
हरिबोधनी एकादशी यानी ‘बूढ़ दिवाई’ अथवा ‘इगास’
चंद्रशेखर तिवारी
रिसर्च एसोसिएट, दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र, देहरादून
दीपावली के बाद आने वाली कार्तिक शुक्ल एकादशी को हरिबोधनी एकादशी कहा जाता है। उत्तराखण्ड के गढ़वाल अंचल में यह पर्व ‘इगास’ और कुमाऊँ में ‘बूढ़ दिवाई’ अथवा ‘बूढ़ी दिवाली’ के नाम से प्रचलित है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी से चार माह तक क्षीरसागर में योगनिद्रा में रहने के बाद भगवान विष्णु इसी दिन जाग्रत होते हैं। इसी कारण इस एकादशी का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्त्व है। उत्तराखण्ड के दोनों मंडलों में इससे जुड़ी परम्पराएँ अपनी विशिष्ट लोक-मान्यताओं और रीति-रिवाजों के साथ आज भी जीवित हैं।
कुमाऊँ में परम्परागत रूप से दीपावली का पर्व तीन चरणों में मनाया जाता है। शरद पूर्णिमा यानी कोजागरी को छोटी दिवाली के रूप में बाल लक्ष्मी की पूजा की जाती है। इसके बाद कार्तिक अमावस्या को मुख्य दीपावली पर युवा ल...
