
- हिमांतर ब्यूरो, खटीमा
केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने खटीमा स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय के विस्तार एवं सुविधाओं के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से करीब 10 करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले छात्रावास की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा।
उत्तराखंड आदि रंगोत्सव को संबोधित करते हुए ओराम ने कहा कि विद्यालय में 240 बालक और 240 बालिकाओं सहित कुल 480 विद्यार्थियों के अध्ययन की व्यवस्था होगी। उन्होंने विद्यालय के शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार जनजातीय समुदायों के शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1999 में जनजातीय समुदायों के विकास के लिए अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भी जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने उत्तराखंड की थारू, बोक्सा, जौनसारी और राजी सहित विभिन्न जनजातियों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की पहचान और परंपराओं के संरक्षण के साथ उसे विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और आपदा के समय किए गए कार्यों की भी प्रशंसा की।
रंगोत्सव में उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, मिजोरम और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के जनजातीय कलाकारों ने लोकनृत्य, संगीत और पारंपरिक कला की प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, खजान दास सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, जनजातीय प्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
