उत्तराखंड के ‘पूर्ण साक्षर राज्य’ बनने पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने दी बधाई

Dr Dhan Singh Rawat

राज्य ने उल्लास (नव भारत साक्षरता कार्यक्रम) के तहत हासिल की ऐतिहासिक उपलब्धि

  • हिमांतर ब्यूरो, देहरादून

उत्तराखण्ड के ‘पूर्ण साक्षर राज्य’ बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने राज्य सरकार को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने इस उपलब्धि को प्रदेश की सामूहिक प्रतिबद्धता, दूरदर्शी नेतृत्व तथा शिक्षा के प्रति जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजे अपने बधाई संदेश में कहा कि दुर्गम एवं विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद उत्तराखण्ड ने उल्लास (नव भारत साक्षरता कार्यक्रम) के अंतर्गत निर्धारित समय से पूर्व ‘पूर्ण साक्षर राज्य’ का दर्जा प्राप्त कर पूरे देश के लिए प्रेरणादायी मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य सरकार के प्रभावी नेतृत्व, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों तथा प्रदेशवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड ने वयस्क साक्षरता दर 98 प्रतिशत से अधिक दर्ज कर निर्धारित 95 प्रतिशत के राष्ट्रीय मानक से बेहतर प्रदर्शन किया है। यह उपलब्धि न केवल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि अन्य राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के लिए भी अनुकरणीय है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि उल्लास (नव भारत साक्षरता कार्यक्रम) वयस्क शिक्षार्थियों को आधारभूत साक्षरता, जीवनोपयोगी कौशल, डिजिटल साक्षरता तथा निरंतर सीखने के अवसर प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखण्ड सरकार समग्र शिक्षा अभियान के माध्यम से बालवाटिका से लेकर कक्षा 12 तक गुणवत्तापूर्ण, समावेशी एवं नवाचार आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है।

“उत्तराखण्ड को ‘पूर्ण साक्षर राज्य’ का दर्जा प्राप्त होने पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी द्वारा दी गई बधाई हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। हमारा लक्ष्य केवल साक्षरता तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, डिजिटल साक्षरता तथा आजीवन सीखने के अवसर उपलब्ध कराकर उत्तराखण्ड को ज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाना है।”      — डॉ. धन सिंह रावत, विद्यालयी शिक्षा मंत्री, उत्तराखण्ड

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *