राष्ट्रीय फलक पर चमकेगी कोटद्वार की बेटियां

Prachi Kalpna Pallavi

ग्वालियर में दिखाएंगी हॉकी का दम, तीन बालिकाओं का नेशनल टीम में चयन

कोटद्वार (कण्वनगरी). कोटद्वार के खेल जगत के लिए यह अत्यंत हर्ष और गर्व का क्षण है. नगर की तीन प्रतिभावान बेटियों ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और फौलादी इरादों के बल पर उत्तराखंड की राष्ट्रीय हॉकी टीम में स्थान पक्का किया है. ये खिलाड़ी आगामी 2 से 7 जनवरी तक ग्वालियर (मध्य प्रदेश) में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में देवभूमि उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी.

इन्होंने बढ़ाया कोटद्वार का मान

राष्ट्रीय स्तर पर चयनित इन बालिकाओं ने यह सिद्ध कर दिया है कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर बेटियां किसी भी मुकाम तक पहुँच सकती हैं—

  • प्राची रावत (पुत्री श्री भारत सिंह रावत) – उत्तराखंड अंडर-14 टीम
  • कल्पना (पुत्री श्री गजपाल सिंह) – उत्तराखंड अंडर-14 टीम
  • पल्लवी (पुत्री श्री कुलदीप चंद) – उत्तराखंड अंडर-19 टीम

Prachi Kalpna Pallavi

जीजीआईसी घमंडपुर और मिनी स्टेडियम की पहचान

तीनों ही होनहार खिलाड़ी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) घमंडपुर की छात्राएं हैं. इनकी सफलता के पीछे मिनी स्टेडियम मोटाढाक के हॉकी प्रशिक्षक तेजेन्द्र रावत का समर्पित मार्गदर्शन और कठोर प्रशिक्षण रहा है. बीते दो वर्षों से अधिक समय से ये खिलाड़ी सुबह-शाम मैदान पर पसीना बहा रही थीं, जिसका सुखद परिणाम आज राष्ट्रीय चयन के रूप में सामने आया है.

अन्य खिलाड़ियों के लिए बनीं प्रेरणास्रोत

मीडिया प्रभारी शिवम नेगी ने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद इन बेटियों का राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचना कोटद्वार की अन्य उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है. प्रशिक्षक तेजेन्द्र रावत एवं खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि ये खिलाड़ी ग्वालियर के मैदान पर अपने खेल का लोहा मनवाते हुए उत्तराखंड के लिए पदक जीतकर लौटेंगी.

कोटद्वार के प्रबुद्ध नागरिकों, खेल संगठनों एवं शिक्षण संस्थानों ने तीनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें इस बड़ी चुनौती के लिए ढेरों शुभकामनाएं दी हैं.

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *