
- हिमांतर वेब डेस्क, देहरादून
देहरादून, 05 अक्टूबर 2026। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयुष विभाग और कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) योजना के 332 नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें आयुष विभाग के 271 और ईएसआई योजना के तहत 61 एलोपैथिक फार्मेसी अधिकारी शामिल हैं।
नव नियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्मिकों से सेवाभाव, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष और ईएसआई से जुड़े कार्मिकों का काम सीधे लोगों के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ा है। दूर-दराज से सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने वाले लोग व्यवस्था से उम्मीद लेकर आते हैं। ऐसे में कार्मिकों की संवेदनशीलता, तत्परता और कार्यकुशलता लोगों के भरोसे को मजबूत करती है।

पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां
धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। नकल माफिया के खिलाफ कार्रवाई के साथ कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है और युवाओं को उनकी मेहनत एवं योग्यता के आधार पर अवसर दिए जा रहे हैं।
उत्तराखण्ड को ‘ग्लोबल वेलनेस हब’ बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग, आयुर्वेद और औषधीय जड़ी-बूटियों की समृद्ध परंपरा को देखते हुए सरकार उत्तराखण्ड को मॉडल ‘आयुष प्रदेश’ और ‘ग्लोबल वेलनेस हब’ के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।

प्रदेश में आयुष सेवाओं के विस्तार के साथ पंचकर्म सेवाओं का आधुनिकीकरण और आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्रों की स्थापना की जा रही है। ई-संजीवनी के माध्यम से विशेषज्ञ परामर्श और ‘आयुष सेतु पोर्टल’ जैसी डिजिटल सेवाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। कई होमस्टे को नजदीकी आयुर्वेद चिकित्सालयों की वेलनेस सेवाओं से भी जोड़ा गया है।
सभी 13 जनपदों तक पहुंची ईएसआई योजना
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले छह जनपदों तक सीमित ईएसआई योजना का विस्तार अब उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों में किया जा चुका है। रुद्रपुर में 100 बेड का ईएसआई अस्पताल शुरू हो गया है, जबकि हरिद्वार में 300 बेड के अस्पताल का निर्माण चल रहा है। काशीपुर में भी ईएसआई अस्पताल के लिए भूमि चिन्हित की गई है। इसके अलावा 47 नए चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि नई नियुक्तियों से विभाग की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ प्रदेश में आयुष स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
