हेमा नेगी करासी को मिला ‘Amazing India Award’, उत्तराखंड की लोक संस्कृति का बढ़ाया मान

Hema karasi

 

  • हिमांतर ब्यूरो, देहरादून

उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक संगीत को देश-दुनिया में पहचान दिलाने वाली प्रसिद्ध लोक गायिका एवं जागर सम्राज्ञी हेमा नेगी करासी को प्रतिष्ठित ‘अडानी प्रेजेंट्स अमेजिंग इंडिया अवार्ड’ (Adani Presents Amazing India Award) से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उनकी दीर्घकालीन कला साधना और उत्तराखंड की लोक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

हेमा नेगी करासी ने अपनी मधुर आवाज और लोकगीतों के माध्यम से न केवल देश-विदेश में उत्तराखंड की संस्कृति का परचम लहराया है, बल्कि युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के लिए भी निरंतर कार्य किया है। इससे पहले भी उन्हें उनकी कलात्मक सेवाओं के लिए ‘तीलू रौतेली पुरस्कार’ और ‘उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार’ जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।

Amazing India Award

इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए हेमा नेगी करासी ने कहा, “यह पुरस्कार सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि मेरी देवभूमि उत्तराखंड की पूरी लोक संस्कृति, हमारे पारंपरिक वाद्यों और उन सभी कलाकारों का सम्मान है, जो हमारी लोक विरासत को सहेजने में दिन-रात जुटे हैं।”

हेमा नेगी करासी संगीत और कला के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहने के साथ-साथ ‘HNK सांस्कृतिक सेवा ट्रस्ट’ के माध्यम से नई पीढ़ी को पारंपरिक वाद्ययंत्रों का निःशुल्क प्रशिक्षण भी दे रही हैं। उनका उद्देश्य उत्तराखंड की समृद्ध लोक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और उसे जीवंत बनाए रखना है।

राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान से उत्तराखंड के कला एवं संस्कृति जगत में हर्ष का माहौल है। हेमा नेगी करासी के प्रशंसकों, साथी कलाकारों और शुभचिंतकों की ओर से उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं। यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत कला-सफर का महत्वपूर्ण पड़ाव है, बल्कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पारंपरिक संगीत के लिए भी गौरव का क्षण है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *