चाहे बल्द  बैचे जो, स्याल्दे जरूर जांण छू!

चारु तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार 

मनेरगा में काम चलि रौ, डबलों रनमन,
मदना करूं दिल्ली नौकरी, खात में डबल छन।

आज जब मैं अपने अग्रज, साहित्यकार, रंगकर्मी और लोक के चितेरे उदय किरौला जी से बात कर रहा था तो उन्होंने मुझे द्वाराहाट में इस बार लगे झोड़े के बारे में बताया। आज द्वाराहाट में स्याल्दे का मेला लगेगा। स्याल्दे मेले के बारे में द्वर्यावों (द्वाराहाट वाले) मे एक मुहावरा प्रचलित है ‘बल्द बिचै जाओ लेकिन स्याल्दे जरूर जांण छू। इस बार भी स्याल्दे मेले न जा पाने की कसक तो है, लेकिन किरौला जी के सुनाये झोड़े ने द्वाराहाट की स्मृतियों को हमेशा की तरह ताजा कर दिया। उन सामूहिक स्वरों को भी जो हमारी चेतना आ आधार रहे हैं। इन स्वरों में युगो-युगों से संचित चेतना है। यही वजह है कि यहां लगने वाले झोड़ों ने आज भी उन सामूहिक अभिव्यक्तियों को नहीं छोड़ा है जो आज किसी न किसी तरह खामोश किये जा रहे हैं। सरकारों के भ्रष्टाचार को मिटाने के तमाम दावों के बीच इस बार के इस झोड़े ने गांवों में मनेरगा में हो रही अनियमितताओं को उजागर कर दिया है। और बताया कि दिल्ली में काम करने वाले आदमी के खाते में कैसे मनेरगा के पैसा जा रहा है। यही ताकत है स्याल्दे मेले की और उन ग्रामीण स्वरों की जो हर कालखंड में लोगों को उनके हकों के लिए लड़ने को प्रेरित करते हैं।

सत्तर का दशक। 1974-75 का समय। हम बहुत छोटे थे। द्वाराहाट को जानते ही कितना थे। इतना सा कि यहां मिशन इंटर काॅलेज के मैदान में डिस्ट्रिक रैली होती थी। हमें लगता था ओलंपिंक में आ गये। विशाल मैदान में फहराते कई रंग के झंडे। चूने से लाइन की हुई ट्रैक। कुछ लोगों के नाम जेहन में आज भी हैं। एक चैखुटिया ढौन गांव के अर्जुन सिंह जो बाद तक हमारे साथ बालीवाॅल खेलते रहे। उनकी असमय मौत हो गई थी। दूसरे थे महेश नेगी जो द्वाराहाट के पूर्व विधायक रहे हैं। ये हमारे सीनियर थे। एक थे बागेश्वर के टम्टा। अभी नाम याद नहीं आ रहा। उनकी बहन भी थी। ये सब लोग शाॅर्ट रेस वाले थे। अर्जुन को छोड़कर। वे भाला फेंक, चक्का फेंक जैसे खेलों में थे। महेश नेगी जी का रेस में स्र्टाट हमें बहुत पसंद था। बाद में वे स्पोर्टस कालेज चले गये। हम लोग वाद-विवाद प्रतियोगिता में भाग लेते थे। पहली बार जब वाद-विवाद प्रतियोगिता के लिये मिशन इंटर काॅलेज सभागार में नाम पुकारा तो मंच पर जाते ही बोलने के बजाए रोने लगा था। पहली बार मंच का अनुभव बहुत सिखाने वाला था। मेरे खिलाफ दो बोलने वाले थे। एक थे मनोज जोजफ और एक शायद मनोज जोशी। धाराप्रवाह बोलने वाले इन दोनों का अपनी तरह का आतंक था। मनोज के पिता गांधी आश्रम में नौकरी करते थे। उन्होंने मुझे बुलाया और कहा, ‘बेटा तुम अच्छा बोल सकते हो। बस तुम्हें इतना करना है कि जब मंच में जाओ तो समझो कि सब कुछ तुम ही जानते हो। आगे कौन बैठा है इसकी परवाह मत करना।’असल में हमारे लिये द्वाराहाट किसी महानगर से कम नहीं था। वहां की नफासत और शहरी परिवेश हमें हीनभावना से भर देता। मिशन इंटर कालेज के भवन पर लिखा स्थापना वर्ष 1885 हमें पिछड़े होने का भान दिलाता।

खैर, बग्वालीपोखर जैसे ग्रामीण क्षेत्र के स्कूल से द्वाराहाट आना भी हमारी कम उपलब्धि नहीं थी। जहां न सड़क थी और न बिजली। बिजली तो तब द्वाराहाट में भी सबके घरों में नहीं थी। एक बड़ा दल हमारे स्कूल से यहां खेलों में भाग लेने आता। बग्वालीपोखर से लगभग बारह किलोमीटर दूर था द्वाराहाट। घोड़ी सड़क (जिला परिषद की सड़क) से हम दो पंक्तियों में स्कूल का झंड़ा लेकर आते थे द्वाराहाट। रास्ते में एक दुकान में बन (डबलरोटी) का नाश्ता होता था। मिशन इंटर काॅलेज में ही कमरों में रहने की व्यवस्था होती थी। पहली बार होटल में खाना भी द्वाराहाट में ही खाया। होटल क्या होता था, एक गोठ जैसा ही हुआ। कुछ कुर्सी-मेज लग गई तो हमारी भी समझ में आ गया होटल इसी को कहते होंगे। होटल मालिक ने डेढ-दो रुपये में भरपेट भोजन देता था। हमारी टीम में ऐसे भी लड़के थे जो चार लोगों के बराबर खाना खा देते। एक दिन होटल मालिक के सब्र का बांध टूट गया। बोला, ‘स्सालो तुम खाना खाते हो या जेब में भरते हो।’

द्वाराहाट के बारे में हमारी शुरुआती जानकारी इतनी ही थी। जब हम बड़े होने लगे तो कई तरह से द्वाराहाट से जुड़ाव शुरू हुआ। एक सांस्कृतिक और शैक्षिक शहर के रूप में तो द्वाराहाट है ही राजनीतिक चेतना और आंदोलनों की धरती भी रही। हमारे इलाके में कई जगह उन दिनों भागवत पुराण कथायें हुआ करती थी। व्यास जी बड़े मनोयोग से कहानी सुनाते। पूरा इलाका उमड़ पड़ता व्यासजी को सुनने। व्यास परंपरा की सबसे बड़ी खूबसूरती यह थी बहुत कम पढ़े-लिखे होने के बावजूद उनकी वकृत्व कला का कोई सानी नहीं था। हम भी सुनने जाते थे भागवत। एक प्रसंग आता था मानसखंड का। हम इसे बहुत ध्यान से सुनते। प्रसंग था द्वाराहाट को द्वारिका बनाने का। मानसखंड में जिक्र आता है कि भगवान द्वाराहाट को द्वारिका बनाना चाहते थे। इसके लिये उन्होंने कोसी और रामगंगा को द्वाराहाट में मिलने को कहा। इस संदेश को दोनों के पास पहुंचाने के जिम्मेदारी गगास नदी के तट पर (छानागोलू) में स्थित गार्गेश्वर के सेमल के पेड़ को सौंपी गई। लेकिन उसे नींद आ गई। जब उसकी नींद खुली तो तब तक रामगंगा गिवाड़ घाटी से आगे निकल चुकी थी। इस प्रकार द्वाराहाट द्वारिका बनने से रह गई। अब द्वाराहाट में मंदिर ही हैं। इसलिये इसे उत्तर द्वारिका कहा गया। समाज इतिहास और मान्यताओं दोनों के साथ चलता है इसलिए इस मिथक का भी अपना मतलब है। हमें यह कहानी इसलिये रुचिकर लगती थी क्योंकि मेरे क्षेत्र में बहने वाली गगास नदी का इसमें जिक्र था। हमें भी लगता था कि हम भी किसी इतिहास का हिस्सा हैं। फिलहाल द्वाराहाट भले ही द्वारिका न बन पाई हो, लेकिन उसने एक ऐसे सांस्कृतिक थाती के रूप में अपने को स्थापित किया है जो आज भी शैक्षिक और राजनीतिक दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है।

द्वाराहाट में लगने वाला स्याल्दे-बिखौती मेला। दूर-दूर से लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने वाली खूबियों से भरपूर। कत्यूरों ने यहां एक सुन्दर सरोवर बनाया। बताते हैं कि इसमें कमल खिला करते थे। इसी सरोवर के किनारे ‘शीतला देवी’ और ‘कोट कांगडा देवी’ मंदिर हैं। इसी स्थान पर कत्यूरी राजा ‘ब्रह्मदेव’ और ‘धामदेव’ की पूजा की जाती थी। यही सरोवर बाद में शीतला देवी के नाम पर स्याल्दे पोखर कहा गया। इसी पोखर के किनारे बैशाखी पर ‘स्याल्दे-बिखौती’ मेला भी लगता था। इस मेले में योद्धा अपने युद्ध कौशल का परिचय देते थे। इतिहास बताता है कि तब यह पाषाण युद्ध के रूप में होता था। बाद में यह बंद हो गया। अब यह मेला ‘ओड़ा भेंटने’ का होता है। इसमें तीन आल, नज्यूला और खरक खापें हैं जो नगाड़े-निशाणों के साथ स्याल्दे-बिखौती मेले की परंपरा को आगे बढ़ाते हैं। बिखौती का मेला विमांडेश्वर में रात को होता है।

हर दल अपने. अपने परम्परागत तरीके से आता है और रस्मों को पूरा करता है। आल नामक धड़े में तल्ली. मल्ली मिरई, विजयपुर, पिनौली, तल्ली मल्ल किराली के कुल गाँ है। इनका मुखिया मिरई गाँव का थौकदार हुआ करता है। गरख नामक धड़े में सलना, बसेरा, असगौली, सिमलगाँव, बेदूली, पैठानी, कोटिलाए गवाड़ तथा बूँगा आदि लगभग चालीस गाँव सम्मिलित हैं। इनका मुखिया सलना गाँव का थोकदार हुआ करता है। नौज्यूला नामक तीसरा धड़े में छतीना, बिदरपुर, बमनपुर, सलालखोला, कौंला, इड़ा बिठौली, कांडे, किरौलफाट आदि गाँव हैं। इनका मुखिया द्वाराहाट का होता है। मेले का पहला दिन बाट्पुजे (मार्ग की पूजा) या नानस्याल्दे कहा जाता है । बाट्पुजे का काम प्रतिवर्ष नौज्यूला वाले ही करते हैं । वे ही देवी को निमंत्रण भी देते हैं।

द्वाराहाट का स्याल्दे-बिखौती मेले का ऐतिहासिक महत्व तो है ही इसका सबसे बड़ा महत्व है जनचेतना का। यह जनचेतना निकलती है गांवों से। यह सामाजिक समरसता का प्रतीक तो है ही प्रतिकार की धारा का प्रतिनिधित्व भी करती है। एक बड़ा आकाश है लोक विधाओं का। इसे जितना समेटना चाहेंगे वह बढ़ता ही जायेगा। गांवों में एक माह पहले से रात को ‘झोड़ों’ की जो गूंज सुनाई देती थी वह चेतना के नए द्वार खोलती थी। हमारे गांव के आसपास के गांवों में भी झोड़ों की धूम रहती। हमारे यहां से रानीखेत 16 किलोमीटर है। उसके पास ही का जंगल है ‘उपट’ का जंगल। हमारे यहां से अगर पैदल रास्ते से जायें तो भी लगभग नौ किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई। हमारी गगास घाटी का जंगल ‘उपट’ ही था जिस पर हमें हक-हकूक मिलते थे। च्याली, भेट, छाना, तमाखानी, मनेला गांवों की महिलायें सुबह ही निकल जाती थी इस चढ़ाई में लकड़ी लेने। एक साथ झोड़े गाती हुई। झोड़ा उनके जीवन का संगीत था। आगे चलने, संघर्ष करने की प्रेरणा भी।

सुबह-सुबह इन झोड़ों को सुनने का भी एक आनंद था। हमारे गांव में झोड़ा, चाचरी, भगनौले नहीं हो सकते थे। ब्राह्मणों का गांव था। ब्राह्मणों को इसमें जाने की मनाही थी। ब्राह्मण कहीं झोड़ा-भगनौला गायेंगे। इसमें तोहीन समझी जाती थी। तभी तो अल्मोड़ा के पहले सांसद देवकीनन्दन पंत को हुड़का बजाने और भगनौल गाने के कारण ही ‘हुड़की बामण’ या ‘हुड़की वकील’ कहा गया। मैं समझता था इतनी अच्छी विधा से ब्राह्मणें को एतराज क्यों होगा। खैर मैं तो झौड़े-भगनौले गाने लगा। अपने साथियों के साथ। बहुत किरकिरी होती थी मां-बाप की। पूरे खानदान की नाक ही डूब गई भगनौले गाकर। लेकिन आनंद आया। इसी ने हमारी दिशा बदल दी और सामाजिक चेतना की एक बड़ी खिड़की खुल गई। व्यापक सरोकारों का रास्ता भी मिल गया।

जब महिलायें झोड़ा गाती तो उनकी व्यापक दृष्टि का पता चलता। अपने संसार को वह कितनी भली प्रकार जानती हैं, यह झोड़ों में प्रतिबिंबित होता। कोई गीत ऐसा नहीं था जिसकी अपनी खासियत न हो। झोड़े सामूहिकता की उपज हैं। कोई एक जोड़ बना दे तो उसे दूसरा पूरा कर दे। बन गया झोड़ा और फूट पड़े उसमे से अलग-अलग स्वर। इसमें पौराणिक, धार्मिक, प्रेम प्रसंग, सुख-दुख, सामाजिक विसंगति, समसामयिक विषय होते थे। इस तरह के झोड़ों की एक बड़ी फेहरिस्त रही है। बड़े मनोयोग से महिलायें इन झोड़ों को गाती रही हंै। ग्रामीण परिवेश में पगी इन रचनाओं में उनके सरोकार भी साफ झलकते हैं। श्रंृगार तो झोड़ों की आत्मा है। आमजन की प्रेम की बातें तो हैं ही जीजा-साली, देवर-भाभी, प्रेमी-प्रेमिका के बीच संबंधों के जो झोड़े हैं वह ग्रामीण परिवेश में रहने वाली जनता की संवेदनाओं के बहुत मधुर तारों से बुने गये हैं। एक माह तक गांवों में चलने वाले इन झोड़ों का समापन द्वाराहाट के स्याल्दे मेले मले में होता है। आइये कुछ झोड़ों का आनंद लेते हैं-

खोल दे माता, खोल भवानी धरम किवाड़ा।
कै ल्ये रेछै भेंट पखोवा कै खोलूं किवाड़ा।।
………………………
सनगाड़ की रुमुली दीदी
बकरा पाठा छान क्या ला
ओह श्याम धुर प्रताप दाज्यू
जाठी ले घुघुर छान क्या ला
………………………
मासी क प्रतापा लौंडा इस्कूला निजान बली, स्कूला नि जान,
चैकोटे की पारवती सुरासा निजान बली, सुरासा न जान।
………………………
गोविंदी तेरो मैत्क जोगी अरौ चिमटा छम्मा छम।
………………………
सरकारी जंगल लछिमा बांजा न कटा लछिमा बांजा न कटा
यूं हमारा धुर जंगोवा नासा न कर लछिमा नासा नि करि
………………………
ओ परु डाखांण (डाकखाना) बते दे छम्म- छम्मा।
तेरी नो (नाम)े की चिठ्ठी लेखुला छम्मा- छम्मा।
………………………
ठुम्मा-ठुम्मा गंग नहै उल हिटे साई म्यार दगडा,
तू छै भिना बड़ बगाड़ा, कसि ऊनू त्यारा दगड़ा।
………………………
गाड़ मधुली राड़ मस्युरा झन टोडीए गियों
भाबरा तेली घाम लागेछे, पहाडा पडो हियो
हिसायी को रेटा, हिसायी को रेटा
आचुयी ले पानी पियो ना भरीना पेट। गाड…..
………………………
महिला: ओह शिखर डाना घामा आगेछो, छोड़ दे भीना मेरी धमेली।
पुरुष: घाम छाडी बरखा है जो, कसकी छोडो तेरी धमेली।
महिला: सास देखली, सौर देखला, छोड़ दे भीना मेरी धमेली।
पुरुष: को देखला काली पातल, कासी के छोड़ो तेरी धमेली।
………………………
मोहना लौड़ा नौल सिपाही तेरी गाड़ी मा रम बोतल।
मधुली छोरी गंगा पार की चाणा खा जाये मेरा होटल।
तेरी खुटी सलाम मधुली चाणा खा जाये मेरा होटल।
हल्द्वनी का पाल्ला टुका, चाणा खा जाये मेरा होटल।
खोदनी नहर, मोहना तेरी गाड़ी मा रम बोतल।
कि त लाये गैली माया, चाणा खा जाये मेरा होटल।

इन झोड़ों के अलावा सामाजिक विकृतियों और राजनीति पर बहुत सारे झोड़े बने हैं। आजादी के आंदोलन के दौर में में ग्रामीणों ने बहुत सारे झोड़े बनाये। भगत सिंह को फांसी देने के खिलाफ भी ग्रामीणों ने अपने स्वर दिये-
धन्य-धन्य भगत सिंहा, धन्य तुमुहणि।
पाणीं को पिजिया वीरा पांणी को पिजिया,
फांसी हणि गयो बीरा, आजादी लिजिया।

