दूरस्थ क्षेत्रों के लिए बड़ी राहत: ‘संकल्प संवाद’ पोर्टल से अब घर बैठे समाधान

Sankalpsanwad DM Uttarkashi

 

  • हिमांतर ब्यूरो, उत्तरकाशी

जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए लंबा सफर तय नहीं करना पड़ेगा. जिलाधिकारी प्रशांत आर्य द्वारा ‘दक्ष उत्तरकाशी मॉडल’ के तहत शुरू किया गया संकल्प संवादपोर्टल (www.sankalpsanwad.com) अब आमजन के लिए राहत भरी पहल बनकर सामने आया है. इस पोर्टल का विधिवत संचालन 9 अप्रैल से शुरू होगा.

इस अभिनव व्यवस्था के तहत नागरिक अब घर बैठे ही प्रशासन से सीधे जुड़ सकेंगे और अपनी समस्याएं, सुझाव एवं शिकायतें दर्ज करा सकेंगे. अब तक दूरस्थ इलाकों के लोगों को जिला मुख्यालय तक पहुंचने में समय और धन दोनों खर्च करना पड़ता था, लेकिन इस पोर्टल के माध्यम से यह प्रक्रिया आसान और सुलभ हो जाएगी.

प्रशासन द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार—

  • प्रत्येक मंगलवार को दोपहर 12:30 बजे से 2:00 बजे तक जिलाधिकारी (DM) स्वयं संवाद करेंगे.
  • बुधवार को इसी समय मुख्य विकास अधिकारी (CDO) लोगों की समस्याएं सुनेंगे.
  • गुरुवार को अपर जिलाधिकारी (ADM) नागरिकों से संवाद कर समाधान सुनिश्चित करेंगे.

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच दूरी को कम करना, शिकायत निवारण प्रक्रिया को सरल व प्रभावी बनाना तथा दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि यह पहल जनपद में सुशासन और पारदर्शिता को और अधिक मजबूत करेगी.

इसके बाद जिलाधिकारी ने आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा बैठक भी ली और संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए.

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जयभारत सिंह एवं अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.

 

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *