
- हिमांतर ब्यूरो, अल्मोड़ा
अल्मोड़ा जनपद के डोल स्थित आश्रम में आयोजित श्री कल्याणिका हिमालय देवस्थानम न्यास के श्री पीठम स्थापना महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 1100 कन्याओं का पूजन कर माँ राजेश्वरी का अभिषेक एवं विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

डोल आश्रम पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर में स्थापित श्रीयंत्र एवं यहां संचालित विभिन्न आध्यात्मिक गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यहां स्थापित विश्व के सबसे बड़े श्रीयंत्र के दर्शन से एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति होती है। उन्होंने बताया कि बाबा कल्याणदास की तपस्या और साधना के कारण यह स्थान आज वैश्विक स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का प्रमुख केंद्र बन गया है। साथ ही उन्होंने बाबा कल्याणदास द्वारा विश्व स्तर पर आध्यात्मिक जागरूकता फैलाने के प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आश्रम धार्मिक आस्था, आध्यात्मिक साधना और सांस्कृतिक चेतना का प्रमुख केंद्र बन चुका है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर आत्मिक शांति का अनुभव कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और चारधाम यात्रा में प्रतिवर्ष बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या प्रदेश में विकसित हो रही बेहतर व्यवस्थाओं और सुविधाओं का परिणाम है।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक मोहन सिंह मेहरा, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