आजादी के बाद भी हर बदलाव के दौर में गांवों से झोड़ों के रूप में प्रतिकार के स्वर फूटे हैं। इंदिरा गांधी के 1975 में आपातकाल लगाने की घोषणा के खिलाफ भी महिलाओं ने झोड़े बनाये-
इंदिरा त्यर चुनाव चिन्हा गौरू दगड़ि बाछ,
इंदिरा त्यर गौरू ब्ये रौ छ, संजया हैरो ग्वाव।

इसी प्रकार जब सत्तर के दशक में सहकारी समितियों के माध्यम से घोटाले हुये तो यह झोड़े की बानगी देखिए-
…………. है रो सटबटुआ, …………………हैरो जालि, (नामों का जिक्र नहीं किया है)
न गाड़ो सौरज्यू समिति रुपैं समिति है रे जालि।

इस झोड़े को तब के जिलाधिकारी मुकुल सनवाल ने प्रथम पुरस्कार दिया था। इसी प्रकार सामाजिक सरोकारों से संबंधित कई झोड़े महिलाओं ने बनाये। उत्तराखंड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के सेंटर बदले जाने पर एक सुंदर झोड़ा सरकार को चेतावनी और लोगों की परेशानी को देखते हुये बना-
चैली लछिमा पौडर न लगा लालि
लौंडा मोहना सेंटर ल्हैगोछ पाली।

दो साल पहले पलायन को लेकर एक सुंदर और मारक झोड़ा द्वाराहाट के स्याल्दे-बिखौती मेले से उठा। उस झोड़े में सरकार की नीतियों से हो रहे पलायन और अपने खेती से विमुख हो रहे लोगों के लिए गाये इस झोड़े ने न केवल धूम मचाई, बल्कि लोगों को अपनी खेती की ओर प्रेरित करने और सरकार को अच्छी नीतियां बनाने के लिए आगाह भी किया-
च्याल-ब्वारिया दिल्ली ल्है गईं, एकलै रैगो बुड़,
खेती-पाती बंजर है गैछ, बांजि रैगे छ कुड़ि।

पिछले साल पेपर लीक मामले में और भर्ती घोटाले ने जिस तरह पूरे प्रदेश में हलचल मचाई वह एक बड़े आंदोलन के रूप में सामने आया। युवाओं ने पूरे प्रदेश में इसके खिलाफ धरना-प्रदर्शन किये। इसी के तहत कई दोषियों को सजा भी हुई। इस पर ग्रामीणों के स्वर-
पेपरा हैगो लीक हो बुबू, आंठ चली गैं आंठ,
उनरी हैरे खूब कमाई, हमारा टूटा भांट।

इसी प्रकार सरकार ने ‘हर घर नल, हर घर जल’ का जो नारा दिया उसके खोखलेपन, गांव-गांव तक पहुंचा दी शराब और हर साल जंगलों में लगने वाली आग को रोकने में असफल रही सरकार के खिलाफ भी पिछले साल विरोध के स्वर उभरे-
गौनूं में हैगे पांणी की पटा, शराबै धका-धक,
धुर जंगला आग लागि गो, सैपूं कि चका-चक।

इस बार भी द्वाराहाट मेले में नहीं जा पाया। एक किस्सा है द्वाराहाट मेले जाने का- ‘चाहे बल्द बिचै जाओ स्याल्दे कौतिक जरूर जांण छू’ (अर्थांत चाहे बैल भी बेचने पड़े लेकिन द्वाराहाट मेला जरूर जाना है।) सांस्कृतिक चेतना और उन्मुक्त इस आयोजन में प्रेम ही तो सर्वोपरि है। प्रेम बना रहे। हमारी अभिव्यक्ति के वे स्वर हमेशा जिंदा रहें जो ग्रामीण अंचल से फूटकर सत्ताओं को हिलाने का काम करती रही है। उम्मीद की जानी चाहिये कि हर साल द्वाराहाट के स्याल्दे-बिखौती से चेतना का नया झोड़ा हमें प्रतिकार के लिये तैयार करता रहेगा। आप सबको स्याल्दे-बिखौती की बहुत-बहुत बधाई। शुभकामनाएं।

संदर्भ:
* द्रोणागिरि: इतिहास और संस्कृति ; डा. मोहन चन्द्र तिवारी
* श्री उदय किरौला जी से सुने झोडे

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *