अंतरराष्ट्रीय लेखक गांव महोत्सव में युवा संगम के प्रतिनिधियों ने की सहभागिता

Lekhak Village Thano

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा- युवा संगम से सुदृढ़ हो रही राष्ट्रीय एकता की भावना

  • हिमांतर ब्यूरो, (थानो) देहरादून

 ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से संचालित ‘युवा संगम’ कार्यक्रम के अंतर्गत पश्चिम बंगाल से उत्तराखंड पहुंचे युवा प्रतिनिधियों ने थानो स्थित लेखक गांव में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। लगभग 60 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति वाले इस महोत्सव में कला, साहित्य और संस्कृति से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। पश्चिम बंगाल से आए युवाओं ने इन गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करते हुए देश की सांस्कृतिक विविधता और एकता का संदेश दिया।

महोत्सव के विशेष सत्र में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टमटा, पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ और हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

युवा संगम से मजबूत हो रही राष्ट्रीय एकता : धामी

युवा प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से प्रारंभ ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ और ‘युवा संगम’ जैसे कार्यक्रम देश की विविधता में एकता की भावना को सुदृढ़ कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की देवभूमि संस्कृति और पश्चिम बंगाल की समृद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत के बीच संवाद युवाओं को राष्ट्रीय एकता के सूत्र में जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल से आए युवा प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को विभिन्न राज्यों की संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली को निकट से समझने का अवसर प्रदान करते हैं।

Yuva Sangam

भारत की ज्ञान परंपरा से जुड़ रहे युवा : निशंक

पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने अंतरराष्ट्रीय लेखक गांव महोत्सव में युवा प्रतिनिधियों की सहभागिता का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि युवा संगम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। यह कार्यक्रम युवाओं को भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक विविधता तथा विभिन्न राज्यों के भौगोलिक और सामाजिक परिवेश से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराता है।

केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टमटा ने कहा कि सांस्कृतिक और साहित्यिक आदान-प्रदान से युवाओं को एक-दूसरे के राज्यों की विकास यात्रा, परंपराओं और ऐतिहासिक धरोहरों को समझने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजन आपसी सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

युवाओं के सर्वांगीण विकास में सहायक होगा भ्रमण : कुलपति

हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय के लिए यह गौरव का विषय है कि उसे उत्तराखंड के नोडल संस्थान के रूप में युवा संगम कार्यक्रम के संचालन का अवसर मिला है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण से युवाओं के ज्ञान और अनुभव में वृद्धि होगी तथा उनके सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी।

Yuva Sangam

विश्वविद्यालय की ओर से मुख्यमंत्री को भेंट किया स्मृति चिह्न

कार्यक्रम के दौरान हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की ओर से युवा संगम के नोडल अधिकारी एवं पृथ्वी विज्ञान संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. महावीर सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर प्रो. नेगी ने युवा संगम कार्यक्रम के उद्देश्यों, इसकी उपयोगिता तथा विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित विभिन्न शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी दी।

अंतरराष्ट्रीय साहित्यकारों से संवाद कर उत्साहित हुए युवा

पश्चिम बंगाल की नोडल संस्था आईआईटी खड़गपुर के प्राध्यापकों एवं समन्वयकों के साथ उत्तराखंड पहुंचे युवा प्रतिनिधियों को अंतरराष्ट्रीय लेखक गांव महोत्सव में देश-विदेश के साहित्यकारों, विचारकों और शिक्षाविदों से संवाद करने का अवसर मिला।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और विदेशी प्रतिनिधियों के साथ विचारों का आदान-प्रदान कर छात्र-छात्राएं उत्साहित नजर आए। युवाओं ने इस अनुभव को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका समझने के साथ विभिन्न संस्कृतियों के प्रति सम्मान और आपसी समझ विकसित करने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय और आईआईटी खड़गपुर के संकाय सदस्य, समन्वयक तथा अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *