
डॉ. विनोद बछेती और पर्वतीय कला केंद्र के अध्यक्ष चंद्र मोहन पपनै को मिली सदस्य की जिम्मेदारी, उत्तराखंड की लोक संस्कृति और भाषाओं के संरक्षण-संवर्धन को मिलेगी नई गति
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग ने गढ़वाली, कुमाऊनी एवं जौनसारी अकादमी की शासी निकाय (गवर्निंग बॉडी) का पुनर्गठन करते हुए 17 सदस्यीय नई कार्यकारिणी की घोषणा की है। 18 नवंबर 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार डॉ. धीरज जोशी को अकादमी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं दिल्ली भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. विनोद बछेती और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्था पर्वतीय कला केंद्र, दिल्ली के अध्यक्ष चंद्र मोहन पपनै सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
नई कार्यकारिणी के गठन को दिल्ली-एनसीआर में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, क्षेत्रीय भाषाओं, साहित्य, लोकगीत-संगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अधिसूचना के अनुसार अकादमी की नई शासी निकाय में दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री अध्यक्ष होंगे, जबकि डॉ. धीरज जोशी उपाध्यक्ष का दायित्व संभालेंगे। प्रमुख सचिव (वित्त), दिल्ली सरकार तथा सचिव, कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग पदेन सदस्य होंगे।
नई कार्यकारिणी में विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों को प्रतिनिधित्व
नई कार्यकारिणी में डॉ. विनोद बछेती और चंद्र मोहन पपनै के अतिरिक्त प्रो. (डॉ.) सारिका गोसाईं, अर्जुन राणा, तुलसी जोशी, नित्यानंद गैरोला, सत्या जोशी, हरेंद्र डोलिया, माया बिष्ट, विजय लक्ष्मी घनश्याल, निर्मला (नेहा) उप्रेती और जसवंत रावत को सदस्य नियुक्त किया गया है। अकादमी के सचिव सदस्य सचिव का दायित्व निभाएंगे।
डॉ. विनोद बछेती और चंद्र मोहन पपनै की नियुक्ति महत्वपूर्ण
नई कार्यकारिणी में डॉ. विनोद बछेती और चंद्र मोहन पपनै को सदस्य बनाए जाने को विशेष महत्व दिया जा रहा है। दिल्ली भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. विनोद बछेती लंबे समय से उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं।
वहीं चंद्र मोहन पपनै राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्यातिप्राप्त सांस्कृतिक संस्था पर्वतीय कला केंद्र, दिल्ली के वर्तमान अध्यक्ष हैं। वह पिछले पांच दशकों से इस प्रतिष्ठित संस्था से निरंतर जुड़े हुए हैं और उत्तराखंड की लोक संस्कृति, लोककला तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। एक प्रतिष्ठित लेखक होने के साथ-साथ प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के क्षेत्र में भी उनकी विशिष्ट पहचान है।
इन दोनों अनुभवी व्यक्तित्वों को अकादमी की शासी निकाय में स्थान मिलने से दिल्ली-एनसीआर में उत्तराखंड की सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
लोकभाषाओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में अकादमी की महत्वपूर्ण भूमिका
उल्लेखनीय है कि गढ़वाली, कुमाऊनी एवं जौनसारी अकादमी लंबे समय से उत्तराखंड की तीन प्रमुख क्षेत्रीय भाषाओं—गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी—के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ-साथ लोकसाहित्य, लोककला, लोकसंगीत और पारंपरिक सांस्कृतिक विधाओं को प्रोत्साहित करने का कार्य करती आ रही है।
दिल्ली-एनसीआर में उत्तराखंड मूल के लाखों प्रवासी निवास करते हैं। ऐसे में अकादमी की भूमिका केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रवासी समाज की नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा, सांस्कृतिक पहचान और पैतृक जड़ों से जोड़ने में भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
नई कार्यकारिणी से अपेक्षा की जा रही है कि वह गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी भाषाओं के प्रचार-प्रसार, साहित्यिक आयोजनों, लोक कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने, सांस्कृतिक उत्सवों के आयोजन तथा युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में प्रभावी पहल करेगी।
दो वर्ष का होगा कार्यकाल
अधिसूचना के अनुसार पदेन सदस्यों को छोड़कर शासी निकाय के अन्य सदस्यों का कार्यकाल अधिसूचना जारी होने की तिथि से दो वर्ष निर्धारित किया गया है। नई कार्यकारिणी के गठन से दिल्ली-एनसीआर में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, साहित्य और भाषाई विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रयासों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
