हरिबोधनी एकादशी यानी ‘बूढ़ दिवाई’ अथवा ‘इगास’

igas old diwali budhi diwali

 

चंद्रशेखर तिवारी
रिसर्च एसोसिएट, दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र, देहरादून

दीपावली के बाद आने वाली कार्तिक शुक्ल एकादशी को हरिबोधनी एकादशी कहा जाता है। उत्तराखण्ड के गढ़वाल अंचल में यह पर्व ‘इगास’ और कुमाऊँ में ‘बूढ़ दिवाई’ अथवा ‘बूढ़ी दिवाली’ के नाम से प्रचलित है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी से चार माह तक क्षीरसागर में योगनिद्रा में रहने के बाद भगवान विष्णु इसी दिन जाग्रत होते हैं। इसी कारण इस एकादशी का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्त्व है। उत्तराखण्ड के दोनों मंडलों में इससे जुड़ी परम्पराएँ अपनी विशिष्ट लोक-मान्यताओं और रीति-रिवाजों के साथ आज भी जीवित हैं।

कुमाऊँ में परम्परागत रूप से दीपावली का पर्व तीन चरणों में मनाया जाता है। शरद पूर्णिमा यानी कोजागरी को छोटी दिवाली के रूप में बाल लक्ष्मी की पूजा की जाती है। इसके बाद कार्तिक अमावस्या को मुख्य दीपावली पर युवा लक्ष्मी का पूजन होता है। इस अवधि में भगवान विष्णु के योगनिद्रा में रहने की मान्यता के कारण लक्ष्मी के पदचिह्नों की ‘पौ’ ऐपण में अंकित की जाती है। दीपावली का तीसरा चरण हरिबोधनी एकादशी को ‘बूढ़ दिवाई’ के रूप में पूरा होता है। इस तरह कुमाऊँ की दीपावली केवल एक दिन का उत्सव न होकर कई दिनों तक चलने वाली परम्परा है।

गढ़वाल में हरिबोधनी एकादशी को ‘इगास बग्वाल’ के रूप में मनाने की परम्परा है। लोकमान्यता के अनुसार, इस पर्व का सम्बन्ध गढ़वाल के वीर योद्धा और सेनापति माधो सिंह भंडारी की युद्ध से विजय प्राप्त कर गाँव लौटने की घटना से जुड़ा है। कहा जाता है कि सत्रहवीं शताब्दी में मलेथा गाँव में जन्मे माधो सिंह भंडारी एक बार तिब्बत अभियान में इतने व्यस्त हो गए कि दीपावली के अवसर पर श्रीनगर गढ़वाल नहीं पहुँच सके। उनके युद्ध में शहीद होने की आशंका के कारण लोगों ने उस वर्ष दीपावली नहीं मनाई। दीपावली के ग्यारह दिन बाद जब उनके सकुशल और विजयी होकर लौटने का समाचार पहुँचा, तब एकादशी के दिन सामूहिक रूप से दीपावली मनाई गई। लोकपरम्परा में इसी घटना को इगास बग्वाल के प्रचलन से जोड़ा जाता है। इस दिन गाँवों में लोग भीमल की सूखी डंडियों और चीड़ की छिलकों से भैलो जलाते हैं। सामूहिक स्थल पर भैलो खेला जाता है और मंडाण लगाकर उत्सव मनाया जाता है। यह पर्व सामूहिक उल्लास और लोकएकता का प्रतीक भी है।

कुमाऊँ में बूढ़ दिवाई का एक महत्त्वपूर्ण अनुष्ठान घर से ‘भुइँया’ को बाहर निकालने का है। स्थानीय मान्यता में भुइँया को दुःख, दरिद्रता, रोग और अशुभता का प्रतीक माना जाता है। इसे गाँव के ओखल, सूप अथवा डलिया में गेरू और बिस्वार से चित्रित किया जाता है। प्रातःकाल महिलाएँ सूप में रखी भुइँया को घर के प्रत्येक कमरे से होते हुए आँगन तक लाती हैं। इस दौरान खील बिखेरी जाती है और रीखू यानी गन्ने के डंडे से सूप को पीटते हुए कहा जाता है—“आओ लक्ष्मी बैठो नरैण…भागो भुइँया घर से बाहर।” इसके बाद सूप में रखे दाड़िम और अखरोट के दाने आँगन में तोड़े जाते हैं। तुलसी के थान और ओखल में दीप जलाए जाते हैं। भुइँया को बाहर निकालने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद महिलाएँ घर के कमरों में प्रवेश करते हुए “आओ लक्ष्मी बैठो नरैण” कहती हैं और खील बिखेरती हैं। इस अनुष्ठान का भाव घर से अशुभता को विदा कर सुख-समृद्धि का स्वागत करना है।

इस परम्परा में दीपों का भी विशेष प्रतीकात्मक महत्त्व है। अलक्ष्मी के लिए रखा गया छोटा मिट्टी का दीपक आँगन में ओखली के पास इस तरह छोड़ दिया जाता है कि वह अपने आप बुझ जाए। इसके विपरीत लक्ष्मी और नारायण के लिए रखा गया बड़ा दीपक घर के भीतर उस स्थान पर स्थापित किया जाता है, जहाँ प्रतिदिन पूजा होती है। इस प्रकार एक दीपक अशुभता के विदा होने और दूसरा शुभता के घर में बने रहने का प्रतीक बनता है।

बूढ़ दिवाई के अवसर पर घर के कृषि और घरेलू जीवन से जुड़े उपकरणों को भी विशेष महत्त्व दिया जाता है। पत्थर की ओखली यानी उखल, अनाज पीसने की चक्की, अनाज फटकने वाला सूप और झाड़ू यानी कूची को ऐपण से सजाया जाता है। ये वस्तुएँ कृषक परिवार के दैनिक जीवन और श्रम-संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रही हैं। ऐपण की आकृति में चारों कोनों पर लक्ष्मी के पदचिह्नों के चार जोड़े बनाए जाते हैं। बाहरी सीमाओं पर भी पदचिह्नों और कमल की पत्तियों की आकृतियाँ उकेरी जाती हैं। मुख्य द्वार की देहरी से घर के देवताओं के पूजा-स्थान तक पदचिह्नों के दो जोड़े बनाए जाते हैं, जिन्हें लक्ष्मी और नारायण के घर में प्रवेश का प्रतीक माना जाता है।

हरिबोधनी एकादशी से जुड़ी इगास और बूढ़ दिवाई की परम्पराएँ उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक-संस्कृति के दो विशिष्ट रूप हैं। गढ़वाल में सामूहिक भैलो और मंडाण के माध्यम से जहाँ वीरता, सामूहिकता और उत्सवधर्मिता की स्मृति जीवित रहती है, वहीं कुमाऊँ में ऐपण, दीप, कृषि उपकरणों और भुइँया निष्कासन के अनुष्ठान के माध्यम से घर-परिवार की सुख-समृद्धि की कामना व्यक्त होती है। इन पर्वों में धार्मिक आस्था के साथ लोकजीवन, कृषि-संस्कृति और पारिवारिक परम्पराओं का सुंदर समन्वय दिखाई देता है। यही इन्हें उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान का महत्त्वपूर्ण हिस्सा बनाता है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *