लोकसंस्कृति हमारी पहचान और अमूल्य धरोहर, इसका संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी : मुख्यमंत्री धामी

Lokthat Mahotsav

 

लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव में मुख्यमंत्री ने लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा को दी श्रद्धांजलि, बिन्दुखत्ता में सांस्कृतिक सभागार के निर्माण की घोषणा

  • हिमांतर ब्यूरो | नैनीताल

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बिन्दुखत्ता में जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और महान लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनके परिजनों को सम्मानित करते हुए उत्तराखंड की लोकसंस्कृति के संरक्षण में उनके योगदान को याद किया।

मुख्यमंत्री ने बिन्दुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों की क्षमता वाले सांस्कृतिक सभागार के निर्माण की घोषणा की। साथ ही स्व. मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में विद्यालय, स्टेडियम सहित अन्य प्रस्तावित विकास कार्य कराने की घोषणा भी की।

Pralad Mehra Lokthat Mahotsav

लोकसंस्कृति के सच्चे साधक थे प्रहलाद सिंह मेहरा

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा केवल लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ का कठिन जनजीवन, मातृशक्ति का संघर्ष, युवाओं की भावनाएं और सामाजिक चेतना दिखाई देती है।

‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ जैसे गीत के माध्यम से उन्होंने बेटियों के सम्मान और जीवन के अधिकार का संदेश दिया, जबकि ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ में जन्मभूमि के प्रति उनका गहरा लगाव झलकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही है कि उसके जाने के बाद भी उसकी रचनाएं समाज को प्रेरित करती रहें।

महोत्सव के आयोजन के लिए समिति को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन लोकभाषाओं, लोकगीतों और परंपराओं के संरक्षण के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हैं। उत्तराखंड की पहचान केवल प्राकृतिक सुंदरता से नहीं, बल्कि उसकी समृद्ध लोकसंस्कृति से भी है। आधुनिकता के दौर में इस विरासत को सहेजना हम सभी की जिम्मेदारी है।

Lokthat Mahotsav

‘विकास भी और विरासत भी’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘विकास भी और विरासत भी’ के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सड़क, रेल और हवाई संपर्क के विस्तार के साथ सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहरों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के विकास के साथ मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत ऐतिहासिक एवं पौराणिक मंदिरों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और सख्त भू-कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

CM Dhami in Lokthat Mahotsav

बिन्दुखत्ता में 30 करोड़ रुपये से विद्युतीकरण

लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शेरनाला पर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाया गया है, जबकि विजयपुर-गौलापार क्षेत्र में चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण शुरू हो गया है। सूर्यानाला और लालकुआं की रेलवे क्रॉसिंग पर पुल निर्माण के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।

बिन्दुखत्ता में विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से नए विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनें स्थापित की जा रही हैं। लालकुआं में विद्युत व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए लगभग 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। हल्दूचौड़ के राजकीय महाविद्यालय का भी स्नातकोत्तर स्तर पर उच्चीकरण किया गया है।

इसके अलावा गौला और नंधौर नदियों से होने वाले भू-कटाव की रोकथाम के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्य तथा वन क्षेत्रों से सटे गांवों में वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए सौर ऊर्जा आधारित तारबाड़ लगाने का कार्य किया जा रहा है।

बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने के लिए केंद्र से संवाद

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को लेकर आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में केंद्र सरकार से निरंतर संवाद किया जा रहा है। उन्होंने वनाधिकार समिति के प्रतिनिधियों से भी चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का अर्थ केवल नई परियोजनाओं का निर्माण नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी जनसमस्याओं का समाधान भी है। राज्य सरकार मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है। समारोह में लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान तथा जीवन सिंह दानु को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री दीपेन्द्र सिंह कोश्यारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, दायित्वधारी शंकर कोरंगा, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी., लोक कलाकार कमल मेहरा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *