
उद्घाटन मैच में ज़ाकिर हुसैन दिल्ली कॉलेज (संध्या) की रोमांचक जीत, दूसरे मुकाबले में
मेजबान पीजीडीएवी कॉलेज (प्रातः) ने दर्ज की शानदार विजय
- हिमांतर ब्यूरो, नई दिल्ली
दिल्ली विश्वविद्यालय के पीजीडीएवी कॉलेज (प्रातः) (PGDAV College (Morning) में आज द्वितीय स्वामी दयानंद सरस्वती इंटर कॉलेज टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट–2026 का भव्य शुभारंभ हुआ. उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रोफेसर एन. के. कक्कड़ (पूर्व डूटा अध्यक्ष एवं एडवाइजर, महाराजा अग्रसेन विश्वविद्यालय, बड्डी), विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रोफेसर वी. एस. नेगी (डूटा अध्यक्ष) तथा कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर दरविंदर कुमार उपस्थित रहे.
समारोह में वक्ताओं ने शिक्षकों के जीवन में खेलों की महत्ता, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आपसी सौहार्द की भावना को बढ़ावा देने पर बल दिया.

टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच शहीद भगत सिंह कॉलेज (संध्या) (Shaheed Bhagat Singh College (Evening) और ज़ाकिर हुसैन दिल्ली कॉलेज (संध्या) (Zakir Husain Delhi College (Evening)) के बीच खेला गया. टॉस जीतकर शहीद भगत सिंह कॉलेज (संध्या) ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 195/3 रन बनाए. जवाब में ज़ाकिर हुसैन दिल्ली कॉलेज (संध्या) की टीम ने 17 ओवर में 196/7 रन बनाकर 3 विकेट से रोमांचक जीत हासिल की. मुमताज़ भट्टी ने 132 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि हिमांशु ने 5 विकेट लेकर मैच को रोमांचक बना दिया.

दिन का दूसरा मुकाबला पीजीडीएवी कॉलेज (प्रातः) (PGDAV College (Morning)) और शिवाजी कॉलेज (Shivaji College) के बीच हुआ. शिवाजी कॉलेज ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 151/9 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करते हुए पीजीडीएवी कॉलेज (प्रातः) ने 12.3 ओवर में 154/2 रन बनाकर 8 विकेट से प्रभावशाली जीत दर्ज की. योगेश कुमार मीणा (79 रन) और चेन सिंह मीणा (51 रन) की आक्रामक बल्लेबाज़ी निर्णायक रही. गेंदबाज़ी में चंद्रजीत सिंह ने 4 विकेट, डॉ. गौरव कुमार और पवन ने 2-2 विकेट तथा डॉ. संदीप कुमार रंजन ने 1 विकेट लेकर महत्वपूर्ण योगदान दिया.

उद्घाटन दिवस के मुकाबलों ने टूर्नामेंट के उच्च स्तर और शिक्षकों की खेल प्रतिभा को प्रदर्शित किया. आयोजकों ने उम्मीद जताई कि यह आयोजन शिक्षकों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, सौहार्द और शारीरिक-मानसिक सुदृढ़ता को प्रोत्साहित करेगा. आगामी दिनों में और भी रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद है.
