मुख्य चुनाव आयुक्त ने हर्षिल में बीएलओ मिंटो देवी के कार्यों को सराहा, कहा- “पूरे देश के लिए प्रेरणा”

Chief Election Commissioner Gyanesh Kumar

गंगोत्री पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त, साधु-संतों से किया संवाद; लोकतांत्रिक भागीदारी की सराहना

  • नीरज उत्तराखंडी | उत्तरकाशी

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार शनिवार को सीमांत जनपद उत्तरकाशी पहुंचे, जहां उन्होंने भारत-चीन सीमा से सटे हर्षिल एवं गंगोत्री धाम में मतदान केंद्रों तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) मिंटो देवी के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि मिंटो देवी जिस दक्षता और प्रतिबद्धता के साथ स्मार्टफोन आधारित बीएलओ ऐप’ का उपयोग कर मतदाता सूची के शुद्धीकरण का कार्य कर रही हैं, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से पारदर्शी, अद्यतन और सटीक मतदाता सूची तैयार करने में उनका योगदान उल्लेखनीय है।

BLO Minto Devi with Chief Election Commissioner Gyanesh Kumar

उन्होंने बताया कि बीएलओ मिंटो देवी मतदाता सूची से अनुपस्थित, मृतक, अन्य स्थानों पर स्थानांतरित, डुप्लीकेट तथा विदेशी नागरिकों के नाम हटाने के साथ-साथ 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नए मतदाताओं के नाम जोड़ने का कार्य भी जिम्मेदारी और तत्परता से कर रही हैं।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि मिंटो देवी जैसे कर्तव्यनिष्ठ बीएलओ को चुनाव आयोग “सलाम” करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि देशभर के बीएलओ उनसे प्रेरणा लेकर तकनीक और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ने गंगोत्री धाम स्थित विशेष मतदान केंद्र का निरीक्षण किया, जहां सभी पंजीकृत मतदाता साधु-संत और संन्यासी हैं। उन्होंने साधु-संतों के साथ संवाद कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी की सराहना की।

Chief Election Commissioner Gyanesh Kumar with Sadhu Sant

उन्होंने कहा कि दुर्गम परिस्थितियों और कड़ाके की ठंड के बावजूद साधु-संतों की लोकतांत्रिक उत्सव में भागीदारी भारतीय लोकतंत्र की विविधता और सशक्तता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने इसे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की एक विशिष्ट पहचान बताया।

इससे पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त ने गंगोत्री मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम, संयुक्त सचिव निर्वाचन किशन सिंह नेगी, एडीएम मुक्ता मिश्र, एसडीएम शालिनी नेगी, जिला शिक्षा अधिकारी शैलेन्द्र अमोली, महाप्रबंधक उद्योग शैली डबराल, सीओ जनक पंवार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा एवं जय पंवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *