रवाह को अंगवस्त्र से रोका। खबर आग की तरह फैली। पुलिस के उच्चाधिकारी अस्पताल दौड़े। स्वामी जी ने यह कह मौन धारण कर लिया कि- ‘‘मेरा किसी से वाद-विवाद नहीं हुआ। साधु का कोई दुष्मन नहीं होता।’’ जब देश सांप्रदायिकता की आग में झुलस रहा था। हिंदू-मुस्लिम विवाद चरम पर था। बंटवारे की आग सुलग रही थी। सोचिए ऐसे में एक लोकप्रिय हिंदू साधु पर मुस्लिम युवा के हमले की पुष्टि होने पर कितनी मार-काट मचती? स्वामी जी के मौन ने इसे टाल दिया। हर संकीर्णता व बंधनों से परे हटकर सहिश्णुता, समरसता व सद्भाव का हिमायती यह अद्धितीय संत 13 नवंबर 1960 को रात्रि 10.20 मिनट पर राम-नाम जपते-जपते उसी र्निगुण राम में समा गया, जिसकी ज्योति 100 साल बाद भी आज बिना किसी गुरूडम के भारत के कोने-कोने समेत अमेरिका, कनाडा, आस्ट्रेलिया, सिंगापुर आदि में प्रज्वलित है।

पुस्तक शोध, रचनात्मकता, सशक्त लेखन, विश्लेषण और हिंदू धर्म को व्यापकता में समझने के दृष्टिकोण से एक अनमोल कृति है। इसके अध्याय क्रमबद्ध व व्यवस्थित हैं। बहुत गंभीरता व जिम्मेदारीपूर्वक लेखिका ने दो संतों की जीवन यात्रा को वैदिक संस्कृति व समकालीन हिंदू धर्म के परिदृश्य के साथ एक माला के फूलों की तरह खुबसूरती से गूंथा है। अध्याय-दर-अध्याय इन फूलों की ताजगी व महक बढ़ती ही गई। यह पुस्तक इन गुरू-शिश्यों की एक साथ कली से प्रस्फुटित हो फूल बनने की सुंदर कहानी है। पुस्तक का अंत रहस्यमयी व प्रभावशाली है, जहां लेखिका गुरू स्वामी सत्यानंद जी को पूर्णता की प्राप्ति और रूमी को अपने मुर्षीद के विछोह में भी अन्र्तयात्रा की पूर्णता पर आनंदित हो नटराज के माफिक नृत्य करते देखती हैं। जहां सृश्टि के सारे दृश्य खत्म हो मन शांत हो जाता है। वहां मुर्शिद हृदयगुहा में बांह फैलाये अपने शार्गिद के साथ एकाकार है। वहां मैं-मैं नहीं सिर्फ तू ही तू है। वहां मेरा-तेरा नहीं है। न वहां तू बड़ा है और न ही मैं छोटा। वहां न कोई अपना है और न कोई पराया। उस चिदानंद रूपं शिवोहम्-शिवोहम् की पागलपन (पा लिया जिसने) की अवधूती आनंद अवस्था में पहुंच द्वैत का द्वंद ही खत्म हो गया। पाठकों को उस र्निगुण राम तत्व की झलक दिखा लेखिका ने विस्मय से अवाक खड़ा कर दिया कि अब इससे आगे क्या? सच में कमाल की हतप्रभ करने वाली पुस्तक है। इस उच्च अवस्था तक तो कोई पहुंचा योगी, फकीर, जोगी, यति, तपस्वी, ज्ञानी, संत, महात्मा, मस्तमौला ही पहुंचेगा जिसे न कुछ न पाने की चाह है और न कुछ खोने का भान ही। किताब की एक-एक लाईन गहरे चिंतन को उकसाती है। यह पुस्तक लेखिका की साधना की उच्चावस्था का भान भी है।

लेखिका ने अपने दो गुरूओं स्वामी सत्यानंद जी महाराज और श्री प्रेमजी महाराज के जीवन दर्शन द्वारा वैदिक संस्कृति से आज तक के इतिहास के अलग-अलग कालखंडों में विषिश्ट भारतीय चिंतन-दर्शन, सनातन धर्म, भक्ति आंदोलन, समकालिन हिंदू धर्म सहित भारत के अलग-अलग मत-मतांतरों, पंथों, धर्म, संप्रदाय के शीर्ष ऋषियों-मुनियों-प्रर्वतकों के कालजयी ज्ञान और देश-दुनिया के मूर्धन्य विद्धानों-मनीशियों-चिंतकों के सर्वोच्च ज्ञान-विज्ञान को हाजिर-नाजिर मानकर क्या कुछ लिख डाला है, यह जानने को आपको पुस्तक पढ़नी ही होगी। काश! यह हिंदी में भी होती। मैंने लेखिका को पुस्तक प्रशंशा में दो शब्द कहने चाहे तो वह र्निविकार भाव से बोलीं अरे कुसुम! मैं तो सिर्फ रायॅल कोर्ट की स्टैनोग्राफर और क्लर्क हूं, यदि सच में तुमको कुछ किताब से मिला है तो इसका हिंदी अनुवाद करो। मेरा मन ठहर सा गया इस पुस्तक के इर्द-गिर्द। आप भी पढ़ें और देखें आपको क्या अनुभूति होती है?

7 जुलाई 2025 इस अनूठे गुरू स्वामी सत्यानंद जी के डलहौजी ब्रहम साक्षात्कार की सौवीं वर्षगांठ है। शताब्दी वर्ष के इस खास मौके पर दैवयोग से प्रकाशित यह बेमिसाल पुस्तक लेखिका नीरू नंदा जी की अपने गुरूओं को दी मौन विनम्र श्रृद्धांजली ही है! ऐसे महान गुरूओं को बार-बार नमस्कार, जिनकी प्रेरणा से ही यह अद्वितीय प्रकाशन संभव हो सका और मुझे भी इसका सहयात्री बनने का दुर्लभ मौका मिला।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *