भैयादूज पर बंद हुए यमुनोत्री धाम के कपाट, खरसाली रवाना हुई मां यमुना की डोली

Maa Yamuna Yamunotri

 

  • नीरज उत्तराखंडी, यमुनोत्री (उत्तरकाशी)

भैयादूज के पावन पर्व पर बुधवार को विश्वप्रसिद्ध श्री यमुनोत्री धाम के कपाट विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और विशेष पूजा-अर्चना के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया संपन्न हुई। इस अवसर पर धाम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने मां यमुना के जयकारे लगाए और शीतकालीन यात्रा की मंगलकामना की।

Yamunotri Dham

कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली (खुशीमठ) के लिए रवाना हुई। शनिदेव महाराज की अगुवाई में निकली इस पारंपरिक डोली यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। ढोल-दमाऊ की गूंज और मां यमुना के जयकारों से पूरा यमुनोत्री क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

शीतकाल में खरसाली में होंगे मां यमुना के दर्शन

यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद अब श्रद्धालु शीतकाल के दौरान खरसाली स्थित मां यमुना मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे। धार्मिक परंपरा के अनुसार शीतकाल में मां यमुना की पूजा उनके प्रवास स्थल खरसाली में ही की जाती है।

Yamunotri Dham

यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की नियमित चारधाम यात्रा का एक महत्वपूर्ण चरण भी संपन्न हो गया। यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सहयोग देने के लिए प्रशासन एवं पुलिस ने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

उत्तरकाशी पुलिस ने कहा कि शीतकालीन यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। साथ ही आगामी यात्रा सीजन में श्री यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *