
- हिमांतर ब्यूरो, मोरी/उत्तरकाशी
घर से बिना बताए लापता हुए चार मासूम बच्चों को उत्तरकाशी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू क्षेत्र से सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चों की सुरक्षित वापसी से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, बीते 11 मार्च को चौकी आराकोट, थाना मोरी में एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उसके चार बच्चे, जिनकी उम्र लगभग 12 से 15 वर्ष के बीच है, 10 मार्च को घर से बिना बताए कहीं चले गए हैं और वापस नहीं लौटे। बच्चों के अचानक लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के निकट पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत के नेतृत्व में तत्काल एक पुलिस टीम का गठन कर बच्चों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर खोजबीन शुरू की और आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सूचना मिली कि बच्चे हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू क्षेत्र में देखे गए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर चारों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया।
बरामदगी के बाद बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चों की सुरक्षित वापसी पर परिजनों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई और उन्होंने उत्तरकाशी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
इस दौरान पुलिस ने परिजनों को बच्चों की सुरक्षा और निगरानी को लेकर आवश्यक हिदायतें भी दीं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
पुलिस की अपील
उत्तरकाशी पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की गतिविधियों पर विशेष ध्यान रखें, उन्हें बिना बताए कहीं जाने से रोकें और किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।
