
- नीरज उत्तराखंडी, मोरी/उत्तरकाशी
उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने रविवार को फ़िताड़ी गांव पहुंचकर हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों से मुलाक़ात की। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों का हालचाल जाना और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
कैबिनेट मंत्री ने प्रभावित परिवारों के घरों का निरीक्षण किया और आग से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

इस दौरान मंत्री ने अग्निकांड से प्रभावित 14 परिवारों को गोट वैली प्रोजेक्ट से जोड़ने की घोषणा की। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि बकरियों के वितरण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाए, ताकि प्रभावित परिवारों की आजीविका को मजबूत किया जा सके और उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं कैबिनेट मंत्री के सामने रखीं, जिनमें मुआवज़ा, पुनर्वास और भविष्य में ऐसी घटनाओं से सुरक्षा के उपाय प्रमुख रहे। मंत्री ने सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का भरोसा दिया।
इस अवसर पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, एसडीएम मुकेश चंद रमोला, सीवीओ एच.एस. बिष्ट, पूर्व विधायक मालचंद, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बच्चन सिंह पंवार, भाजपा नेता सतेंद्र सिंह राणा, बलबीर राणा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
