
किसान ऋण मेले का भव्य आयोजन, 40 नए कृषक सदस्य जुड़े, 38 पुराने कृषक समूह पुनः सक्रिय
- हिमांतर संवाददाता, उत्तरकाशी/डुंडा
उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक लिमिटेड एवं सहकारिता विभाग उत्तरकाशी के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को विकासखंड डुंडा कार्यालय परिसर में किसान ऋण मेला-2026 का भव्य आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न ऋण योजनाओं के अंतर्गत 90 कृषकों एवं लाभार्थियों को कुल 79.78 लाख रुपये के ऋण चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री एवं लघु सिंचाई सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष जगत सिंह चौहान तथा विशिष्ट अतिथि डुंडा विकासखंड प्रमुख राजदीप सिंह परमार की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष शारदा राणा ने की।
इस अवसर पर बैंक के उपाध्यक्ष हरिमोहन चंद, लोकेन्द्र सिंह बिष्ट, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं टिहरी गढ़वाल के सह प्रभारी सतेन्द्र राणा, राष्ट्रीय आवास संघ के निदेशक विजय संतरी, बैंक निदेशक दिनेश लाल तथा प्रोफेशनल निदेशक नितीश रमोला सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
किसान ऋण मेले का मुख्य उद्देश्य लघु एवं सीमांत किसानों, उद्यमियों तथा स्वरोजगार से जुड़े लोगों को बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें सरल एवं सुलभ वित्तीय सुविधाओं से जोड़ना था। इस दौरान किसानों को सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं बीमा सुविधाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बैंक अध्यक्ष शारदा राणा ने कहा कि सहकारी बैंक का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि किसानों, व्यापारियों, युवाओं और आम नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है। उन्होंने कहा कि बैंक ऋण वितरण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने तथा स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने में सहकारी बैंकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मेले में बैंक की विभिन्न योजनाओं के तहत 90 लाभार्थियों को 79.78 लाख रुपये के ऋण चेक वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त 40 नए कृषक सदस्यों को बैंक से जोड़ा गया तथा 38 पुराने कृषक समूहों को पुनः सक्रिय किया गया। वहीं, 20 कृषकों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से जोड़ा गया।
डुंडा विकासखंड प्रमुख राजदीप सिंह परमार ने जिला सहकारी बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के ऋण मेले किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने किसानों से बैंक की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला सहायक निबंधक, बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक, सहकारिता विभाग तथा बैंक के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कृषक सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर बैंक अध्यक्ष शारदा राणा ने सभी अतिथियों, किसानों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए बैंक की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं ऋण योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उत्तरकाशी
